5 सेकंड में 10 राउंड फायरिंग, हरियाणा में क्यों बिश्नोई गैंग के निशाने पर आया जिम ऑनर, खुलेआम ऐसे उतारा मौत के घाट
हरियाणा के हांसी शहर में 11 जून को सुबह बिश्नोई गैंग के लोगों ने जिम ऑनर को निशाना बनाया और पांच सेकेंड में करीब 11 वार गोलीबारी की है जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोगों सवाल उठा रहे हैं.
हरियाणा के हांसी शहर में गुरुवार की सुबह सब कुछ सामान्य लग रहा था. फव्वारा चौक के पास रोज की तरह युवा और महिलाएं फिटनेस ट्रेनिंग के लिए जुटे थे. रेड जिम का संचालक कपिल सभी को एक्सरसाइज करवा रहा था. लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि अगले कुछ सेकंड में वहां गोलियों की ऐसी गूंज सुनाई देगी, जो पूरे शहर को दहला देगी.
सुबह करीब 5:30 बजे हेलमेट पहने दो युवक बाइक पर वहां पहुंचे. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों हमलावर सीधे कपिल की तरफ बढ़े. इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, उन्होंने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. महज 5 सेकंड के भीतर करीब 10 राउंड गोलियां दाग दी गईं.
हमलावरों का निशाना बेहद सटीक था. कपिल की पीठ और सिर पर नजदीक से गोलियां मारी गईं. गोलियों की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. कुछ ही क्षणों में कपिल सड़क पर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. फायरिंग के दौरान पास में वार्मअप कर रही शिखा नाम की महिला भी छर्रे लगने से घायल हो गई. उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है.
कौन थे हमलावर?
वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों शूटर उसी तेजी से फरार हो गए, जिस तेजी से आए थे. पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई. सूचना मिलते ही पुलिस, सीआईए और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई. पूरे इलाके को सील कर जांच शुरू कर दी गई. लेकिन इस मर्डर मिस्ट्री ने नया मोड़ तब लिया, जब कुछ घंटों बाद सोशल मीडिया पर एक कथित ऑडियो वायरल हो गया. ऑडियो में खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताने वाले हरि बॉक्सर ने कपिल की हत्या की जिम्मेदारी ली.
बिश्नोई गैंग ने जिम ऑनर क्यों बनाया निशाना?
कथित ऑडियो में हरि बॉक्सर ने दावा किया कि कपिल की हत्या लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने की है और इस वारदात की जिम्मेदारी वह, आरडी ढालीवाल, हरमन संधू और विक्रम काधल लेते हैं. ऑडियो में हत्या के पीछे की वजह भी बताने की कोशिश की गई. दावा किया गया कि कपिल पहले हुई एक फायरिंग घटना में कथित साजिशकर्ताओं का समर्थन कर रहा था. गैंग की ओर से उसे दो बार चेतावनी भी दी गई थी, लेकिन उसने उन चेतावनियों को गंभीरता से नहीं लिया.
यही वजह बताकर कपिल को निशाना बनाए जाने का दावा किया गया. हालांकि पुलिस ने अभी तक इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और वायरल ऑडियो की जांच की जा रही है. जांच में यह भी सामने आया है कि कपिल ने कुछ समय पहले ही लव मैरिज की थी. उसकी पत्नी फिलहाल अपने मायके में है. कपिल पिछले करीब तीन साल से हांसी में रेड जिम चला रहा था और हाल ही में उसने अपने जिम को नए स्थान पर शिफ्ट किया था.
ऑडियो में हरि बॉक्सर ने यह भी दावा किया कि कथित साजिश में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर ली गई है और उन्हें भी चेतावनी दी गई है. इतना ही नहीं, दिल्ली में हाल ही में हुई एक फायरिंग की जिम्मेदारी भी इसी ऑडियो में लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से ली गई. फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या कपिल वास्तव में किसी पुराने गैंगवार या फायरिंग मामले से जुड़ा था, या फिर इसके पीछे कोई और वजह है? पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है. सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और शूटरों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है. हांसी की शांत सुबह को खून से लाल कर देने वाली इस वारदात ने एक बार फिर दिखा दिया है कि गैंगस्टर नेटवर्क की पहुंच कितनी गहरी हो चुकी है. अब सबकी नजर पुलिस जांच पर है, जो इस सनसनीखेज हत्याकांड के पीछे की पूरी सच्चाई सामने ला सकती है.




