Begin typing your search...

54 गेंदों में 126 रन! नेपाल के बल्लेबाज ने रचा इतिहास, एक ओवर में 6 छक्के लगाने के बाद अब ठोका लगातार दूसरा शतक

नेपाल के स्टार ओपनर Kushal Bhurtel ने एशियन गेम्स क्वालिफायर में मलेशिया के खिलाफ 54 गेंदों में 126 रन की तूफानी पारी खेली. यह उनका लगातार दूसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक रहा.

kushal bhurtel back to back century
X

कुशल भुर्तेल

( Image Source:  x.com/ICCAsiaCrickett )

Kushal Bhurtel Hits Back-to-Back T20I Centuries: एशियन गेम्स पुरुष क्रिकेट क्वालिफायर में नेपाल के विस्फोटक बल्लेबाज कुशल भुर्तेल का बल्ला आग उगल रहा है. पहले चीन के खिलाफ एक ओवर में 6 छक्के लगाने वाले भुर्तेल ने अब मलेशिया के खिलाफ ऐसी पारी खेली, जिसने उन्हें रिकॉर्ड बुक में खास जगह दिला दी.

गुरुवार को खेले गए मुकाबले में मलेशिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी, लेकिन यह फैसला जल्द ही गलत साबित हो गया. नेपाल के ओपनर्स कुशल भुर्तेल और Aasif Sheikh ने शुरुआत से ही मलेशियाई गेंदबाजों पर हमला बोल दिया.

7 ओवर में 100 रन, फिर आया भुर्तेल का तूफान

दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 134 रन जोड़कर मैच का रुख पूरी तरह नेपाल की तरफ मोड़ दिया. टीम ने 7 ओवर पूरे होने से पहले ही 100 रन का आंकड़ा पार कर लिया. आसिफ शेख ने सिर्फ 24 गेंदों में 68 रन ठोककर गेंदबाजों की जमकर खबर ली. उनके आउट होने के बाद पूरी महफिल कुशल भुर्तेल के नाम रही.

54 गेंदों में 126 रन, गेंदबाजों की उड़ाई धज्जियां

भुर्तेल ने सिर्फ 25 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. इसके बाद उन्होंने गियर बदला और अगली 19 गेंदों में शतक भी पूरा कर लिया. बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 54 गेंदों में 126 रन बनाए, जिसमें 14 चौके और 8 छक्के शामिल रहे. उनकी इस विस्फोटक पारी की बदौलत नेपाल ने 275 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया.

167 रन से जीता नेपाल

276 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मलेशिया की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई. नेपाल के गेंदबाजों ने लगातार विकेट झटकते हुए मलेशिया को सिर्फ 108 रन पर समेट दिया. नेपाल ने मुकाबला 167 रन के बड़े अंतर से जीतकर टूर्नामेंट के फाइनल की ओर मजबूत कदम बढ़ाया.

लगातार दो टी20I शतक, बना दिया बड़ा रिकॉर्ड

इस मैच से पहले भुर्तेल ने चीन के खिलाफ भी शतक लगाया था. ऐसे में वह लगातार दो टी20 अंतरराष्ट्रीय पारियों में शतक लगाने वाले दुनिया के सिर्फ 10वें पुरुष क्रिकेटर बन गए. उन्होंने इस उपलब्धि के साथ Rilee Rossouw, Sanju Samson, Tilak Varma और Phil Salt जैसे खिलाड़ियों की खास सूची में जगह बना ली.

एक ओवर में 6 छक्के, अब लगातार दो शतक

भुर्तेल का यह स्वर्णिम सफर चीन के खिलाफ मैच से शुरू हुआ था. उस मुकाबले में उन्होंने स्पिनर चेन झोउ यूए के एक ओवर की सभी छह गेंदों पर छक्के जड़कर क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींच लिया था. अब लगातार दूसरे शतक के साथ उन्होंने साबित कर दिया है कि यह सिर्फ एक दिन का कमाल नहीं, बल्कि शानदार फॉर्म का नतीजा है.

नेपाल की नजर गोल्ड मेडल पर

मलेशिया पहले ही चीन को हराकर 2026 एशियन गेम्स के लिए क्वालिफाई कर चुका है और अब उसका सामना हांगकांग से होगा. वहीं, नेपाल की टीम सेमीफाइनल में Oman से भिड़ेगी. अगर भुर्तेल का बल्ला इसी तरह चलता रहा, तो नेपाल गोल्ड मेडल की दौड़ में सबसे मजबूत दावेदार बन सकता है.

क्रिकेट न्‍यूज
अगला लेख