Begin typing your search...

क्या है गौरव गोगोई का पाकिस्तान कनेक्शन? सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने किया बड़ा खुलासा

कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई के कथित पाकिस्तान संबंधों को लेकर लगातार सियासी घमासान मचा हुआ है. इसको लेकर सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने बड़ा खुलासा किया है.

Himanta Biswa Sarma statement Gaurav Gogoi Pakistan link
X

Himanta Biswa Sarma

( Image Source:  X/ @CommonBS786OM )
विशाल पुंडीर
Edited By: विशाल पुंडीर

Published on: 8 Feb 2026 2:27 PM

असम की राजनीति में एक बार फिर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई के कथित पाकिस्तान संबंधों को लेकर लगातार सियासी घमासान मचा हुआ है. इस मामले को लेकर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने तीखे बयान देते हुए कई गंभीर आरोप लगाए हैं, जिससे यह मुद्दा अब राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बनता जा रहा है.

मुख्यमंत्री सरमा ने दावा किया है कि गौरव गोगोई से जुड़ी एक तस्वीर, जिसमें वे कुछ युवाओं को पाकिस्तान के दूतावास ले जाते दिख रहे हैं, महज एक संयोग नहीं बल्कि गहरी जांच का विषय है. उन्होंने साफ संकेत दिए हैं कि यह मामला अब गृह मंत्रालय तक पहुंचाया जाएगा.

किस वायरल तस्वीर का किया जिक्र?

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने पूरे विवाद की पृष्ठभूमि बताते हुए कहा कि “मैं असम में निवेश के प्रस्ताव के साथ सिंगापुर में था. उसी दौरान एक तस्वीर वायरल हुई, जिसमें गौरव गोगोई कुछ युवाओं को पाकिस्तानी दूतावास में ले जाते हुए दिख रहे थे.” उन्होंने बताया कि उस समय अब्दुल बासित, भारत में पाकिस्तान के उच्चायुक्त थे. सरमा के मुताबिक “एक तरह से उन्होंने पाकिस्तान को वैधता प्रदान करने का प्रयास किया.”

कारगिल युद्ध का क्यों किया जिक्र?

मुख्यमंत्री ने इस मामले को कारगिल युद्ध की पृष्ठभूमि से जोड़ते हुए देश की भावनाओं का हवाला दिया. उन्होंने कहा “अगर आप इस तस्वीर को कारगिल युद्ध की पृष्ठभूमि में देखें, तो असम के कैप्टन जिंटू गोगोई ने देश के लिए अपने प्राणों की आहुति दी थी. कई अन्य लोगों ने भी बलिदान दिया.” उन्होंने आगे कहा कि पाकिस्तान के साथ भारत के संबंध और ऑपरेशन सिंदूर के दौरान देश की जनता ने प्रधानमंत्री के साथ जिस तरह मजबूती से खड़े होकर समर्थन दिया, वह राष्ट्र की भावना को दर्शाता है.

हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि शुरुआत में उन्हें खुद यह तस्वीर फर्जी लगी थी. उन्होंने कहा कि “लंबे समय तक मुझे लगा कि तस्वीर फोटोशॉप की गई है, लेकिन दो-तीन दिन बाद कांग्रेस के लोग ही इसका समर्थन करने लगे। तभी मुझे एहसास हुआ कि तस्वीर असली है.” इसके बाद सरकार ने मामले की गहन जांच शुरू की.

किन 3 लोगों के नाम आए सामने?

हिमंत बिस्वा सरमा ने एलान किया कि गौरव गोगोई के कथित पाकिस्तान संबंधों का मामला अब केंद्रीय गृह मंत्रालय को सौंपा जाएगा. उन्होंने बताया कि जांच में तीन मुख्य लोग सामने आए हैं. जिसमें सांसद गौरव गोगोई. उनकी ब्रिटिश पत्नी एलिजाबेथ कोलबर्न और पाकिस्तानी नागरिक अली तौकीर शेख. अब आने वाले दिनों में यह मामला और ज्यादा तूल पकड़ सकता है.

असम न्‍यूज
अगला लेख