Begin typing your search...

‘छक्का मारो, IPL में ले जाऊंगा’, Yashasvi Jaiswal के इतना बोलते ही आउट हो गए Niroshan Dickwella- अब वीडियो हो रहा वायरल

गाले टेस्ट में यशस्वी जायसवाल ने श्रीलंका के विकेटकीपर बल्लेबाज निरोशन डिकवेला को मजाकिया अंदाज में छक्का मारने के लिए उकसाया और कहा कि छक्का लगाओगे तो IPL में ले जाऊंगा. इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

Yashasvi Jaiswal Niroshan Dickwella viral video
X

 

( Image Source:  x.com/SonySportsNetwk )

Yashasvi Jaiswal Niroshan Dickwella viral video: भारत ने गाले में खेले गए पहले टेस्ट मैच में श्रीलंका को 165 रनों से हरा दिया. हालांकि, इस बीच मैदान पर हल्की-फुल्की नोकझोंक भी देखने को मिली. भारत के युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने श्रीलंका के विकेटकीपर-बल्लेबाज निरोशन डिकवेला को कुछ इस अंदाज में उकसाया कि दोनों के बीच हुई बातचीत ने मुकाबले के तनावपूर्ण माहौल में मनोरंजन का रंग भर दिया. खास बात यह रही कि जायसवाल की बात खत्म होने के कुछ ही देर बाद डिकवेला अपना विकेट गंवा बैठे.

श्रीलंका की टीम पांचवें दिन अपनी दूसरी पारी में भारत के सामने संघर्ष कर रही थी. मेजबान टीम के लिए मुकाबले को बचाना बेहद मुश्किल होता जा रहा था, लेकिन उसके बल्लेबाजों ने उम्मीद से कहीं ज्यादा देर तक भारतीय गेंदबाजों को परेशान किया. ऐसे में भारत को हर विकेट के लिए मेहनत करनी पड़ रही थी. इसी दौरान रवींद्र जडेजा ने धनंजय डी सिल्वा की जुझारू पारी का अंत किया.

डिकवेला के क्रीज पर आते ही जायसवाल ने शुरू कर दी बातचीत

धनंजय के आउट होने के बाद निरोशन डिकवेला बल्लेबाजी के लिए मैदान पर पहुंचे. श्रीलंका को उस समय अपने निचले क्रम से भी ज्यादा से ज्यादा समय तक क्रीज पर टिके रहने की उम्मीद थी, लेकिन डिकवेला के क्रीज पर आते ही यशस्वी जायसवाल ने उनसे बातचीत शुरू कर दी. जायसवाल ने मजाकिया अंदाज में डिकवेला को चुनौती देते हुए कहा कि पहली पारी में उन्होंने काफी शॉट खेले थे और अब भी कुछ ऐसा ही देखने को मिलना चाहिए. इसके बाद जायसवाल ने उन्हें लेग साइड में, खासकर डीप स्क्वायर लेग की दिशा में छक्का लगाने के लिए उकसाया.

जायसवाल ने कहा, “Come on yaar, there was a lot of shots in first innings. We need to see something, come on.” इसके बाद उन्होंने डिकवेला को और उकसाते हुए कहा कि वह शॉट खेलें और दिखाएं कि वह क्या कर सकते हैं. जायसवाल ने मैदान की तरफ इशारा करते हुए कहा, “Hit him there, come on. Why not?”

डिकवेला ने हालांकि इस चुनौती को तुरंत स्वीकार नहीं किया. उन्होंने शांत अंदाज में जवाब दिया कि इसकी जरूरत नहीं है. इसके साथ ही उन्होंने मजाक में जायसवाल के सामने अपनी शर्त रख दी. डिकवेला ने कहा, “No requirement. Take me to IPL, then I’ll hit.”

डिकवेला का यह जवाब सुनकर जायसवाल भी पीछे हटने वाले नहीं थे. उन्होंने तुरंत कहा कि वह उन्हें IPL में ले जाएंगे और इसके लिए 100 प्रतिशत तैयार हैं. जायसवाल ने कहा, “We will, we will. 100%. Come on, hit him a six, I’ll take you to the IPL.” इस पर डिकवेला ने मुस्कुराते हुए सिर्फ 'Thank you' कहा. मैदान पर हुई यह बातचीत देखने में भले ही सामान्य मजाक और क्रिकेटरों के बीच होने वाली नोकझोंक जैसी थी, लेकिन इसके तुरंत बाद कहानी ने दिलचस्प मोड़ ले लिया.

कृष्णा की शॉर्ट गेंदों ने बढ़ाया दबाव

डिकवेला के सामने प्रसिद्ध कृष्णा गेंदबाजी कर रहे थे. कृष्णा ने शॉर्ट गेंदों का इस्तेमाल करते हुए श्रीलंकाई बल्लेबाज को परेशानी में डालने की कोशिश की. डिकवेला ने भी गेंदबाज पर हमला करने का फैसला किया और जायसवाल की चुनौती के बाद आक्रामक शॉट खेलने की कोशिश की... लेकिन उनका यह प्रयास सफल नहीं हुआ. शॉर्ट गेंद पर डिकवेला ने बल्ला लगाया और गेंद सीधे विकेटकीपर ऋषभ पंत के दस्तानों में चली गई. पंत ने कैच पूरा किया और डिकवेला की पारी का अंत हो गया. डिकवेला सिर्फ 10 रन बनाकर पवेलियन लौट गए.

इस तरह जायसवाल और डिकवेला के बीच हुई बातचीत के कुछ ही समय बाद श्रीलंका ने एक और महत्वपूर्ण विकेट गंवा दिया. जायसवाल का ‘छक्का मारो, IPL में ले जाऊंगा’ वाला मजाकिया ऑफर अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया.

मजाक से शुरू हुई बात, विकेट पर जाकर खत्म हुई

क्रिकेट में मैदान पर खिलाड़ियों के बीच इस तरह की बातचीत कोई नई बात नहीं है. बल्लेबाज और फील्डर अक्सर एक-दूसरे को मानसिक दबाव में लाने या मजाक करने की कोशिश करते हैं। लेकिन गाले में जायसवाल और डिकवेला के बीच हुई बातचीत इसलिए खास बन गई क्योंकि इसके तुरंत बाद डिकवेला आक्रामक शॉट खेलने की कोशिश में अपना विकेट गंवा बैठे. जायसवाल ने उन्हें छक्का मारने के लिए कहा था और बदले में IPL में जगह दिलाने का मजाकिया वादा किया था. डिकवेला ने भी उसी अंदाज में जवाब दिया था। लेकिन जब कृष्णा ने शॉर्ट गेंदों से उन्हें चुनौती दी तो डिकवेला उस दबाव से बाहर नहीं निकल सके. नतीजा सामने था- 10 रन और विकेट.

जायसवाल की बात भले ही मजाक में कही गई थी, लेकिन डिकवेला के आउट होने के बाद मैदान पर वह पल और भी यादगार बन गया. एक तरफ भारत ने श्रीलंका के खिलाफ जीत दर्ज की तो दूसरी तरफ जायसवाल की चुटकी और डिकवेला का जवाब मैच के उन दिलचस्प पलों में शामिल हो गया, जिनकी चर्चा मुकाबले के बाद भी होती रही.

क्रिकेट न्‍यूज
अगला लेख