पत्नी अफसर और पत्नी की बहन भी IAS अधिकारी, कौन हैं दोनों जिनसे परेशान होकर जज अमन कुमार शर्मा ने कर लिया सुसाइड
दिल्ली के ग्रीन पार्क एक्सटेंशन इलाके में जज अमन शर्मा ने सुसाइड कर लिया. अफसर पत्नी और IAS साली से परेशान होकर उन्होंने ये कदम उठाया.
judge aman sharma
दिल्ली के ग्रीन पार्क एक्सटेंशन इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां जज के पद पर तैनात अमन कुमार शर्मा ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. इस घटना ने न केवल स्थानीय इलाके बल्कि न्यायिक और प्रशासनिक हलकों में भी हलचल मचा दी है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, उन्होंने शुक्रवार रात अपने कमरे में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया. कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. परिजनों को सूचित कर दिया गया, जो बाद में दिल्ली पहुंचे और अंतिम संस्कार के लिए शव को अपने जिले राजस्थान के अलवर ले गए. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
किनसे परेशान थे जज अमन शर्मा?
अमन शर्मा के रिश्तेदार राजेश शर्मा का दावा है कि वह अपनी पत्नी स्वाति और साली आईएएस अधिकारी निधि मलिक के कारण मानसिक रूप से परेशान थे. अमन शर्मा की पत्नी स्वाति न्यायिक सेवा में कार्यरत हैं, जबकि उनकी साली निधि मलिक एक आईएएस अधिकारी हैं और वर्तमान में जम्मू में तैनात हैं. आरोप है कि निधि मलिक का अमन के निजी जीवन में हस्तक्षेप था, जिससे पारिवारिक तनाव और बढ़ा.
फोन पर पिता से क्या हुई बात?
रिश्तेदारों के अनुसार, घटना से पहले अमन शर्मा ने अपने पिता को फोन कर कहा था, "मैं बहुत परेशान हूं, मेरा जीना मुश्किल हो गया है." इसके बाद उनके पिता अलवर से दिल्ली आए और उन्हें समझाने का प्रयास किया. इस दौरान अमन की पत्नी और उनके पिता के बीच भी तनावपूर्ण स्थिति बनी.
आरोप है कि अमन की पत्नी ने उनके पिता को घर छोड़ने के लिए कहा और पुलिस बुलाने की चेतावनी दी. इसी बीच पति-पत्नी के बीच विवाद और बढ़ गया. जानकारी के अनुसार, विवाद के बाद अमन कुमार शर्मा बाथरूम में गए, जहां उन्होंने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.
कहां के रहने वाले थे अमन शर्मा?
अमन शर्मा मूल रूप से राजस्थान के अलवर जिले के निवासी थे. पुलिस की सूचना मिलने पर उनके परिजन दिल्ली पहुंचे और पोस्टमार्टम के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए अलवर ले जाया गया. फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. आत्महत्या के पीछे की असली वजहों का पता लगाने के लिए सभी संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है.




