अभिषेक शर्मा का राज खत्म, यह खिलाड़ी बना दुनिया का नंबर एक T20I बल्लेबाज; कोहली-सूर्या के खास क्लब में हुआ शामिल
अभिषेक शर्मा अब ICC T20I रैंकिंग में नंबर-1 बल्लेबाज नहीं रहे. उनकी जगह विस्फोटक बल्लेबाज ईशान किशन ने ले ली है. वह दुनिया के नंबर-1 T20I बल्लेबाज बन गए हैं.
अभिषेक शर्मा
ICC की नई पुरुष T20I बल्लेबाजी रैंकिंग में बड़ा बदलाव हुआ है. लंबे समय से दुनिया के नंबर-1 T20I बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का ताज छिन गया है. उनकी जगह भारतीय टीम के ही विस्फोटक बल्लेबाज ईशान किशन ने ले ली है. किशन ने अपनी लगातार शानदार बल्लेबाजी के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है. ICC रैंकिंग में ईशान ने अभिषेक शर्मा को सिर्फ 7 रेटिंग पॉइंट के मामूली अंतर से पीछे छोड़ा है.
ईशान किशन का यह उछाल खासतौर पर हाल ही में खेले गए ICC Men's T20 World Cup में शानदार प्रदर्शन के बाद आया है. टूर्नामेंट में उन्होंने 317 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 146 का रहा. पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में उनकी मैच जिताऊ पारी के लिए उन्हें Player of the Match का अवॉर्ड भी मिला था. इस टूर्नामेंट में वे भारत के लिए दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे. उनसे ज्यादा रन सिर्फ संजू सैमसन ने बनाए.
कोहली-सूर्या के क्लब में एंट्री
नंबर-1 T20I बल्लेबाज बनने के साथ ही ईशान किशन ने भारतीय क्रिकेट के दिग्गज बल्लेबाजों के खास क्लब में जगह बना ली है. वह विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव के बाद ICC पुरुष T20I बल्लेबाजी रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल करने वाले चौथे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं.
अब दोनों ही खिलाड़ी यानी ईशान किशन और अभिषेक शर्मा इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की T20I सीरीज में नजर आएंगे. इस सीरीज में दोनों बल्लेबाजों पर टीम इंडिया को मजबूत शुरुआत देने की बड़ी जिम्मेदारी होगी.
T20I Batting Ranking
- ईशान किशन
- अभिषेक शर्मा
- साहिबजादा फरहान
- फिल साल्ट
- पाथुम निसांका
- तिलक वर्मा
- जोस बटलर
- सूर्यकुमार यादव
- मिचेल मार्श
- डेवाल्ड ब्रेविस
ईशान किशन का कैसा रहा है T20I करियर?
ईशान किशन ने साल 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ अहमदाबाद में अपना T20I डेब्यू किया था. अब तक उन्होंने 47 पारियों में 1341 रन बनाए हैं. उनका बल्लेबाजी औसत 29.15 और स्ट्राइक रेट 146.87 है. उनके नाम एक शतक और 10 अर्धशतक दर्ज हैं, जबकि उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 103 रन है.




