क्या नए 'मिस्टर 360 डिग्री' हैं Samit Dravid? मैदान के चारों तरफ खेले शॉट, वीडियो वायरल होने पर फैंस बोले- बिल्कुल पिता जैसी क्लास
भारत के दिग्गज बल्लेबाज राहुल द्रविड़ के बेटे समित द्रविड़ ने महाराजा टी20 लीग (KSCA T20 Trophy) में अपनी शानदार बल्लेबाजी से सभी का ध्यान खींच लिया है. उनकी क्लासिकल शॉट्स की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जहां फैंस उन्हें राहुल द्रविड़ की 'फोटोकॉपी' बता रहे हैं.
समिट द्रविड़
Samit Dravid Batting Viral Video: भारतीय क्रिकेट के महान बल्लेबाज राहुल द्रविड़ के बेटे समित द्रविड़ एक बार फिर चर्चा में हैं. इस बार वजह उनकी बल्लेबाजी है, जिसने सोशल मीडिया पर क्रिकेट प्रेमियों को राहुल द्रविड़ की याद दिला दी. 1 जुलाई को खेले गए KSCA T20 Trophy मुकाबले में समित ने कल्याणी बेंगलुरु ब्लास्टर्स की ओर से खेलते हुए 23 गेंदों में 32 रन बनाए. उनकी पारी में 6 शानदार चौके शामिल रहे.
हालांकि यह कोई बड़ी पारी नहीं थी, लेकिन जिस अंदाज में उन्होंने बैक-फुट कट, कवर ड्राइव, पुल शॉट और फ्लिक लगाए, उसने फैंस को पुराने राहुल द्रविड़ की झलक दिखा दी. सोशल मीडिया पर उनकी बल्लेबाजी का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. लोग उन्हें 'Rahul Dravid Photocopy' तक कह रहे हैं.
समित की 70 रन की साझेदारी ने रखी जीत की नींव
- हुबली के KSCA Hubli Cricket Ground में खेले गए मुकाबले में समित द्रविड़ ने रोहन पाटिल के साथ दूसरे विकेट के लिए 70 रन की साझेदारी की.
- रोहन पाटिल ने 38 गेंदों में 64 रन बनाए, जबकि प्रवीण दुबे ने 28 गेंदों में 51 रन की तेज अर्धशतकीय पारी खेली. अंत में शिवराज ने सिर्फ 7 गेंदों पर 23 रन बनाकर टीम का स्कोर 203/7 तक पहुंचाया.
- हुबली टाइगर्स की ओर से वैभव शर्मा (3/38) और अभिषेक अहलावत (2/39) सबसे सफल गेंदबाज रहे.
- 204 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए हुबली टाइगर्स ने भी जोरदार टक्कर दी. अनीश्वर गौतम (34), शिवकुमार रक्षित (41), अभिषेक मनोहर (21) और खास तौर पर मानवंत कुमार ने सिर्फ 22 गेंदों में 60 रन ठोककर मुकाबले को आखिरी गेंद तक पहुंचा दिया.
- आखिरी गेंद पर टीम को जीत के लिए 5 रन चाहिए थे, लेकिन हुबली टाइगर्स 201/7 तक ही पहुंच सकी और बेंगलुरु ब्लास्टर्स ने 2 रन से रोमांचक जीत दर्ज कर ली.
- ब्लास्टर्स के लिए निश्चिथ राव ने 3/27 और विद्वथ कावेरेप्पा ने 2 विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई.
पॉइंट्स टेबल में शीर्ष पर बेंगलुरु ब्लास्टर्स
यह इस सीजन में बेंगलुरु ब्लास्टर्स की 7 मैचों में छठी जीत रही. टीम अब 12 अंकों के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर मजबूत स्थिति में पहुंच गई है. दूसरी ओर हुबली टाइगर्स को टूर्नामेंट में तीसरी हार का सामना करना पड़ा.
सोशल मीडिया पर छाए समित द्रविड़
समित द्रविड़ की बल्लेबाजी देखने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस लगातार उनकी तारीफ कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, "Samit Dravid is literally Rahul Dravid photocopy." दूसरे यूजर ने कहा, "कवर ड्राइव, पुल शॉट, फ्लिक... सब कुछ बिल्कुल राहुल द्रविड़ जैसा है."
एक अन्य फैन ने लिखा, "समित धीरे-धीरे खुद को एक बेहतरीन ऑलराउंडर के रूप में स्थापित कर रहे हैं." वहीं, कई क्रिकेट प्रेमियों का मानना है कि अंडर-19 टीम में चयन के बाद अब समित के पास अपनी अलग पहचान बनाने का शानदार मौका है.
क्या नए 'मिस्टर 360 डिग्री' हैं समित द्रविड़?
समित द्रविड़ ने जिस तरह से मैदान के चारों तरफ शॉट खेले, उससे वे नए 'मिस्टर 360 डिग्री' बन सकते हैं. अभी तक सूर्यकुमार यादव और एबी डीविलियर्स को ही 'मिस्टर 360 डिग्री' कहा जाता है.




