IPL 2026: क्या Riyan Parag को होगी जेल? वेपिंग करते हुए ड्रेसिंग रूम से वीडियो वायरल, जानें ई-सिगरेट Prohibition Act
PBKS vs RR मैच के दौरान ड्रेसिंग रूम में बैठकर राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग वेपिंग कर रहे थे, जिसका न सिर्फ वीडियो वायरल हो रहा है बल्कि अब बीसीसीआई भी बड़ी कार्रवाई कर सकता है.
Riyan Parag vaping
IPL 2026: आईपीएल 2026 का 40वां मुकाबला न्यू चंडीगढ़ में पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला गया. जिसमें राजस्थान ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए पंजाब को इस सीजन की पहली हार दी. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक वहीं इस मैच के दौरान ड्रेसिंग रूम में बैठकर राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग वेपिंग कर रहे थे, जिसका न सिर्फ वीडियो वायरल हो रहा है बल्कि अब बीसीसीआई भी बड़ी कार्रवाई कर सकता है.
सोशल मीडिया पर भी फैंस के बीच पराग की इस हरकत को लेकर बहस छिड़ गई है. बल्लेबाजी में खराब प्रदर्शन और अनुशासन में कमी के चलते रियान पराग एकबार फिर से विवादों में घिरते हुए दिखाई दे रहे हैं. ये सीजन बल्लेबाज के तौर पर उनके लिए कुछ नहीं रहा है.
कब का है ये वीडियो?
बताया जा रहा है कि यह वीडियो दूसरी पारी के 16वें ओवर के दौरान कैद हुआ, जब ब्रॉडकास्ट कैमरे ने पराग को किसी वेप जैसी वस्तु का इस्तेमाल करते हुए रिकॉर्ड किया. जैसे ही यह फुटेज सामने आया, सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया.
क्या होगा BCCI का एक्शन?
हालांकि वेपिंग को लेकर कोई स्पष्ट सार्वजनिक नियम सामने नहीं है, लेकिन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) खिलाड़ियों के व्यवहार को लेकर सख्त दिशा-निर्देश लागू करता है. ड्रेसिंग रूम या डगआउट में तंबाकू या उससे जुड़े उत्पादों के उपयोग पर आमतौर पर बैन रहता है. ऐसे में पराग पर अनुशासनात्मक कार्रवाई हो सकती है.
क्या कहता है ई-सिगरेट Prohibition Act?
इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट निषेध अधिनियम (PECA) 2019 के भारत में वेप या ई-सिगरेट को बैन कर दिया गया था. यह अधिनियम भारत में ई-सिगरेट/वेप के उत्पादन, बिक्री, खरीद, आयात, निर्यात और विज्ञापन पर रोक लगाता है और उल्लंघन करने पर जेल और भारी जुर्माना हो सकता है. पहली बार उल्लंघन करने पर 1 लाख रुपये का जुर्माना और 1 साल की सजा हो सकती है. जबकि बार-बार उल्लंघन करने पर 3 साल की सजा और 5 लाख का जुर्माना लग सकता है.
RR की तरफ से पहले कब हुआ उल्लंघन?
इससे पहले भी राजस्थान रॉयल्स से जुड़ा एक मामला चर्चा में आया था. टीम मैनेजर रोमी भिंडर को 10 अप्रैल को गुवाहाटी के एसीए स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मैच के दौरान डगआउट में मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने पर 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था. साथ ही उन्हें आधिकारिक चेतावनी भी दी गई थी.
कितने विकेट से जीता मैच?
इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब किंग्स ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 222 रन बनाए थे. पंजाब की तरफ से बल्लेबाजी करते हुए मार्कस स्टोयनिस ने नाबाद 62, प्रभसिमरन सिंह ने 59 और कप्तान श्रेयस अय्यर ने 30 रनों की पारी खेली थी. इसके बाद राजस्थान रॉयल्स ने बल्लेबाजी करते हुए इस लक्ष्य को 19.2 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया था. राजस्थान की तरफ से डेनोवन फरेरा ने सबसे ज्यादा 52 रनों की पारी खेली थी. इसके अलावा यशस्वी जायसवाल ने 51 और वैभव सूर्यवंशी ने 16 गेंदों पर 43 रन बनाए थे. इस जीत के साथ ही राजस्थान की टीम पॉइंट्स टेबल में तीसरे पायदान पर आ गई है.




