T20 WC 2026: सुपर-8 की सांस अटकी, पाकिस्तान के सामने 'विन ऑर गो होम' की चुनौती
पाकिस्तान के लिए आज का मैच अहम होने वाला है. अगर वह आज के मैच में हारता है तो वह सुपर-8 से बाहर हो जाएगा. पाक ये मैच नामीबिया के खिलाफ कोलंबो में खेलेगा.
T20 WC, Pakistan: टी20 विश्व कप में पाकिस्तान की राह अब बेहद मुश्किल मोड़ पर आ खड़ी हुई है. बुधवार यानी आझ नामीबिया के खिलाफ उनका आखिरी लीग मुकाबला किसी फाइनल से कम नहीं है. सुपर-8 में पहुंचने की उम्मीद जिंदा रखने के लिए सलमान आगा की अगुआई वाली टीम को हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी.
अगर पाकिस्तान इस मैच में हारती है या बराबरी करती है तो इसका नतीजा लीग से बाहर होना होगा. बता दें, इससे पहे पाकिस्तान को रविवार को भारत के खिलाफ मैच में 61 रन से करारी शिकस्त झेलनी पड़ी थी.एशिया कप के बाद से भारत लगातार चार बार पाकिस्तान को बड़े अंतर से हरा चुका है, जिससे बड़े मैचों में पाकिस्तान की चुनौतियां और साफ दिखने लगी हैं.
सीनियर खिलाड़ियों पर क्या उठ रहे हैं सवाल?
सीनियर खिलाड़ियों बाबर आजम और शाहीन अफरीदी पर भी सवाल उठने लगे हैं. शाहीन पावरप्ले और डेथ ओवरों में प्रभावी नहीं दिखे और दो ओवर में 31 रन देकर सिर्फ एक विकेट ले सके. वहीं बाबर की स्पिन के खिलाफ दिक्कतें बरकरार हैं. टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम में वापसी के बाद स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ उनका स्ट्राइक रेट 101.70 है, जो मिडिल ऑर्डर की आक्रामकता और बैलेंस पर सवाल खड़े करता है.
टीम सेलेक्शन को लेकर भी असमंजस बना हुआ है. अगर बदलाव किए जाते हैं तो सलमान मिर्जा और फखर जमान विकल्प के तौर पर मौजूद हैं.
क्या रहा है पाकिस्तान का टी20 वर्ल्ड कप में रिकॉर्ड
पाकिस्तान ने अब तक तीन मैचों में 13, 16 और 18 ओवर स्पिन गेंदबाजों से कराए हैं. यह दिखाता है कि टीम परिस्थितियों के अनुसार रणनीति तय करने की कोशिश कर रही है. दूसरी ओर नामीबिया भले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुका हो, लेकिन उसके पास भी प्रेरणा की कमी नहीं है.
2027 के वनडे विश्व कप की सह-मेजबानी को देखते हुए टीम लय और आत्मविश्वास जुटाना चाहती है. फिर भी पाकिस्तान के लिए गणित सीधा है- जीतेंगे तो आगे बढ़ेंगे, वरना घर लौटना होगा. पाकिस्तान और नामीबिया के बीच मैच कोलंबो में दोपहर तीन बजे होगा.
भारत और नीदरलैंड्स का भी मुकाबला
उधर दूसरे मुकाबले में भारत का सामना नीदरलैंड से होगा. तीन में तीन जीत के साथ भारत पहले ही सुपर-8 में जगह पक्की कर चुका है. ऐसे में यह मैच टीम कॉम्बीनेशन को अंतिम रूप देने और कुछ एक्सपेरिमेंट करने का मौका हो सकता है.





