170 रन भी नहीं बचा पाई भारतीय महिला क्रिकेट टीम, ऑस्ट्रेलिया से हार के बाद T20 वर्ल्ड कप से हुई बाहर; क्या होंगे ये 5 बड़े बदलाव?
महिला T20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल की रेस में रहने के लिए जरूरी मुकाबले में भारत को ऑस्ट्रेलिया से 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा. टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद टीम की रणनीति, कप्तानी और खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर सवाल उठ रहे हैं.
Indian Women's Cricket Team
IND W Vs AUS W Match: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एक बार फिर ऑस्ट्रेलिया के सामने सरेंडर कर दिया. इस बार मंच था- Women's T20 World Cup 2026 का... भारत को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए हर हाल में इस मैच को जीतना था, लेकिन ऐसा हो नहीं पाया. ऑस्ट्रेलिया ने 6 विकेट से हराकर भारत को टी-20 वर्ल्ड कप से बाहर का रास्ता दिखा दिया. इसके साथ ही, ग्रुप ए से ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका ने क्वालीफाई कर लिया.
भारत ने महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से शिकस्त दी थी. अब ऑस्ट्रेलिया ने भारत को खिताब की दौड़ से बाहर कर उस हार का बदला चुकता कर लिया. भारत ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 170 रन बनाए थे, जिसे ऑस्ट्रेलिया ने 19 ओवर में 4 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया. इस हार के साथ ही भारतीय टीम में बदलाव की अटकलें तेज हो गई हैं.
भारतीय महिला क्रिकेट टीम में क्या-क्या बदलाव होंगे?
महिला टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में ऑस्ट्रेलिया के हाथों मिली हार और टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद, भारतीय महिला क्रिकेट टीम में रणनीति, कप्तानी और टीम संयोजन को लेकर बड़े बदलाव होने जा रहे हैं.. हेड कोच अमोल मजूमदार ने स्पष्ट किया है कि टीम को टी-20 क्रिकेट खेलने के अपने पुराने ढर्रे को पूरी तरह बदलना होगा.
1. टी-20 एप्रोच और रणनीति में होगा बदलाव?
मुख्य कोच के अनुसार, भारतीय टीम की बल्लेबाजी में आक्रामकता दिखी है, लेकिन खराब गेंदबाजी और लचर फील्डिंग के कारण टीम को बाहर होना पड़ा. अब खिलाड़ियों की फिटनेस और मैदान पर फील्डिंग के मानकों को कड़ा किया जाएगा. टी-20 प्रारूप की आधुनिक जरूरतों (चौके-छक्के लगाने की क्षमता और लगातार विकेट लेना) के हिसाब से नए टीम संयोजन और मैच-विजेता ऑलराउंडर्स को प्राथमिकता दी जाएगी.
2. हरमनप्रीत कौर की जाएगी कप्तानी?
37 वर्षीय कप्तान हरमनप्रीत कौर की कप्तानी और भविष्य को लेकर चयनकर्ताओं के बीच गंभीर चर्चाएं शुरू हो गई हैं. सवाल उठ रहे हैं कि जिस तरह से भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम में टी-20 वर्ल्ड कप जीतने के बावजूद भविष्य की योजनाओं को ध्यान में रखते हुए सूर्यकुमार यादव की जगह श्रेयस अय्यर को कप्तान बनाया गया. उसी तरह क्या महिला क्रिकेट टीम में भी नया कप्तान देखने को मिलेगा. हालांकि, कोच अमोल मजूमदार ने हरमनप्रीत कौर के बने रहने की उम्मीद जताई है, लेकिन अंतिम फैसला सेलेक्टर्स की समीक्षा बैठक में होगा. यदि बोर्ड भविष्य को देखते हुए बदलाव का फैसला करता है, तो उप-कप्तान स्मृति मंधाना को कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपकर बदलाव (Transition Phase) की शुरुआत की जा सकती है.
3. टीम में नए चेहरों को मिलेगा मौका?
घरेलू क्रिकेट (WPL) और इंडिया-ए दौरों पर अच्छा प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों को टीम में स्थायी जगह दी जाएगी, ताकि आगामी द्विपक्षीय सीरीज के लिए कोर टीम तैयार हो सके. जो खिलाड़ी लगातार रन-बॉल (धीमी) पारी खेल रहे हैं या दबाव के क्षणों में परफॉर्म नहीं कर पा रहे हैं, उनकी जगह आक्रामक माइंडसेट वाले खिलाड़ियों को चुना जाएगा.
4- जेमिमा रोड्रिग्स होंगी टीम से बाहर?
जिस तरह से जेमिमा रोड्रिग्स ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पारी खेली, उससे उनकी जगह पर सवाल उठ रहे हैं. रोड्रिग्ज ने 28 गेंद में 34 रन बनाए, जिसमें महज 1 चौका और 1 छक्का शामिल रहा. हालांकि, एक समय ऐसा था, जब उनके रन, खेली गई गेंदों से भी कम था. उनकी धीमी बल्लेबाजी टीम पर भारी पड़ी. उन्हें 34 के स्कोर पर रिटायर्ड आउट किया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. मंधाना का भी स्ट्राइक रेट ऑस्ट्रेलिया के साथ करीब 100 का ही रहा.
5- रेणुका सिंह ठाकुर और राधा यादव की प्लेइंग 11 से छुट्टी?
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रेणुका सिंह ठाकुर ने 4 ओवर में 41 रन देकर 1 विकेट चटकाए. उनकी इकोनॉमी 10 से ज्यादा की रही. ऐसे में उनकी जगह पर भी सवाल उठ रहे हैं. नंदनी शर्मा ने अपने पहले मैच में नीदरलैंड के खिलाफ 3 ओवर में 22 रन देकर 2 विकेट चटकाए थे. इसके बाद साउथ अफ्रीका के खिलाफ उन्होंने 2.1 ओवर में 17 रन दिए, लेकिन कोई विकेट नहीं मिला. वहीं, बांग्लादेश के खिलाफ नंदनी ने 3 ओवर में 32 रन देकर 1 विकेट लिए. रेणुका के साथ ही, राधा यादव की भी प्लेइंग 11 में जगह सवालों के घेरे में है. राधा ने बांग्लादेश के खिलाफ 3 विकेट जरूर लिए, लेकिन उन्होंने फील्डिंग करते समय जो कैच छोड़े, उसने टीम इंडिया का नुकसान किया.
भारतीय टीम अब अगला मैच कब खेलेगी?
भारतीय टीम को T20 World Cup 2026 में मिली हार के झटके से उबरकर तुरंत आगे बढ़ना होगा, क्योंकि टीम के सामने आने वाले महीनों में कड़ा शेड्यूल है. इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैच 10 जुलाई से लॉर्ड्स में शुरू होगा. इसके बाद वह जिम्बाब्वे के खिलाफ अपने घर में अक्टूबर में 3 टी-20 और 3 वनडे मैच की सीरीज खेलेगी. फिर दिसंबर में टीम साउथ अफ्रीका का दौरा करेगी, जहां वह वनडे और टेस्ट सीरीज खेलेगी.




