IND W vs PAK W के बीच वर्ल्ड कप की भिड़ंत आज, FAQ से जानें कब, कहां देख सकते हैं मैच; कैसा है रिकॉर्ड
महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम अपने अभियान की शुरुआत सबसे बड़े मुकाबलों में से एक के साथ करने जा रही है. रविवार को बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होंगे. क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें इस हाई-वोल्टेज मुकाबले पर टिकी हैं
IND W vs PAK W match
Women'S T20 World Cup 2026: महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम अपने अभियान की शुरुआत सबसे बड़े मुकाबलों में से एक के साथ करने जा रही है. रविवार (14 जून) को बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होंगे. क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें इस हाई-वोल्टेज मुकाबले पर टिकी हैं, जहां दोनों टीमें टूर्नामेंट में जीत के साथ शुरुआत करने का लक्ष्य लेकर उतरेंगी.
पिछले साल वनडे वर्ल्ड कप जीतकर लंबे समय से चले आ रहे आईसीसी ट्रॉफी के इंतजार को खत्म करने वाली भारतीय टीम अब टी20 प्रारूप में भी इतिहास रचने की तैयारी में है. कप्तान हरमनप्रीत कौर और उपकप्तान स्मृति मंधाना की अगुआई में टीम इंडिया इस बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी.
मैच से जुड़े कुछ अहम सवालों के जवाब
भारत अब तक महिला टी20 वर्ल्ड कप में पांच बार सेमीफाइनल और एक बार फाइनल तक पहुंच चुका है, लेकिन टीम अभी तक खिताब नहीं जीत सकी है. ऐसे में इस बार ट्रॉफी जीतना टीम का सबसे बड़ा लक्ष्य होगा.
टूर्नामेंट से पहले भारतीय टीम का प्रदर्शन कुछ खास स्थिर नहीं रहा है. टीम को दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में हार का सामना करना पड़ा. वहीं दो अभ्यास मैचों में से केवल एक मुकाबले में जीत मिली.
पाकिस्तान की महिला टीम भी हालिया टी20 मुकाबलों में संघर्ष करती नजर आई है. टीम ने अपने पिछले पांच टी20 मैचों में सिर्फ एक जीत दर्ज की है, जिससे उसकी फॉर्म पर सवाल खड़े हुए हैं.
दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 16 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं. इनमें भारत ने 13 मैचों में जीत हासिल की है, जबकि पाकिस्तान केवल 3 मुकाबले जीत सका है.
महिला टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत का पलड़ा पाकिस्तान पर भारी रहा है. भारत ने इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान को छह बार हराया है, जबकि पाकिस्तान की तीन कुल जीतों में से दो जीत वर्ल्ड कप मुकाबलों में आई हैं.
भारत और पाकिस्तान के बीच यह मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे शुरू होगा.
भारत बनाम पाकिस्तान महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग 'जियोहॉटस्टार' प्लेटफॉर्म और उसकी वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी.
भारत में इस मुकाबले का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के विभिन्न चैनलों पर किया जाएगा. दर्शक स्टार स्पोर्ट्स 1, स्टार स्पोर्ट्स 1 एचडी, स्टार स्पोर्ट्स 2, स्टार स्पोर्ट्स 2 एचडी, स्टार स्पोर्ट्स 3 और स्टार स्पोर्ट्स 3 एचडी पर मैच का आनंद ले सकते हैं.




