आयरलैंड के हाथों भारत की हार के बाद अभिषेक शर्मा पर क्यों मचा है बवाल, क्या 19 गेंद में नहीं पूरी की थी फिफ्टी? जानें कन्फ्यूजन की वजह
भारत-आयरलैंड के बीच पहले टी20 मुकाबले में टीम इंडिया की हार के साथ अभिषेक शर्मा की 19 गेंदों में फिफ्टी भी चर्चा में आ गई. क्रिकबज के स्टैट्स में गड़बड़ी के बाद सोशल मीडिया पर सवाल उठे, लेकिन आधिकारिक ब्रॉडकास्टर सोनी स्पोर्ट्स के लाइव विजुअल्स ने साफ किया कि अभिषेक ने 19 गेंदों में ही अर्धशतक पूरा किया था.
अभिषेक शर्मा शॉट खेलते हुए
Abhishek Sharma 19 ball fifty: आयरलैंड के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में भारत को भले ही ऐतिहासिक हार का सामना करना पड़ा, लेकिन मैच के दौरान अभिषेक शर्मा की तूफानी बल्लेबाजी ने भी खूब सुर्खियां बटोरीं. हालांकि, उनके अर्धशतक को लेकर सोशल मीडिया पर एक नया विवाद खड़ा हो गया है, जिसकी वजह बनी क्रिकबज और ईएसपीएन क्रिकइन्फो के स्टैट्स में दिखाई गई जानकारी...
दरअसल, भारत 183 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रहा था. इस दौरान अभिषेक शर्मा ने तेज शुरुआत करते हुए सिर्फ 19 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. लाइव कमेंट्री के दौरान भी बताया गया कि उन्होंने 20 या उससे कम गेंदों में पांचवीं बार टी20 फिफ्टी पूरी की है.
सोशल मीडिया पर क्यों उठे सवाल?
क्रिकबज ने भी इसी आंकड़े को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर किया, जिसमें दावा किया गया कि अभिषेक शर्मा टी20 क्रिकेट में पांच बार 20 या उससे कम गेंदों में अर्धशतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं, लेकिन बाद में इस आंकड़े को लेकर सवाल उठने लगे.
सोशल मीडिया यूजर्स ने पूछा कि जब स्कोरबोर्ड पर कुछ समय तक अभिषेक का स्कोर 20 गेंदों में 49 रन दिख रहा था, तो फिर 19 गेंदों में फिफ्टी का आंकड़ा कैसे आया. इसी वजह से क्रिकबज के स्टैट्स पर बहस शुरू हो गई. ऐसा ही कुछ क्रिकइन्फो की वेबसाइट पर भी दिखाई दे रहा है.
बाद में क्रिकबज ने अपने उस पोस्ट और आंकड़े को हटा दिया, जिसमें अभिषेक की पांचवीं तेज टी20 फिफ्टी और आयरलैंड के खिलाफ तीसरी सबसे तेज अर्धशतक की जानकारी दी गई थी. हालांकि, इस मामले पर क्रिकबज की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
क्या अभिषेक शर्मा ने सच में फिफ्टी पूरी की थी?
लेकिन मैच के असली आंकड़े बताते हैं कि अभिषेक शर्मा ने वाकई 19 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया था. भारत के आधिकारिक ब्रॉडकास्टर सोनी स्पोर्ट्स के लाइव प्रसारण में भी साफ दिखाया गया कि अभिषेक ने फिफ्टी पूरी करने के बाद बल्ला उठाकर जश्न मनाया था. बीसीसीआई ने भी X पोस्ट कर अभिषेक को बधाई दी थी.
अभिषेक ने शुरू से ही आयरलैंड के खिलाफ आक्रामक अंदाज दिखाया और भारतीय पारी को तेज गति दी. हालांकि, उनके आउट होने के बाद भारतीय बल्लेबाजी लड़खड़ा गई और टीम 183 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 148 रन पर ऑलआउट हो गई. इस तरह उसे आयरलैंड के हाथों पहली बार 34 रन से करारी हार का सामना करना पड़ा.
कहां से सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क और क्रिकबज के स्कोरकार्ड में आया अंतर?
दरअसल. दूसरे ओवर की पांचवीं गेंद तक सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क और क्रिकबज के आंकड़े समान थे, लेकिन इसके बाद अंतिम गेंद से दोनों के स्कोरकार्ड में अंतर आ गया.
क्रिकबज के मुताबिक, जय मूंद्रा की आखिरी गेंद लेग बाई थी, जिस पर अभिषेक ने दौड़कर 1 रन लिया. वहीं, सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के मुताबिक, यह गेंद अभिषेक के बल्ले से निकली थी, जिस पर 1 रन मिला. यहीं से दोनों के स्कोरकार्ड में अंतर देखने को मिला, जिसने सोशल मीडिया पर यूजर्स को कन्फ्यूजन में डाल दिया.




