Begin typing your search...

नारियल में पानी नहीं निकला तो चल गया लाठी-डंडा, 10 लोग गंभीर रूप से हुए घायल; 30 से ज्यादा लोगों पर FIR

रोहतास के बभनी बाजार में नारियल को लेकर हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें 10 लोग घायल हो गए. पुलिस ने अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और 30 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.

rohtas bihar nariyal vivad marpeet 10 ghayal 6 giraftar
X
( Image Source:  AI Sora )
रूपाली राय
Edited By: रूपाली राय3 Mins Read

Published on: 26 March 2026 2:18 PM

बिहार के रोहतास जिले में एक छोटी-सी बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के बीच लाठियों-डंडों की लड़ाई हो गई और 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. यह घटना सासाराम के करगहर थाना क्षेत्र के बभनी बाजार में मंगलवार की शाम को हुई. दरअसल मामला एक नारियल का था. बभनी गांव के रहने वाले शिवाजी सिंह की दुकान से उसी गांव का मनीष कुमार सिंह ने एक नारियल पानी वाला नारियल खरीदा और घर ले गया.

अगले दिन मनीष कुमार सिंह उसी नारियल को लेकर शिवाजी सिंह की दुकान पर वापस आया और गुस्से में शिकायत करने लगा कि 'इस नारियल में पानी बिल्कुल नहीं था, इसलिए मेरा पैसा वापस कर दो.' शुरू में दोनों के बीच सिर्फ़ बहस हुई. एक-दूसरे पर आरोप लगाने लगे, फिर बात गाली-गलौज तक पहुंच गई.

10 लोग गंभीर रूप से घायल

मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के रिश्तेदार और गांव वाले भी इसमें शामिल हो गए. जल्दी ही बहस झगड़े में बदल गई और दोनों तरफ से लाठियां और डंडे चलने लगे. इस हिंसक झड़प में कुल 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों में शिवाजी सिंह पक्ष के संजय सिंह, मुकेश कुमार सिंह, शिवाजी सिंह, राजेश कुमार सिंह और दूसरे पक्ष के प्रिंस कुमार, सुदर्शन सिंह, आशा देवी, निर्भय कुमार सिंह, बजरंगी सिंह आदि शामिल हैं. सभी घायलों को सबसे पहले स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया.

छह लोग के गिरफ्तार

वहां डॉक्टरों ने चार लोगों की हालत काफी गंभीर देखी, इसलिए उन्हें बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल में रेफर कर दिया गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कराई है. पुलिस ने अब तक कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया है. इनमें शिवाजी सिंह पक्ष के राजेश महतो (पिता कामेश्वर सिंह), विक्की कुमार और विवेक कुमार (दोनों पिता शिवजी सिंह) तथा दूसरे पक्ष के प्रिंस कुमार, निर्भय कुमार और बजरंगी कुमार (तीनों पिता सुदर्शन सिंह) शामिल हैं.

30 लोगों के खिलाफ FIR

इन सभी को बुधवार को अदालत में पेश किया गया. बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों की तरफ से कुल 30 लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट लिखाई गई है. पुलिस बाकी बचे आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं. एक मामूली नारियल पानी की शिकायत इतनी बढ़ गई कि पूरे बाजार में मारपीट का माहौल बन गया. इस घटना ने इलाके में काफी तनाव पैदा कर दिया है. पुलिस दोनों पक्षों को समझाने और आगे कोई अनहोनी रोकने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है.

अगला लेख