Begin typing your search...

धोनी ने खुद मांगा नंबर, साक्षी को लगा था प्रैंक! बचपन की दोस्त कैसे बनीं 'कैप्टन कूल' की जीवनसंगिनी? होटल से शुरू हुई थी प्रेम कहानी

एमएस धोनी और साक्षी की लव स्टोरी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है. बचपन का छूटा रिश्ता सालों बाद एक होटल में दोबारा जुड़ा, दोस्ती प्यार में बदली और फिर 4 जुलाई 2010 को दोनों ने शादी कर ली. आज यह जोड़ी क्रिकेट जगत की सबसे पसंदीदा और सफल कपल्स में गिनी जाती है.

MS Dhoni  Sakshi Singh  marriage photo
X

साक्षी के प्यार में क्लीन बोल्ड हुए 'कैप्टन कूल' धोनी

MS Dhoni Sakshi Marriage Anniversary: क्रिकेट के मैदान पर जब भी 'कैप्टन कूल' की बात होती है तो सबसे पहले नाम आता है महेंद्र सिंह धोनी का... लेकिन मैदान के बाहर उनकी जिंदगी की सबसे बड़ी जीत कोई वर्ल्ड कप नहीं, बल्कि उनकी प्रेम कहानी मानी जाती है. एमएस धोनी और साक्षी सिंह की लव स्टोरी आज भी करोड़ों लोगों को प्रेरित करती है क्योंकि इसमें न कोई फिल्मी ड्रामा था और न ही लाइमलाइट की होड़... यह कहानी भरोसे, सादगी और लंबे इंतजार की कहानी है.

बहुत कम लोग जानते हैं कि धोनी और साक्षी की पहली मुलाकात 2007 में नहीं हुई थी. दोनों का रिश्ता बचपन से जुड़ा था. धोनी और साक्षी के पिता रांची की सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी MECON में साथ काम करते थे. दोनों ने रांची के जवाहर विद्या मंदिर (श्यामली) में शुरुआती पढ़ाई भी की. हालांकि कुछ समय बाद साक्षी का परिवार देहरादून शिफ्ट हो गया और दोनों का संपर्क पूरी तरह खत्म हो गया. किस्मत ने दोनों को अलग किया था, लेकिन शायद हमेशा के लिए नहीं.

साल 2007... जब किस्मत ने दोबारा मिलवाया

दिसंबर 2007 में भारतीय टीम कोलकाता में पाकिस्तान के खिलाफ मैच खेलने पहुंची थी. टीम ताज बंगाल होटल में रुकी हुई थी. उसी होटल में होटल मैनेजमेंट की छात्रा साक्षी सिंह अपनी इंटर्नशिप कर रही थीं और वह उनका आखिरी कार्य दिवस था. यहीं पर धोनी के मैनेजर युद्धाजित दत्ता, जो साक्षी को भी जानते थे, ने दोनों की दोबारा मुलाकात करवाई. यही मुलाकात आगे चलकर भारतीय क्रिकेट की सबसे चर्चित प्रेम कहानी की शुरुआत बनी.

जब धोनी ने खुद लिया साक्षी का नंबर

मुलाकात के बाद धोनी ने अपने मैनेजर से साक्षी का मोबाइल नंबर लिया और उन्हें मैसेज भेजना शुरू किया. शुरुआत में साक्षी को यकीन ही नहीं हुआ कि उन्हें खुद एमएस धोनी मैसेज कर रहे हैं. उन्हें लगा कि शायद कोई दोस्त मजाक कर रहा है. धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और मार्च 2008 में दोनों ने एक-दूसरे को डेट करना शुरू कर दिया. सबसे खास बात यह रही कि करीब दो साल तक दोनों ने अपने रिश्ते को मीडिया और कैमरों से पूरी तरह दूर रखा.

जब पूरी दुनिया को अचानक मिली शादी की खबर

4 जुलाई 2010... देश को अचानक खबर मिली कि एमएस धोनी ने शादी कर ली है. देहरादून के विश्रांति रिजॉर्ट में बेहद निजी समारोह में दोनों विवाह बंधन में बंधे. शादी में सिर्फ परिवार और बेहद करीबी लोग शामिल हुए. क्रिकेटर सुरेश रैना और अभिनेता जॉन अब्राहम भी चुनिंदा मेहमानों में थे. धोनी ने अपनी निजी जिंदगी को हमेशा की तरह पूरी तरह निजी ही रखा.

आज एक बेटी के माता-पिता हैं धोनी और साक्षी

6 फरवरी 2015 को दोनों की बेटी जीवा धोनी का जन्म हुआ. जीवा सोशल मीडिया पर सबसे लोकप्रिय स्टार किड्स में शामिल हैं. आईपीएल के दौरान अक्सर वह अपने पिता और चेन्नई सुपर किंग्स को चीयर करती नजर आती हैं.

कौन हैं साक्षी सिंह धोनी?

साक्षी सिंह धोनी सिर्फ क्रिकेटर की पत्नी नहीं, बल्कि एक सफल बिजनेसवुमन और प्रोड्यूसर भी हैं. उनका जन्म 19 नवंबर 1988 को तिनसुकिया (असम) में हुआ. उनका गृहनगर देहरादून है. उनके पिता का नाम आर.के. सिंह और मां का नाम शीला सिंह है. साक्षी की पढ़ाई जवाहर विद्या मंदिर (रांची), वेल्हम गर्ल्स स्कूल (देहरादून) से हुई. बाद में, उन्होंने IHM औरंगाबाद से होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई की.

साक्षी सिंह इस समय Dhoni Entertainment Pvt. Ltd. की प्रमुख शेयरधारक और प्रोड्यूसर हैं. उनकी मां शीला सिंह कंपनी की CEO हैं. यह प्रोडक्शन हाउस तमिल सहित कई भाषाओं की फिल्मों का निर्माण कर चुका है.

क्या शादी से पहले किसी और से जुड़ा था धोनी का नाम?

धोनी की जिंदगी में साक्षी से पहले सबसे चर्चित नाम प्रियंका झा का रहा. बताया जाता है कि भारतीय टीम में जगह बनाने के संघर्ष के दौरान प्रियंका उनकी जिंदगी का अहम हिस्सा थीं, लेकिन एक सड़क दुर्घटना में उनकी मौत हो गई. इस भावुक अध्याय को फिल्म "M.S. Dhoni: The Untold Story" में भी दिखाया गया था. इसके अलावा अभिनेत्री राय लक्ष्मी के साथ भी उनका नाम जोड़ा गया, लेकिन इसकी कभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई.

आज भी क्यों खास है धोनी-साक्षी की जोड़ी?

क्रिकेट में जहां स्टार खिलाड़ियों की निजी जिंदगी अक्सर सुर्खियों में रहती है, वहीं धोनी और साक्षी ने हमेशा अपने रिश्ते को सादगी और भरोसे के साथ निभाया.

बचपन की पहचान, सालों बाद हुई मुलाकात, दो साल की गुपचुप डेटिंग और फिर अचानक शादी... शायद यही वजह है कि एमएस धोनी और साक्षी सिंह धोनी की प्रेम कहानी आज भी क्रिकेट की सबसे खूबसूरत लव स्टोरी मानी जाती है.

क्रिकेट न्‍यूजमहेंद्र सिंह धोनी
अगला लेख