हंसी-मजाक से शुरूआत, फिर पर्सनल कमेंट तक पहुंची बात... गाले टेस्ट में कमेंट्री के दौरान क्यों भिड़े संजय मांजरेकर और कार्तिक? देखें वीडियो
गाले टेस्ट के चौथे दिन कमेंट्री के दौरान संजय मांजरेकर और मुरली कार्तिक की मजाकिया बातचीत एकदम से पर्सनल कमेंट तक पहुंच गई. इस दौरान दोनों ने एक-दूसरे पर्सनल कमेंट किए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
Sanjay Manjrekar and Murali Kartik clash video
Sri Lanka vs India 1st Test: टीम इंडिया इन दिनों श्रीलंका के दौरै पर है, जहां दोनों टीमों के बीच 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला गाले में खेला जा रहा है. मैच में टीम इंडिया की पकड़ काफी मजबूत दिखाई दे रही है. चौथे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने श्रीलंका को 4 बड़े झटके दे दिए थे, अब टीम इंडिया को जीत के लिए पांचवें दिन 6 विकेट चाहिए.
वहीं चौथे दिन मैदान के बाहर कमेंट्री बॉक्स में भारतीय कमेंटेटर्स की थोड़ी नोकझोंक देखने को मिली. दरअसल कमेंट्री बॉक्स में संजय मांजरेकर और मुरली कार्तिक के बीच हंसी-मजाक से शुरू हुई बातचीत अचानक पर्सनल कमेंट में बदल गई और दोनों एक-दूसरे पर मजाक-मजाक में कमेंट करते दिखाई दिए. जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है.
कैसे शुरू हुई नोकझोंक?
गाले टेस्ट के चौथे दिन कमेंट्री बॉक्स में मुरली कार्तिक, अजिंक्य रहाणे और संजय मांजरेकर के बीच क्रिकेट से जुड़ी चर्चा चल रही थी. इसी दौरान कार्तिक ने मांजरेकर के चेहरे के भाव और बोलने के अंदाज पर मजाकिया टिप्पणी की. कार्तिक ने कहा "हम सभी की तरफ से एक गुजारिश है. आपका सेंचुरी वाला पाउट बहुत मशहूर है, लेकिन इस पाउट के चक्कर में आप क्या कह रहे हैं समझ ही नहीं आता. पाउट को थोड़ा कम करिए."
पलटवार करते हुए मांजरेकर ने क्या बोला?
मुरली कार्तिक की टिप्पणी के बाद संजय मांजरेकर ने भी पलटवार किया. मांजरेकर ने कहा "ये बहुत ही खराब था. क्या स्क्रीन को स्प्लिट करके कैमरा दूसरे साथी पर शिफ्ट हो सकता है? क्योंकि उनसे बात करना ज्यादा अच्छा है और उनका चेहरा भी काफी खुशनुमा है." इसके बाद मांजरेकर ने कार्तिक के लुक को लेकर कहा कि "मुझे यह सोचकर हैरानी होती है कि मुरली कार्तिक शीशे में खुद को देखकर अपनी ही आवाज में कहते होंगे-सुपरब."
फिर दोबारा क्या बोले कार्तिक?
मुरली कार्तिक ने मांजरेकर की टिप्पणी का जवाब देते हुए कहा "मैं खुद कभी नहीं देखता. यह काम आप करते हैं. जो भी आपको जानता है, जिसने आपके साथ खेला या काम किया है, वह सब जानता है." इस जवाब के बाद दोनों के बीच बातचीत का माहौल पहले के मुकाबले ज्यादा पर्सनल नजर आने लगा. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर भी इसी वजह से चर्चा तेज हो गई.
कैसे अंत में मांजरेकर ने संभाला मामला?
जब बातचीत कुछ ज्यादा पर्सनल होने लगी तो संजय मांजरेकर ने खुद ही माहौल हल्का करने की कोशिश की. उन्होंने अपनी टिप्पणी को आगे बढ़ाते हुए कहा "मेरे पास शीशे में खुद को देखने का कारण है. आपके लिए मैं समझ सकता हूं कि आप शीशे में क्या ही देखोगे. आपके लिए ये कोई खास मोटिवेटिंग काम नहीं है. खैर, हम दोनों ही अपनी हदें पार कर रहे हैं."
कैसा रहा था चौथे दिन का खेल?
चौथे दिन टीम इंडिया 193 रनों पर सिमट गई थी. टीम इंडिया की तरफ से दूसरी पारी में चौथे दिन ऋषभ पंत ने सबसे ज्यादा 66 रनों की पारी खेली थी, इसके देवदत्त पड्डिकल ने 44 रन बनाए थे. टीम इंडिया ने श्रीलंका के सामने जीत के लिए 372 रनों का लक्ष्य रखा. जिसके जवाब में चौथे दिन श्रीलंका की टीम 84 रनों पर 4 विकेट गंवा बैठी थी. वहीं अब पांचवें दिन जहां एक तरफ श्रीलंका को जीत के लिए 288 रन बनाने हैं तो वहीं टीम इंडिया के 6 विकेट चटकाने हैं.




