प्रोप्राइटर शाकिर पर पुलिस का शिकंजा, दो गिरफ्तार; सूरजकुंड मेला हादसे के बड़े अपडेट
सूरजकुंड मेला हादसे में 2 लोगों की गिरफ्तारी हुई है और साथ ही सरकार ने शहीद पुलिसकर्मी के परिवार को 1 करोड़ रुपये और परिवार के एक मेंबर को सरकारी नौकरी देने का ऐलान किया है.
Surajkund Mela Accident: हरियाणा के फरीदाबाद स्थित सूरजकुंड मेले में हुए दर्दनाक हादसे ने प्रशासन और आम लोगों को झकझोर कर रख दिया है. झूला गिरने की इस घटना में एक पुलिस अधिकारी की जान चली गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं. मामले में अब जांच तेज कर दी गई है और इस मामले में बड़े अपडेट्स सामने आ रहे हैं.
दरअसल, शनिवार को सूरजकुंड मेले में लगे 'सुनामी झूले' के गिरने से बड़ा हादसा हुआ था. झूले पर उस समय 18 लोग सवार थे. जिस वक्स झूला नीचे आ रहा था उसी कक्त वह गिर गया. हादसे में इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हुए.
हादसे का वीडियो आया सामने
घटना का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें झूले के गिरते ही मेले में अफरा-तफरी मचती दिख रही है. झूला गिरने के बाद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए.
क्या हुई पुलिस की कार्रवाई?
सूरजकुंड थाना पुलिस ने हिमाचल फन फेयर के प्रोप्राइटर मोहम्मद शाकिर और उसके स्टाफ के खिलाफ लापरवाही के आरोप में मामला दर्ज किया है. हादसे के बाद झूला परिसर को तत्काल बंद करा दिया गया. इसके साथ ही झूले के मालिक समेत दो लोगों की गिरफ्तारी भी की जा चुकी है.
शहीद का दर्जा और मुआवजा
हादसे में जान गंवाने वाले इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद का पोस्टमॉर्टम बीके अस्पताल में कराया गया. इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. DGP अजय सिंघल ने उन्हें शहीद का दर्जा देने का ऐलान किया गया है. इसके साथ ही परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाएगी.
SIT का गठन
फरीदाबाद पुलिस कमिश्नर सत्येंद्र कुमार गुप्ता ने मामले की जांच के लिए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) का गठन किया है. ACP वरुण दाहिया को SIT का इंचार्ज बनाया गया है. टीम में फरीदाबाद क्राइम ब्रांच NIT और सूरजकुंड थाना के सब-इंस्पेक्टर को शामिल किया गया है.
सरकारी जांच कमेटी भी सक्रिय
इसके साथ ही हरियाणा सरकार की ओर से ADC की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित की गई है, जो पूरे मामले की जांच करेगी.
क्या है घायलों की कंडीशन?
सभी घायल स्थिर बताए जा रहे हैं. इलाज के बाद पांच घायलों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है. DGP ने अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात की और उनका हाल जाना.
हरियाणा पर्यटन निगम लिमिटेड के निदेशक पार्थ गुप्ता का कहना है कि सरकार सभी पीड़ितों का इलाज का खर्च उठा रही है. मुख्यमंत्री पीड़ितों के मुआवजे का ऐलान करेंगे. सभी झूलों की सुरक्षा के उपाय नियमित रूप से किए जा रहे थे. इस मामले की जांच के लिए एडीसी स्तर की एक समिति गठित की गई है. मनोरंजन पार्क को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया है."





