आंधी और बारिश के लिए हो जाए तैयार, Delhi-NCR को लेकर IMD का अलर्ट; जानें 3 मई को कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली में 3 और 4 मई को बारिश को लेकर येलो अलर्ट घोषित किया गया है. मौसम विभाग के अनुसार, इन दिनों राजधानी में बादल छाए रहेंगे, हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है और तेज हवाएं चलने की संभावना है.
Delhi-NCR Weather
देशभर में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है. भीषण गर्मी के बीच अब कई राज्यों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं का दौर लौटने वाला है. राजधानी दिल्ली सहित उत्तर भारत के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलता दिख रहा है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों के लिए कई राज्यों में अलर्ट जारी किया है.
दिल्ली में 3 और 4 मई को बारिश को लेकर येलो अलर्ट घोषित किया गया है. मौसम विभाग के अनुसार, इन दिनों राजधानी में बादल छाए रहेंगे, हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है और तेज हवाएं चलने की संभावना है. तापमान में भी हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे मौसम सुहावना बने रहने की उम्मीद है.
दिल्ली में कैसा रहेगा आज मौसम?
IMD के मुताबिक, 3 मई को दिल्ली का अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. आसमान में बादल छाए रहेंगे और बीच-बीच में बारिश होने की संभावना है.
पहाड़ी राज्यों में कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में भी मौसम सक्रिय बना हुआ है. जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 3 से 8 मई के बीच हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है. ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है. 4 और 5 मई को कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है.
पंजाब, हरियाणा में कैसा रहेगा मौसम?
पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 3 से 6 मई के बीच मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. हवाओं की रफ्तार 30 से 50 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है, जबकि 4 और 5 मई को कुछ स्थानों पर यह गति 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
बाकी राज्यों का कैसा हाल?
राजस्थान में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है. जयपुर सहित कई जिलों में बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है. मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्र में 3 से 6 मई के बीच मौसम सक्रिय रहेगा. इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है.
दक्षिण भारत के केरल राज्य में भारी बारिश का दौर जारी है. ओडिशा में बारिश ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी है, वहीं कुछ इलाकों में आंधी के कारण फसलों और कच्चे मकानों को नुकसान भी पहुंचा है.




