Begin typing your search...

RCB के स्टार बल्लेबाज ने जड़ी सेंचुरी, फ्लॉप रहे जायसवाल और पंत; क्या श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में नहीं खेल पाएंगे गिल?

भारत और श्रीलंका के बीच तीन दिवसीय वॉर्म-अप मैच के दूसरे दिन देवदत्त पडिक्कल ने शानदार सेंचुरी जड़ी. वहीं, कप्तान शुभमन गिल दूसरे दिन भी खेलते हुए नजर नहीं आए.

Sri Lanka Cricket XI vs India, 3-Day Warm-up Match Devdutt Padikkal century gill injury update
X
( Image Source:  BCCI )

भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल श्रीलंका XI के खिलाफ जारी तीन दिवसीय वॉर्म-अप मैच में खेलते हुए नजर नहीं आएंगे. TOI की रिपोर्ट के मुताबिक, वे दाएं हाथ की रिंग फिंगर में चोट लगने के बाद पहले दिन मैदान पर नहीं उतरे थे. गिल को यह चोट मैच से एक दिन पहले ट्रेनिंग के दौरान लगी थी. हालांकि, उनकी उंगली की स्थिति अब ठीक बताई जा रही है और मैदान पर भी वह काफी सहज नजर आए. इसके बावजूद टीम मैनेजमेंट टेस्ट सीरीज से पहले अपने कप्तान को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहता.

वहीं, आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की ओर से खेलने वाले देवदत्त पडिक्कल ने वार्म-अप मैच में शानदार सेंचुरी जड़ी. वे 103 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हुए. रविंद्र जडेजा अर्धशतक बनाकर खेल रहे हैं.

वहीं, यशस्वी जायसवाल 0, रिषभ पंत 2 और ध्रुव जुरेल 1 रन बनाकर आउट हुए. कप्तान केएल राहुल ने 40 रन बनाए. श्रीलंका इलेवन ने अपनी पहली पारी 8 विकेट के नुकसान पर 363 रन बनाकर घोषित की.

डगआउट में टीम के साथ मौजूद रहे गिल

गिल टीम के बाकी खिलाड़ियों के साथ मैदान पर पहुंचे और पूरे दिन सपोर्ट स्टाफ के साथ अस्थायी डगआउट में बैठकर मैच देखते रहे. उनके चेहरे पर चोट को लेकर कोई परेशानी नहीं दिखी और वह काफी उत्साहित नजर आए. पहले दिन जब यशस्वी जायसवाल बिना खाता खोले आउट हुए और उनकी जगह देवदत्त पडिक्कल बल्लेबाजी के लिए पहुंचे, तब गिल को लेकर मैदान पर मौजूद लोगों की नजरें भारतीय कैंप पर टिक गईं.

भारत के नंबर-4 बल्लेबाज गिल उस समय भी ट्रेनिंग किट में ही थे. वह सपोर्ट स्टाफ के साथ मैदान के किनारे हल्की वॉक करते दिखाई दिए.

गिल ने नेट्स में भी बिताया समय

कुछ देर मैदान पर चक्कर लगाने के बाद गिल सीधे नेट्स की ओर चले गए. वहां उन्होंने बल्लेबाजी कर रहे खिलाड़ियों को देखा और खास तौर पर तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ के साथ काफी देर तक बातचीत की.

गिल और गुरनूर के बीच बल्लेबाजी को लेकर चर्चा हुई. इसके बाद थ्रोडाउन स्पेशलिस्ट ने लंबे कद के इस तेज गेंदबाज को बल्लेबाजी की प्रैक्टिस कराई. इससे यह साफ संकेत मिला कि गिल टीम की तैयारियों पर लगातार नजर रख रहे हैं, भले ही वह मैच में हिस्सा नहीं ले रहे हों.

उंगली ठीक, लेकिन मैनेजमेंट नहीं लेना चाहता जोखिम

रिपोर्ट के मुताबिक, गिल की उंगली फिलहाल अच्छी स्थिति में है,लेकिन टीम मैनेजमेंट का मानना है कि कप्तान को इस वॉर्म-अप मैच में उतारकर किसी तरह का जोखिम लेने की जरूरत नहीं है. पहले दिन का खेल खत्म होने के बाद टीम मैनेजमेंट के बीच चर्चा हुई और फैसला लिया गया कि गिल इस वॉर्म-अप मुकाबले से बाहर रहेंगे, ताकि वह 15 अगस्त से शुरू होने वाले पहले टेस्ट के लिए पूरी तरह फिट रह सकें.

15 अगस्त से शुरू होगा गाले टेस्ट

भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 15 अगस्त से गाले में खेला जाना है. वॉर्म-अप मैच खत्म होने के बाद भारतीय टीम एक दिन कोलंबो में रहेगी और फिर 11 अगस्त को गॉल रवाना होगी. ऐसे में टीम मैनेजमेंट की प्राथमिकता साफ है- गिल को वॉर्म-अप मैच में खिलाने के बजाय उन्हें पर्याप्त आराम देकर पहले टेस्ट के लिए तैयार रखना.

क्रिकेट न्‍यूज
अगला लेख