कौन हैं Vrinda Rathi, जो लॉर्ड्स में रचेंगी इतिहास? महिला T20 वर्ल्ड कप फाइनल में अंपायरिंग करने वाली बनेंगी पहली भारतीय महिला
भारत की वृंदा राठी को इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच लॉर्ड्स में होने वाले महिला टी20 वर्ल्ड कप फाइनल 2026 के लिए ऑन-फील्ड अंपायर नियुक्त किया गया है. वह महिला विश्व कप फाइनल में अंपायरिंग करने वाली पहली भारतीय महिला बन गई हैं.
वृंदा राठी
Women's T20 World Cup 2026 में भारतीय टीम भले ही खिताब की दौड़ से बाहर हो गई हो, लेकिन टूर्नामेंट के सबसे बड़े मुकाबले में भारत की मौजूदगी फिर भी रहेगी. इसकी वजह हैं अंपायर वृंदा राठी (Vrinda Rathi), जिन्हें इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाले महिला टी20 वर्ल्ड कप फाइनल के लिए ऑन-फील्ड अंपायर नियुक्त किया है.
रविवार को क्रिकेट के ऐतिहासिक मैदान लॉर्ड्स में खेले जाने वाले फाइनल में वृंदा राठी, वेस्टइंडीज की जैकलिन विलियम्स के साथ मैदान पर अंपायरिंग करती नजर आएंगी. यह भारतीय क्रिकेट के लिए गर्व का पल है, क्योंकि महिला विश्व कप फाइनल में अंपायरिंग करने वाली वह पहली भारतीय महिला बन गई हैं.
इतना ही नहीं, वृंदा राठी ICC विश्व कप फाइनल में ऑन-फील्ड अंपायर बनने वाली सिर्फ दूसरी भारतीय भी हैं. इससे पहले राम बाबू गुप्ता ने 1987 पुरुष विश्व कप फाइनल में ईडन गार्डन्स पर अंपायरिंग की थी. वहीं, फाइनल मैच में रेफरी की भूमिका जीएस लक्ष्मी को सौंपी गई है, जो 2023 और 2024 महिला टी20 विश्व कप फाइनल में मैच रेफरी की भूमिका निभा चुकी हैं.
कौन हैं वृंदा राठी?
- 37 वर्षीय वृंदा राठी महाराष्ट्र के नवी मुंबई के नेरुल की रहने वाली हैं. क्रिकेट में उनका सफर खिलाड़ी के रूप में शुरू हुआ था. वह मध्यम गति की गेंदबाज थीं और चार वर्षों तक मुंबई यूनिवर्सिटी की महिला टीम का प्रतिनिधित्व किया. हालांकि वह मुंबई की सीनियर महिला टीम में जगह नहीं बना सकीं. इसके बाद उन्होंने अंपायरिंग को अपना करियर बनाया.
- शुरुआत में वृंदा स्कोरर के रूप में काम करती थीं. बाद में, पूर्व बीसीसीआई अंपायर गणेश अय्यर की सलाह पर उन्होंने अंपायर बनने का फैसला किया.
- साल 2014 में वृंदा राठी ने मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन की अंपायर परीक्षा पास की और 2018 में बीसीसीआई की परीक्षा भी सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की. महज दो साल बाद 2020 में उन्हें आईसीसी डेवलपमेंट पैनल ऑफ अंपायर्स में शामिल कर लिया गया.
- वृंदा अब तक 20 महिला वनडे मैच, 77 महिला टी20 इंटरनेशनल, 1 महिला टेस्ट मैच में अंपायरिंग कर चुकी हैं. दिसंबर 2023 में उन्होंने इतिहास रचते हुए भारत और इंग्लैंड के बीच नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए महिला टेस्ट मैच में अंपायरिंग करने वाली पहली भारतीय महिला बनने का गौरव हासिल किया.
- वृंदा राठी ने 2022 के कॉमनवेल्थ गेम्स (बर्मिंघम) में भी अंपायरिंग की थी. इसके अलावा, जनवरी 2023 में वह जननी नारायणन के साथ भारत के पुरुष घरेलू क्रिकेट (रणजी ट्रॉफी) में ऑन-फील्ड अंपायरिंग करने वाली पहली महिला अंपायरों में शामिल हुईं. उन्होंने गोवा और पुडुचेरी के बीच रणजी मुकाबले में अंपायरिंग की थी.
- इसी वर्ष उन्होंने दक्षिण अफ्रीका में महिला टी20 विश्व कप, पहली महिला प्रीमियर लीग (WPL) के फाइनल और चीन के हांगझोउ एशियन गेम्स में भी अंपायरिंग की जिम्मेदारी निभाई.
- अब लॉर्ड्स में महिला टी20 विश्व कप फाइनल में उनकी नियुक्ति भारतीय क्रिकेट के लिए एक और ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है.




