Begin typing your search...

Sania Mirza का 25 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ने वाली Jensi Kanabar कौन? 14 साल 5 महीने की उम्र में रचा इतिहास

जेन्सी कनाबर ने पेशेवर एकल प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल में पहुंचकर इतिहास रच दिया है.उन्होंने दिग्गज टेनिस स्टार सानिया मिर्जा का 25 साल पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है

Jensi Kanabar
X

Jensi Kanabar

( Image Source:  X/ @wrendom, ANI )

Who Is Jensi Kanabar: भारतीय टेनिस में लंबे समय के बाद कोई बड़ा रिकॉर्ड टूटता हुआ दिखा है और रिकॉर्ड भी पूर्व दिग्गज सानिया मिर्जा का टूटा है. महज 14 साल और 5 महीने की उम्र में जेन्सी कनाबर ने पेशेवर एकल प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल में पहुंचकर इतिहास रच दिया है. इस उपलब्धि के साथ उन्होंने दिग्गज टेनिस स्टार सानिया मिर्जा का 25 साल पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है, जो भारतीय खेल जगत के लिए गर्व का पल है.

इतनी कम उम्र में यह कारनामा कर जेन्सी ने साबित कर दिया है कि वह भविष्य में भारत की अगली बड़ी टेनिस स्टार बन सकती हैं. उनका आत्मविश्वास, संयम और खेल का स्तर उन्हें अन्य खिलाड़ियों से अलग बनाता है.

दूसरे ही ITF टूर्नामेंट में दिखाया दम

नई दिल्ली में खेले जा रहे आईटीएफ टूर्नामेंट में जेन्सी कनाबर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी को चौंका दिया. ये उनका दूसरा ही आईटीएफ टूर्नामेंट है. राउंड ऑफ 16 में उन्होंने 22 वर्षीय संदीपती सिंह राव को 6-3, 7-5 से हराया. दूसरे सेट में चार सेट प्वाइंट बचाकर जीत हासिल करना उनके मानसिक मजबूती का बड़ा उदाहरण है. इस जीत के साथ उन्होंने आईटीएफ महिला 15 नई दिल्ली टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली.

कितनी उम्र में सानिया मिर्जा ने रचा था इतिहास?

सानिया मिर्जा ने साल 2001 में ये कारनामा करके दिखाया था. उन्होंने 14 साल 5 महीने 11 दिन की उम्र में पेशेवर एकल क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह बनाई थी. लेकिन अब जेन्सी कनाबर उनसे आगे निकलकर पहले पायदान पर आ गई है.

ऑस्ट्रेलियन ओपन में भी रचा इतिहास

इस साल की शुरुआत में जेन्सी ने ऑस्ट्रेलियन ओपन अंडर-14 का खिताब जीतकर भी इतिहास बनाया. वह यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली भारतीय महिला बनीं. फाइनल में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की मुसेम्मा सिलेक को 3-6, 6-4, 6-1 से हराकर शानदार वापसी करते हुए जीत दर्ज की. मैच के दौरान पिछड़ने के बावजूद उन्होंने धैर्य और आत्मविश्वास के साथ मुकाबले को पलट दिया.

कौन हैं जेन्सी कनाबर?

जेन्सी कनाबर गुजरात के जूनागढ़ की रहने वाली हैं और उन्होंने बहुत कम उम्र में ही टेनिस खेलना शुरू कर दिया था. जूनियर स्तर पर लगातार शानदार प्रदर्शन के चलते वह तेजी से उभरती हुई खिलाड़ी बनीं और आज देश की सबसे होनहार टेनिस प्रतिभाओं में शामिल हैं. वह अखिल भारतीय टेनिस संघ (AITA) की अंडर-14 और अंडर-16 दोनों कैटेगरी में नंबर 1 स्थान पर काबिज हैं.

उन्होंने अहमदाबाद में आईटीएफ जे30 टूर्नामेंट में डेब्यू करते ही खिताब जीतकर अपनी क्षमता का लोहा मनवाया. उनकी उपलब्धियों में जीएसपीडीपी एशियन अंडर-14 चैंपियनशिप, फेनेस्टा ओपन और कई जूनियर खिताब शामिल हैं.

अगला लेख