Begin typing your search...

कौन हैं Praggnanandhaa? 20 साल की उम्र में रचा इतिहास, नॉर्वे चेस 2026 का खिताब जीतकर बने पहले भारतीय चैंपियन

भारतीय शतरंज के युवा सितारे आर. प्रग्नानंद ने नॉर्वे चेस 2026 का खिताब जीतकर नया इतिहास रच दिया. 20 वर्षीय ग्रैंडमास्टर ने मैग्नस कार्लसन, डी. गुकेश और अलीरेज़ा फ़िरोज़जा जैसे दिग्गज खिलाड़ियों को पीछे छोड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की.

कौन हैं Praggnanandhaa? 20 साल की उम्र में रचा इतिहास, नॉर्वे चेस 2026 का खिताब जीतकर बने पहले भारतीय चैंपियन
X
( Image Source:  X: @gautam_adani )

भारतीय शतरंज की नई जनरेशन का सितारा युवा ग्रैंडमास्टर आर. प्रग्नानंद (Rameshbabu Praggnanandhaa) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतिष्ठित नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया है. मात्र 20 साल की उम्र में प्रग्नानंद यह सम्मान हासिल करने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं. उन्होंने जर्मनी के मजबूत खिलाड़ी विंसेंट कीमर को अंतिम दौर में हराकर यह बड़ी जीत दर्ज की. यह न सिर्फ उनकी व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि पूरे भारतीय शतरंज इतिहास में एक सुनहरा पन्ना भी जोड़ने वाली उपलब्धि है. यह टूर्नामेंट बेहद कठिन और मजबूत था.

इसमें दुनिया के टॉप खिलाड़ी हिस्सा ले रहे थे- विश्व नंबर 1 मैग्नस कार्लसन, मौजूदा विश्व चैंपियन डी. गुकेश, अलीरेज़ा फ़िरोज़जा, वेस्ली सो और विंसेंट कीमर जैसे दिग्गज. इतने बड़े-बड़े नामों वाले टूर्नामेंट में जीत हासिल करना किसी चमत्कार से कम नहीं है. टूर्नामेंट के बीच में प्रग्नानंद को कई झटके लगे. कुछ मैच हारने के कारण वे एडवांस्ड खिलाड़ियों से काफी पीछे चले गए थे. लग रहा था कि खिताब जीतने की उनकी उम्मीदें अब खत्म हो गई हैं. लेकिन सच्चे चैंपियन की तरह उन्होंने हार नहीं मानी. उन्होंने सबसे जरुरी समय पर कमाल की वापसी की.

कैसे जीता प्रग्नानंद?

प्रग्नानंद ने कई यादगार जीत हासिल की. उन्होंने विश्व चैंपियन गुकेश को नौवें दौर में हराया, जो उनकी वापसी की नींव बना. इसके अलावा उन्होंने अलीरेज़ा फ़िरोज़जा और मैग्नस कार्लसन जैसे दिग्गजों को भी शास्त्रीय शतरंज में हराया. खास बात यह है कि उन्होंने एक ही टूर्नामेंट में कार्लसन को दो बार हराया. इससे पहले यह करिश्मा सिर्फ भारत के महान शतरंज खिलाड़ी विश्वनाथन आनंद ही कर पाए थे. प्रग्नानंद 2026 में कार्लसन को दो बार हराने वाले पहले खिलाड़ी भी बन गए.

अंतिम दौर में मिली जीत

अंतिम दौर में स्थिति काफी रोमांचक हो गई थी. प्रग्नानंद, वेस्ली सो और फ़िरोज़जा तीनों खिताब की दौड़ में थे. लेकिन प्रग्नानंद की अंतिम दौर में कीमर पर मिली जीत ने सब कुछ तय कर दिया. इस जीत ने न सिर्फ सो की उम्मीदों पर पानी फेर दिया, बल्कि प्रग्नानंद को चैंपियन बना दिया. दूसरी ओर, मैग्नस कार्लसन ने भी टूर्नामेंट के अंत में अच्छा प्रदर्शन किया. उन्होंने गुकेश पर दो जीत हासिल कीं और चौथा स्थान हासिल किया। लेकिन इस बार मुख्य हीरो प्रग्नानंद थे.

कौन हैं प्रग्नानंद

आर. प्रग्नानंद, जिनका पूरा नाम रमेशबाबू प्रग्नानंद है, भारत के एक बेहद प्रतिभाशाली और युवा शतरंज ग्रैंडमास्टर हैं. वे शतरंज की दुनिया में एक प्रोडीजी (बाल-प्रतिभा) माने जाते हैं. 10 अगस्त चेन्नई में जन्में प्रग्नानंद 20 साल के हैं. मात्र 12 साल 10 महीने की उम्र में, दुनिया के सबसे युवा ग्रैंडमास्टरों में से एक हैं. प्रग्नानंद के पिता रमेशबाबू बैंक कर्मचारी हैं और मां नागलक्ष्मी हाउसवाइफ. उनकी बड़ी बहन आर. वैशाली भी एक इंटरनेशनल ग्रैंडमास्टर हैं. परिवार ने बहुत छोटी उम्र से ही उनकी प्रतिभा को नोटिस किया और उन्हें शतरंज की ट्रेनिंग दिलाई. मात्र 2.5-3 साल की उम्र से वे शतरंज खेलने लगे थे.

मेजर अचीवमेंट्स

2016: 10 साल की उम्र में इंटरनेशनल मास्टर बने (सबसे युवा खिलाड़ी)

2018: 12 साल की उम्र में ग्रैंडमास्टर का खिताब हासिल किया

2023: शतरंज विश्व कप में फाइनल तक पहुंचे (रनर-अप) – इस उम्र में यह बहुत बड़ी उपलब्धि थी

2024: भारतीय टीम के साथ चेस ओलंपियाड में गोल्ड मेडल जीता

2025: टाटा स्टील चेस टूर्नामेंट जीता (गुकेश को प्लेऑफ में हराकर)

2026: नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट का खिताब जीता- पहले भारतीय बनकर यह उपलब्धि हासिल की। टूर्नामेंट में उन्होंने मैग्नस कार्लसन को एक ही इवेंट में दो बार शास्त्रीय शतरंज में हराया

वे कैंडिडेट्स टूर्नामेंट के लिए भी क्वालीफाई कर चुके हैं और विश्व चैंपियनशिप की दौड़ में मजबूती से शामिल हैं

भारतीय शतरंज के लिए गौरव का क्षण

प्रग्नानंद पहले ही कैंडिडेट्स टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई कर चुके हैं और विश्व के शीर्ष खिलाड़ियों में अपनी जगह बना चुके हैं. चेन्नई के इस होनहार युवा ने अब नॉर्वे शतरंज खिताब जैसे बड़े सम्मान को भी अपने नाम कर लिया है. उनकी यह जीत दिखाती है कि भारतीय शतरंज की नई गोल्डन जनरेशन कितनी मजबूत और कॉंफिडेंट है. यह सफलता सिर्फ प्रग्नानंद की मेहनत, लगन और साहस का नतीजा है. टूर्नामेंट के बीच में आई मुश्किलों को पार करके उन्होंने साबित कर दिया कि सही समय पर सही खेल खेलना कितना जरूरी होता है. पूरे देश को प्रग्नानंद पर गर्व है. उनकी इस उपलब्धि से न सिर्फ भारतीय शतरंज खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी, बल्कि आने वाली जनरेशन भी बड़े सपने देखने का साहस करेगी.

अगला लेख