डायबिटीज या कुछ और? मां कांग्रेस नेता के लिए बेटे ने किया हंसी खुशी चुनाव प्रचार फिर अचानक कमरे जाकर कर ली आत्महत्या
सोनीपत में कांग्रेस महिला नेता संतोष कादियां के बेटे नवीन ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. नौकरी छूटने और बीमारी को शुरुआती वजह माना जा रहा है, पुलिस जांच जारी है.
हरियाणा के सोनीपत जिले में एक दुखद घटना घटी है. कांग्रेस महिला विंग की राज्य महासचिव और नगर निगम चुनाव की निर्दलीय उम्मीदवार संतोष कादियां के 32 वर्षीय बेटे नवीन कादियां ने आत्महत्या कर ली. उनका शव घर की ऊपरी मंजिल पर बने एक कमरे में फांसी पर लटका हुआ मिला. यह घटना गुरुवार को हुई, जब संतोष कादियां नगर निगम चुनाव का प्रचार कर रही थीं. नवीन अपनी मां के चुनाव प्रचार में पूरी तरह से लगे हुए थे और दिन-रात मेहनत कर रहे थे. नवीन अपनी मां संतोष कादियां के साथ चुनाव प्रचार में बेहद एक्टिव थे. लेकिन नौकरी छूटने के बाद वे पूरी तरह से अपनी मां के चुनावी काम में जुट गए थे.
गुरुवार को भी वे दिन भर चुनाव कार्यालय में अपनी मां के साथ रहे. दोपहर करीब 2 बजे संतोष कादियां खाना खाने के लिए घर आईं. तब नवीन उन्हें चुनाव कार्यालय छोड़ने के लिए वापस ले गए. उस समय नवीन काफी खुश और सामान्य दिख रहे थे. किसी भी तरह का उदासी या परेशानी का कोई संकेत नहीं था. कार्यालय छोड़ने के लगभग आधे घंटे बाद, जब संतोष कादियां घर पर नहीं थीं, नवीन ने घर की ऊपरी मंजिल पर बने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. परिवार के सदस्यों को जब इसकी जानकारी हुई, तो वे तुरंत ऊपर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. परिवार वाले इस घटना को देखकर सदमे में आ गए. संतोष कडियान ने बताया कि घर में किसी भी तरह का झगड़ा या विवाद नहीं हुआ था. उन्होंने कहा, 'मुझे कुछ समझ नहीं आ रहा है कि मेरे बेटे ने ऐसा कदम क्यों उठा लिया। वह गलत कदम उठा गया.'
आखिर क्या परेशान कर रह था नवीन?
नवीन डायबिटीज की बीमारी से काफी परेशान थे. कई बार उनका ब्लड शुगर लेवल बहुत ज्यादा बढ़ जाता था. वे राजस्थान के भिवाड़ी इलाके में नौकरी करते थे. लगभग ढाई महीने पहले उनकी नौकरी चली गई थी, जिसके बाद वे सोनीपत आ गए थे और अपनी मां के चुनाव प्रचार में मदद करने लगे थे. नवीन दो छोटी बेटियों के पिता थे. उनकी बड़ी बेटी 11 साल की है और छोटी बेटी सिर्फ ढाई साल की है. परिवार में उनके माता-पिता के अलावा एक बड़ा भाई अजय भी हैं, जिनकी भी तीन बेटियां हैं.
चुनाव के बारें में
संतोष कादियां कांग्रेस पार्टी की महिला विंग की राज्य महासचिव हैं. इस बार नगर निगम चुनाव में पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया, इसलिए उन्होंने बागी रुख अपनाते हुए वार्ड नंबर 5 से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल कर दिया है. मतदान 10 मई को होने वाला है. नवीन अपनी मां के इस चुनावी संघर्ष में पूरी ताकत से साथ दे रहे थे. बैनर लगाने आदि का काम भी वे रात में करते थे और सुबह 4 बजे तक घर लौटते थे.
पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत के सिविल अस्पताल भेज दिया गया. पोस्टमार्टम 1 मई को किया जाएगा. पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में नवीन की बीमारी और नौकरी चले जाने का मामला सामने आया है. पुलिस अब पूरे मामले की गहन जांच कर रही है. आत्महत्या के पीछे और क्या कोई कारण हो सकता है, इसकी भी जांच की जा रही है.
परिवार और इलाके पर असर
इस अचानक हुई घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है. संतोष कादियां अपने बेटे की मौत से बेहद टूटी हुई हैं. आसपास के इलाके में भी शोक की लहर दौड़ गई है. परिजनों के अलावा, स्थानीय लोग, सामाजिक कार्यकर्ता और राजनीतिक हलकों से जुड़े कई लोग शोक व्यक्त करने के लिए उनके घर पहुंच रहे हैं. यह घटना चुनाव के माहौल में एक बड़े दुख के रूप में सामने आई है. परिवार अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है, जिसके बाद आगे की जांच की दिशा तय होगी.




