कप्तानी ही नहीं, टीम से भी हुई Suryakumar Yadav की छुट्टी; इंस्टाग्राम पर स्टोरी डाल सेलेक्शन पर क्या कहा?
आयरलैंड-इंग्लैंड दौरे और एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय टीम में जगह नहीं मिलने के बाद सूर्यकुमार यादव ने पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं. इस दौरान उन्होंने वैभव सूर्यवंशी की भी जमकर तारीफ की.
आयरलैंड-इंग्लैंड दौरे और एशियन गेम्स 2026 के लिए आज भारतीय टीम का ऐलान किया गया. टी-20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने वाले कप्तान सूर्यकुमार यादव की टीम से छुट्टी कर दी गई. उनकी जगह श्रेयस अय्यर को नया कप्तान बनाया गया है. अब टीम चयन पर सूर्या की प्रतिक्रिया सामने आई है, जिसमें उन्होंने किसी तरह की नाराजगी जताने के बजाय टीम के प्रति अपना समर्थन दिखाया है.
टीम चयन के बाद सूर्यकुमार यादव ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक स्टोरी साझा की, जिसमें उन्होंने चुने गए खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं. सूर्या ने लिखा, "Wishing this highly skilled group all the best for the challenge ahead. Team India." यानी उन्होंने आगामी चुनौतियों के लिए भारतीय टीम को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि चुने गए खिलाड़ी देश का नाम रोशन करेंगे.
वैभव सूर्यवंशी के लिए दिया खास संदेश
सूर्यकुमार यादव ने सिर्फ टीम को ही नहीं, बल्कि 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को भी अलग से बधाई दी. वैभव को पहली बार भारतीय टीम में जगह मिली है. आईपीएल 2026 में उनके शानदार प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं को प्रभावित किया और उन्हें राष्ट्रीय टीम तक पहुंचा दिया.
वैभव के लिए सूर्या ने लिखा, "You have earned it, and how. Super excited to follow your journey." यानी सूर्या का मानना है कि वैभव ने अपनी प्रतिभा और प्रदर्शन के दम पर यह मौका हासिल किया है और वह आगे उनके सफर को देखने के लिए उत्साहित हैं.
आईपीएल में कैसा रहा वैभव का प्रदर्शन?
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए 16 मैचों में 776 रन बनाए थे. उनका स्ट्राइक रेट 237 से ज्यादा रहा और उन्होंने टूर्नामेंट में ऑरेंज कैप भी अपने नाम की थी. इसी प्रदर्शन के दम पर उन्हें आयरलैंड-इंग्लैंड दौरे और एशियन गेम्स टीम में जगह मिली है. अगर उन्हें डेब्यू का मौका मिलता है तो वह भारत के सबसे युवा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर बनने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर सकते हैं.
बड़ा दिल दिखा गए सूर्या
टीम से बाहर होने के बावजूद सूर्यकुमार यादव का यह संदेश चर्चा का विषय बन गया है. आमतौर पर बड़े खिलाड़ियों के बाहर होने पर कई तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिलती हैं, लेकिन सूर्या ने युवा खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने का काम किया. उनकी पोस्ट से साफ है कि वह टीम इंडिया की सफलता को व्यक्तिगत उपलब्धियों से ऊपर रखते हैं और नई पीढ़ी के खिलाड़ियों का खुलकर समर्थन कर रहे हैं.




