हरिद्वार में क्या कर बैठे Emraan Hashmi? जमकर हुआ बवाल, लोगों ने सेट पर किया हंगामा | Video Viral
हरिद्वार में इमरान हाशमी की एक आगामी फिल्म की शूटिंग के दौरान सेट पर लगे 'कैफे एंड बार' बोर्ड को लेकर विवाद खड़ा हो गया। स्थानीय लोगों ने धार्मिक भावनाओं का हवाला देते हुए विरोध जताया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
बॉलीवुड के 'सीरियल किसर' इमरान हाशमी (Emraan Hashmi) इन दिनों देवभूमि उत्तराखंड की वादियों में हैं. वे अपनी एक आगामी फिल्म की शूटिंग के लिए हरिद्वार पहुंचे हुए हैं. वैसे तो इस फिल्म को लेकर मेकर्स ने अब तक कोई ऑफिशियल अनाउंसमेंट नहीं की है, लेकिन फिलहाल फिल्म अपनी कहानी से ज्यादा एक नए विवाद को लेकर सुर्खियों में आ गई है. हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें फिल्म के सेट पर भारी हंगामा होते देखा जा सकता है.
दरअसल, फिल्म की शूटिंग के लिए क्रू मेंबर्स ने हरिद्वार में एक नकली रेस्टोरेंट का सेट तैयार किया था. कहानी की मांग के अनुसार, इस सेट पर एक साइनबोर्ड लगाया गया था, जिस पर 'कैफे एंड बार' लिखा था. बस, यही बात वहां के स्थानीय लोगों को रास नहीं आई. हरिद्वार को एक बेहद पवित्र और धार्मिक शहर माना जाता है, जहां शराब और बार जैसी चीजों को लेकर कड़े नियम और जनभावनाएं जुड़ी हुई हैं. ऐसे में तीर्थ स्थल पर 'बार' शब्द का इस्तेमाल देखकर लोग भड़क गए और उन्होंने इस पर कड़ी आपत्ति जताई.
वायरल वीडियो में क्या दिखा?
इंटरनेट पर जो वीडियो सामने आया है, उसमें स्थानीय लोगों और फिल्म की प्रोडक्शन टीम के बीच तीखी बहस होती दिखाई दे रही है. लोगों का कहना था कि इस तरह का साइनबोर्ड हरिद्वार के धार्मिक महत्व और उसकी पवित्रता को ठेस पहुंचाता है. ध्यान देने वाली बात: इस पूरी बहस और हंगामे के दौरान एक्टर इमरान हाशमी कहीं नजर नहीं आए. हालांकि, सेट पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और प्रोडक्शन टीम के सदस्यों ने स्थिति को संभालने और लोगों को शांत कराने की पूरी कोशिश की. इस विवाद पर अभी तक इमरान हाशमी या फिल्म के मेकर्स की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
किस फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं इमरान?
इमरान हाशमी के उत्तराखंड में होने की पुष्टि उन वीडियोज से होती है, जिनमें वे अपने फैंस से मिलते और तस्वीरें खिंचवाते नजर आ रहे हैं. लेकिन सस्पेंस इस बात को लेकर है कि आखिर यह शूटिंग किस प्रोजेक्ट की चल रही है?. अगर इमरान के वर्कफ्रंट की बात करें, तो उनके पास फिलहाल दो बड़ी फिल्में लाइन में हैं. तेलुगु फिल्म 'जी2' (G2) यह एक बड़े बजट की एक्शन थ्रिलर फिल्म है. आवारापन 2 इमरान की आइकॉनिक फिल्म का यह मच-अवेकड सीक्वल है. दिलचस्प बात यह है कि कुछ दिनों पहले ही मेकर्स ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी थी कि 'आवारापन 2' की शूटिंग पूरी हो चुकी है. इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा गया था, 'पुराने फैंस जानते हैं कि यह सिर्फ फिल्म का अंत नहीं है. वह आपके लिए वापस आ गया है. सिनेमाघरों में 14 अगस्त को.'




