Begin typing your search...

4 साल तक सीक्रेट रिलेशनशिप, फिर गुपचुप शादी, पहली मुलाकात से लेकर मारपीट तक, वीर साहू के साथ ऐसा रहा सपना चौधरी का 10 साल का रिश्ता

सपना चौधरी और वीर साहू की पहली मुलाकात, 4 साल का सीक्रेट रिलेशनशिप, गुपचुप शादी, दो बच्चे और अब कोर्ट तक पहुंचे विवाद की पूरी टाइमलाइन जानिए.

4 साल तक सीक्रेट रिलेशनशिप, फिर गुपचुप शादी, पहली मुलाकात से लेकर मारपीट तक, वीर साहू के साथ ऐसा रहा सपना चौधरी का 10 साल का रिश्ता
X

कभी हरियाणवी इंडस्ट्री का सबसे चर्चित कपल माने जाने वाले सपना चौधरी और वीर साहू आज एक ऐसे मोड़ पर खड़े दिखाई दे रहे हैं, जहां उनकी 10 साल पुरानी प्रेम कहानी सवालों के घेरे में है. जिस रिश्ते की शुरुआत दोस्ती से हुई, जो चार साल तक दुनिया की नजरों से छिपा रहा, जिसने शादी और दो बच्चों तक का सफर तय किया, वही रिश्ता अब अदालत की चौखट तक पहुंच चुका है.

सोशल मीडिया पर दोनों की पुरानी तस्वीरें और वीडियो आज भी लाखों लोग देखते हैं, लेकिन हकीकत यह है कि पिछले कुछ वर्षों से दोनों के बीच बढ़ती दूरियां अब सार्वजनिक चर्चा का विषय बन चुकी है तो आइए सपना चौधरी और वीर साहू की 10 साल की प्रेम कहानी पर एक नजर डालते हैं...

सपना और वीर की पहल मुलाकात

साल 2016... हिसार जिले की एक गोशाला में आयोजित कार्यक्रम. मंच पर हरियाणा की उभरती स्टार सपना चौधरी थीं और वहीं मौजूद थे हरियाणवी गायक और कलाकार वीर साहू. दिलचस्प बात यह है कि पहली मुलाकात में सपना को वीर साहू बिल्कुल पसंद नहीं आए थे. बाद में एक इंटरव्यू में सपना ने खुद बताया था कि उन्हें वीर साहू बेहद गंभीर और कम बोलने वाले इंसान लगे थे. न कोई मजाक, न ज्यादा बातचीत और न ही किसी से घुलने-मिलने की कोशिश. शायद तब किसी ने नहीं सोचा होगा कि यही मुलाकात आगे चलकर शादी में बदल जाएगी.

दूसरी मुलाकात ने बदल दी पूरी कहानी

कुछ समय बाद दोनों एक अवॉर्ड शो में फिर मिले. इस बार भी वीर साहू अपने स्वभाव के मुताबिक शांत रहे, लेकिन बातचीत की शुरुआत सपना ने की. धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी. दोस्ती हुई और फिर यही दोस्ती प्यार में बदल गई. अगले चार साल तक दोनों एक-दूसरे को समझते रहे, लेकिन अपने रिश्ते को दुनिया की नजरों से दूर रखा.

चार साल तक दुनिया से छिपाकर रखा रिश्ता

साल 2016 से 2020 तक दोनों के रिश्ते की भनक तक किसी को नहीं लगी. न सोशल मीडिया पर खुलकर कोई पोस्ट, न सार्वजनिक तौर पर कोई स्वीकारोक्ति. करीब चार साल तक दोनों ने अपने रिश्ते को बेहद निजी रखा. इसी दौरान दोनों एक-दूसरे के और करीब आते गए.

गुपचुप शादी और फिर बेटे के जन्म से खुला राज

जनवरी 2020 में दोनों ने परिवार की मौजूदगी में बेहद सादगी से शादी कर ली. परिवार में एक रिश्तेदार के निधन के कारण कोई बड़ा समारोह नहीं हुआ. बाद में दोनों ने कोर्ट मैरिज भी की, लेकिन शादी की खबर को सार्वजनिक नहीं किया. फिर साल 2020 में जब सपना चौधरी ने बेटे को जन्म दिया तो पहली बार लोगों को पता चला कि दोनों शादी कर चुके हैं. इस खबर ने फैंस को हैरान कर दिया था.

शादी के बाद शुरू हुईं दूरियां?

करीबी सूत्रों के अनुसार शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच विचारों और जीवनशैली को लेकर मतभेद उभरने लगे थे. एक तरफ सपना चौधरी का जीवन ग्लैमर, शो, इवेंट्स और लगातार यात्रा से जुड़ा था. दूसरी तरफ वीर साहू गांव, फार्महाउस, पशुपालन और अपेक्षाकृत शांत जीवन पसंद करते थे. दोनों की दुनिया अलग थी और समय के साथ यह अंतर और गहरा होता गया.

एक छत के नीचे नहीं, दो अलग दुनियाओं में रहने लगे दोनों

जानकारों के मुताबिक शादी के बाद भी सपना अक्सर मोहाली में अपनी बहन के साथ रहती थीं, जबकि वीर साहू अधिकतर समय अपने गांव स्थित फार्महाउस पर बिताते थे. लंबे समय तक अलग-अलग शहरों और अलग जीवनशैली में रहने की वजह से रिश्ते में दूरी बढ़ती चली गई. इस बीच दोनों दो बच्चों के माता-पिता भी बने. साल 2020 में बेटे पोरस का जन्म हुआ और 2024 में दूसरे बेटे शाहबीर ने परिवार में दस्तक दी.

सोशल मीडिया ने सबसे पहले दिखा दी थी रिश्ते की दरार

फैंस ने काफी पहले नोटिस करना शुरू कर दिया था कि दोनों अब साथ नजर नहीं आते. साल 2023 के बाद दोनों ने एक-दूसरे के साथ कोई तस्वीर या वीडियो साझा नहीं किया. इंस्टाग्राम पर भी दोनों एक-दूसरे को फॉलो नहीं करते. यहीं से रिश्ते में तनाव की चर्चाओं ने जोर पकड़ना शुरू कर दिया.

फिर अदालत तक पहुंच गया मामला

जून 2026 में यह विवाद खुलकर सामने आया, जब सपना चौधरी ने अदालत का दरवाजा खटखटाया. याचिका में उन्होंने अपने पति वीर साहू पर घरेलू हिंसा, मानसिक उत्पीड़न और अभद्र व्यवहार जैसे गंभीर आरोप लगाए. अदालत में उनकी ओर से मेडिकल दस्तावेज, तस्वीरें और अन्य साक्ष्य प्रस्तुत किए गए. दूसरी ओर, मामले पर कानूनी प्रक्रिया जारी है और आरोपों पर अंतिम फैसला अदालत द्वारा ही किया जाएगा.

कोर्ट का अंतरिम आदेश और बढ़ी चर्चा

9 जून 2026 को दिल्ली की द्वारका कोर्ट ने मामले की सुनवाई के दौरान अंतरिम राहत देते हुए वीर साहू को अगली सुनवाई तक सपना चौधरी से दूरी बनाए रखने और सीधे संपर्क से बचने का निर्देश दिया. इस आदेश के बाद यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया. सोशल मीडिया पर छिपे संदेशों ने बढ़ाई उत्सुकता. कोर्ट सुनवाई के बाद सपना चौधरी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा करते हुए लिखा कि 'कुछ तो लोग कहेंगे, वरना बेचारे जिंदा कैसे रहेंगे...' उधर कुछ ही देर बाद वीर साहू ने भी एक शायरी पोस्ट की. 'अच्छी सूरत को संवरने की जरूरत क्या है, सादगी में भी कयामत की अदा होती है...' दोनों की इन पोस्टों को लोगों ने अपने-अपने तरीके से पढ़ा और समझा.

प्यार से अदालत तक... एक अधूरी कहानी?

साल 2016 में शुरू हुई यह कहानी कभी हरियाणा की सबसे चर्चित प्रेम कहानियों में गिनी जाती थी. दोस्ती, प्यार, शादी, परिवार और दो बच्चों के बाद अब यह रिश्ता ऐसे मोड़ पर खड़ा है, जहां भविष्य को लेकर कई सवाल हैं. क्या दोनों के बीच की दूरियां कभी खत्म होंगी? क्या यह रिश्ता फिर से पटरी पर लौटेगा? या फिर यह प्रेम कहानी अदालत के फैसलों के बीच हमेशा के लिए इतिहास बन जाएगी?

अगला लेख