Begin typing your search...

पुरानी दोनाली बंदूक से प्रैक्टिस, भारतीय सेना में नायब सूबेदार... Asian Games 2026 में गोल्ड मेडल जीतने वाली नीरू ढांडा कौन?

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला शूटर नीरू ढांडा ने गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया है. नीरू अब एशियन गेम्स में महिलाओं की एकल ट्रैप शूटिंग प्रतियोगिता में गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला बन गई हैं.

Neeru Dhanda
X

Neeru Dhanda

( Image Source:  X/ @KirenRijiju )
विशाल पुंडीर
Edited By:विशाल पुंडीर3 Mins Read

Updated on: 29 Sept 2026 1:40 PM IST

Asian Games 2026: जापान के आइची-नागोया में चल रहे एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला शूटर नीरू ढांडा ने महिलाओं की व्यक्तिगत ट्रैप शूटिंग में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया है. नीरू ने फाइनल में 30 में से 28 निशाने साधे और इस प्रदर्शन के साथ नया एशियन रिकॉर्ड बनाया. इससे पहले इस प्रतियोगिता का एशियाई रिकॉर्ड 24 का था. वह एशियन गेम्स के इतिहास में महिलाओं की व्यक्तिगत ट्रैप स्पर्धा में गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला बन गई हैं.

नीरू की इस उपलब्धि की खास बात यह भी है कि कुछ साल पहले तक उनके पास महंगे शूटिंग उपकरणों की सुविधा नहीं थी. शुरुआती दौर में उन्होंने परिवार की पुरानी दोनाली बंदूक से टीन के डिब्बों पर निशाना साधकर अभ्यास किया. आज वही नीरू भारतीय सेना में नायब सूबेदार हैं और आर्मी मार्क्समैनशिप यूनिट में ट्रेनिंग करती हैं. जुलाई 2026 में वह लोनाटो में आईएसएसएफ वर्ल्ड कप में महिलाओं की ट्रैप स्पर्धा का गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनी थीं.

कौन हैं नीरू ढांडा?

नीरू ढांडा का जन्म 25 मई 2000 को हरियाणा के जींद जिले के संगतपुरा गांव में हुआ था. उनका परिवार बाद में मध्य प्रदेश के शिवपुरी में बस गया. यहीं से उन्होंने शूटिंग के क्षेत्र में अपने पेशेवर सफर को आगे बढ़ाया. नीरू का ताल्लुक किसान परिवार से है. उनके पिता किसान हैं, जबकि उनकी मां हाउस वाइफ हैं. शूटिंग जैसे महंगे खेल में आगे बढ़ने के लिए परिवार को शुरुआती दौर में आर्थिक चुनौतियों का सामना करना पड़ा. उनके करियर को आगे बढ़ाने में उनके ममेरे भाई लक्ष्य श्योराण की भी अहम भूमिका रही. लक्ष्य ने साल 2018 एशियन गेम्स में ट्रैप शूटिंग में सिल्वर मेडल जीता था. उनकी उपलब्धि से प्रेरित होकर नीरू ने भी इस खेल को अपनाया.

भारतीय सेना में कौनसी जिम्मेदारी?

नीरू भारतीय सेना की कॉर्प्स ऑफ मिलिट्री पुलिस (CMP) में शामिल हुईं. वह वर्तमान में नायब सूबेदार के पद पर हैं और मध्य प्रदेश के महू स्थित आर्मी मार्क्समैनशिप यूनिट में ट्रेनिंग करती हैं. भारतीय सेना से जुड़ी नीरू ने शूटिंग में देश को कई बड़े अंतरराष्ट्रीय पदक दिलाए हैं.

कब-कब जीते मेडल?

एशियन गेम्स से पहले नीरू ने जुलाई 2026 में इटली के लोनाटो में आयोजित ISSF शॉटगन वर्ल्ड कप में महिलाओं की ट्रैप प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीता था. नीरू ने 2025 एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में भी शानदार प्रदर्शन किया था. कजाकिस्तान के शिमकेंट में आयोजित प्रतियोगिता में उन्होंने महिलाओं की व्यक्तिगत ट्रैप प्रतियोगिता में गोल्ड जीता था. एशियन शूटिंग चैंपियनशिप 2025 में नीरू ने महिला टीम के साथ गोल्ड मेडल जीता था.

अगला लेख