IPL में छक्का लगाकर खाता खोलने वाले Vaibhav Sooryavanshi वनडे में फ्लॉप, 2 मैचों से नहीं लगा पाए एक भी SIX; सोशल पर उठे सवाल
जबसे वैभव सूर्यवंशी इंडिया ए के लिए श्रीलंका की धरती पर ट्राई सीरीज खेलने आए हैं उनके बल्ले से एक भी छक्का देखने को नहीं मिला है. अभी तक इस सीरीज में वैभव 2 मैच खेल चुके हैं लेकिन उनके बल्ले से एक भी छक्का देखने को नहीं मिला है.
Vaibhav Sooryavanshi
आईपीएल 2026 में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी का आक्रामक और पहली गेंद पर छक्का लगाकर खाता खोले का अंदाज पूरी दुनिया ने देखा. इस सीजन वैभव ने सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया. लेकिन जबसे वैभव सूर्यवंशी इंडिया ए के लिए श्रीलंका की धरती पर ट्राई सीरीज खेलने आए हैं उनके बल्ले से एक भी छक्का देखने को नहीं मिला है.
ट्राई सीरीज के पहले मैच में श्रीलंका के खिलाफ तो वैभव ज्यादा रन भी नहीं बना पाए थे. अभी तक इस सीरीज में वैभव 2 मैच खेल चुके हैं लेकिन उनके बल्ले से एक भी छक्का देखने को नहीं मिला है. जिसके बाद सोशल मीडिया पर काफी सवाल भी उठ रहे हैं कई यूजर्स वैभव के खेलने के तरीके को लेकर उनकी आलोचना कर रहे हैं.
2 मैचों में कैसा रहा प्रदर्शन?
श्रीलंका में वनडे ट्राई सीरीज खेली जा रही है. इंडिया ए की तरफ से इस बार वैभव सूर्यवंशी भी खेल रहे हैं, लेकिन उनका प्रदर्शन अभी तक उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है. इंडिया ए ने अपना पहला मुकाबला श्रीलंका के साथ खेला था, इस मैच में वैभव के बल्ले से महज 14 रन ही निकले थे जिसमें कोई छक्का शामिल नहीं था.
इसके बाद दूसरे मैच में वैभव ने अफगानिस्तान के खिलाफ महज 22 गेंदों पर 44 रनों की ताबतोड़ पारी जरूर खेली लेकिन इस दौरान भी वे कोई छक्का नहीं लगा पाए. अभी तक इस दौरे पर वैभव ने 34 गेंदों का सामना किया है जिसमें 58 रन बनाए हैं. अब वनडे में उनके खेलने के तरीके को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
सोशल पर क्या बोले यूजर्स?
एक्स पर एक यूजर ने पोस्ट शेयर करके लिखा कि "आज फिर से वैभव सूर्यवंशी मात्र 44 रन बना पाए और वह भी उन्होंने कुल 22 गेंदे खेलीं. वैभव सूर्यवंशी के इन 22 गेंदे खेलने पर तालियां बजाने वालों को यह याद रखना चाहिए कि यह T-20 क्रिकेट नहीं चल रहा है, एक 50 ओवर के खेल में यदि आप महज 3 ओवर खेल पा रहे हैं तो यह बहुत बड़ी चिंता की बात है. यदि वैभव सूर्यवंशी को इसी तरह से खेलना है तो उनके लिए मात्र एक ही फॉर्मेट है और वह है T-20 फॉर्मेट."
दूसरे यूजर ने लिखा "वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाज़ी देखकर एक बात साफ समझनी होगी कि सिर्फ़ तेज रन बनाना ही महान बल्लेबाज़ी नहीं कहलाता. आज फिर 22 गेंदों में 44 रन... सुनने में शानदार लगता है, लेकिन 50 ओवर के क्रिकेट में अगर कोई बल्लेबाज सिर्फ़ 3-4 ओवर ही टिक पा रहा है, तो यह टीम के लिए चिंता का विषय भी हो सकता है."
तीसरे यूजर ने लिखा "अब तो आपको समझ आ जाना चाहिए कि वैभव सूर्यवंशी सिर्फ IPL में ही अच्छा खेल पाते हैं. आज सूर्यवंशी ने 22 गेंदों में 44 रन बनाए और आउट हो गए. इससे पहले भी कम रन बनाकर जल्दी आउट हुए थे."




