IPL 2026: क्यों ओपनिंग करने आए थे ऋषभ पंत? उठ रहा था सवाल, मैच के बाद खुद दिया जवाब
मैच में एलएसजी की बल्लेबाजी बेहद खराब रही. वहीं इस मैच में ऋषभ पंत ने मिचेल मार्श के साथ ओपनिंग करके हर किसी हैरान कर दिया.
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में ऋषभ पंत
IPL 2026, LSG vs DC: बीते दिन 1 अप्रैल को आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मुकाबला खेला गया. इस मैच में ऋषभ पंत की लखनऊ को 6 विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा. मैच में एलएसजी की बल्लेबाजी बेहद खराब रही. वहीं इस मैच में ऋषभ पंत ने मिचेल मार्श के साथ ओपनिंग करके हर किसी हैरान कर दिया.
जिसकी कमेंटेटर्स के बीच भी खूब चर्चा चली कि आखिर पंत ने एडन मार्क्रम की जगह खुद ओपनिंग करने का फैसला क्यों किया? हालांकि मैच के बाद पंत इस सवाल का भी जवाब दिया.
मैच के बाद क्या बोले पंत?
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खुद ओपनिंग करने को लेकर एलएसजी के कप्तान ऋषभ पंत ने बताया कि "ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि, आप जानते हैं, हम शीर्ष क्रम में बाएं हाथ के और दाएं हाथ के बल्लेबाज के विकल्प को आजमाना चाहते थे ताकि वे बाएं हाथ के स्पिनर से गेंदबाजी न करवा सकें. दुर्भाग्य से, मैं गलत समय पर आउट हो गया. वरना, पावर प्ले में अक्षर पटेल को एक ओवर और फेंकना था और इससे हमें उन पर बढ़त मिल जाती."
हार पर क्या बोले पंत?
दिल्ली से मिली हार को लेकर पंत ने कहा "मुझे लगता है कि आगे बढ़ने का यही सबसे अच्छा तरीका है क्योंकि आप जानते हैं कि ऐसी चीज़ों पर आपका कोई नियंत्रण नहीं होता, लेकिन इसके बारे में सोचने से आप निश्चित रूप से बैकफुट पर आ जाते हैं. हमने जिस तरह से बल्लेबाजी की, हम लंबे समय तक कोई साझेदारी नहीं बना पाए. हमें एक ऐसे बल्लेबाज को लाना पड़ा जो थोड़ी बहुत गेंदबाजी कर सके और यही वह विकल्प था जिसे हमें इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में चुनना पड़ा क्योंकि अच्छी पिच पर हमारे पास रनों की कमी थी."
140 रन को लेकर क्या बोले पंत?
उन्होंने कहा "आप जानते हैं, जब आप 140 रन बनाते हैं, तो आप वास्तव में विपक्षी टीम पर दबाव नहीं डाल सकते, खासकर इस तरह की अच्छी पिच पर लेकिन आप जानते हैं, एक सकारात्मक बात यह है कि लड़कों ने कड़ी टक्कर दी, जिस तरह से हमने गेंदबाजी की, खासकर जिस तरह से हमने शुरुआत की, निश्चित रूप से आगे के सीजन के लिए कुछ अच्छे संकेत हैं."
क्या आगे भी ओपनिंग करेंगे पंत?
आने वाले मैचों में ओपनिंग करने को लेकर पंत ने कहा "मुझे लगता है कि यह 50-50 का मामला है, लेकिन देखते हैं। लेकिन आप मुझे शीर्ष क्रम में जरूर देखेंगे."




