T20 WC 2026: राशिद 'करामाती' खान के 5 ऐतिहासिक रिकॉर्ड, 700 का आंकड़ा हासिल कर अब टी20 में बने नंबर-1
अफगानिस्तान के कप्तान और स्टार स्पिन गेंदबाज राशिद खान ने अपने क्रिकेट करियर में कई ऐसे बड़े रिकॉर्ड बनाए हैं जिनको तोड़ना उतना आसान नहीं है. वहीं अब 700 विकेट लेकर उन्होंने इतिहास रच दिया.
Rashid Khan
T20 World Cup 2026, Rashid Khan: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बीते दिन अफगानिस्तान ने यूएई को 5 विकेट से हराकर अपनी सुपर-8 में पहुंचने की उम्मीदों को जिंदा रखा है. इस मैच में अफगानिस्तान के कप्तान और स्टार स्पिन गेंदबाज राशिद खान ने एक विकेट हासिल करते ही टी20 फॉर्मेट में इतिहास रच दिया. अपने क्रिकेट करियर में राशिद खान कई ऐसे बड़े रिकॉर्ड्स बना चुके हैं जिनको तोड़ना काफी मुश्किल है. राशिद खान के ऐसे ही 5 रिकॉर्ड्स के बारे में आज हम आपको बताने वाले हैं.
यूएई के साथ खेले गए मैच में राशिद खान को एक विकेट मिल पाया था. ये विकेट लेने के साथ ही राशिद खान ने टी20 फॉर्मेट में अपने 700 विकेट पूरे किए. इसके साथ ही राशिद टी20 में 700 विकेट लेने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बन गए.
राशिद खान के 5 बड़े रिकॉर्ड्स
1. 700 विकेट: राशिद खान अब टी20 फॉर्मेट में 700 विकेट लेने वाले दुनिया के इकलौते गेंदबाज बन गए हैं.
2. सबसे ज्यादा LBW: राशिद खान टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा LBW करने वाले गेंदबाज हैं. उन्होंने अभी तक 50 विकेट LBW से चटकाए हैं.
3. T20I में सबसे ज्यादा विकेट: राशिद खान टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं. उन्होंने अभी तक 191 विकेट चटकाए हैं.
4. सबसे कम उम्र के कप्तान: राशिद खान के नाम टेस्ट क्रिकेट में सबसे कम उम्र में कप्तानी करने का रिकॉर्ड भी है. राशिद 20 साल 350 दिन की उम्र में अफगानिस्तान टेस्ट टीम के कप्तान बन गए थे.
5. सबसे तेज 100 विकेट: टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज 100 विकेट हासिल करने का रिकॉर्ड भी राशिद खान के नाम है. उन्होंने 6 साल 3 दिन के अंदर 100 विकेट हासिल कर लिए थे.
T20 WC 2026 में क्या है AFG की स्थिति?
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अफगानिस्तान की टीम को ग्रुप-डी में रखा गया है. अभी तक राशिद खान की अगुवाई वाली अफगानिस्तान ने 3 मैच खेले हैं जिसमें से 2 में हार और 1 में जीत मिली है.
फिलहाल अफगानिस्तान की टीम ग्रुप-डी की पॉइंट्स टेबल में तीसरे पायदान पर बनी हुई है. हालांकि अब अफगानिस्तान के सुपर-8 में पहुंचने के चांस काफी कम है लेकिन टीम को एक उम्मीद जरूर है.





