Begin typing your search...

महंगाई का नया झटका! 3 महीने में दूसरी बार बढ़े गैस सिलेंडर के दाम, जानें नई कीमत

महंगाई की मार झेल रहे आम उपभोक्ताओं को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है. घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर की कीमतों में आज से 29 रुपये की बढ़ोतरी लागू कर दी गई है.

LPG Domestic Price Hike
X

LPG Domestic Price Hike

( Image Source:  ANI )

महंगाई की मार झेल रहे आम उपभोक्ताओं को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है. घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर की कीमतों में आज से 29 रुपये की बढ़ोतरी लागू कर दी गई है. नई दरें लागू होने के बाद देश की राजधानी दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये हो गई है.

लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों के बीच यह पिछले तीन महीनों में दूसरी बार है जब घरेलू एलपीजी सिलेंडर महंगा हुआ है. इससे पहले मार्च महीने में भी गैस सिलेंडर की कीमतें बढ़ाई गई थी. ऐसे में रसोई का बजट संभालना आम परिवारों के लिए और चुनौतीपूर्ण हो सकता है.

पिछली बार कितने बढ़े थे दाम?

घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में इससे पहले 7 मार्च को 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी. उस समय वैश्विक ऊर्जा बाजार में उथल-पुथल और पश्चिम एशिया में बढ़े तनाव के चलते अंतरराष्ट्रीय ईंधन कीमतों में तेजी दर्ज की गई थी। अब एक बार फिर कीमतों में इजाफा होने से उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ गया है.


तेल विपणन कंपनियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में एलपीजी की लागत लगातार बढ़ रही है, जिसके कारण उन पर वित्तीय दबाव बढ़ता जा रहा है. उद्योग से जुड़े अनुमानों के अनुसार हालिया बढ़ोतरी से पहले कंपनियों को घरेलू एलपीजी सिलेंडर की बिक्री पर प्रति सिलेंडर लगभग 703 रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा था.

मिडिल ईस्ट जंग का दिख रहा असर

पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद से ही घरेलू एलपीजी सिलेंडर के महंगे होने की अटकलें लगाई जा रही थीं. 28 फरवरी को शुरू हुए ईरान-इजराइल और अमेरिका के बीच तनाव तथा युद्ध जैसी परिस्थितियों के कारण वैश्विक सप्लाई चेन प्रभावित हुई थी. इसके बावजूद घरेलू एलपीजी की कीमतों में तत्काल बढ़ोतरी नहीं की गई थी.

कमर्शियल सिलेंडर कितना हुआ था महंगा?

सरकार और तेल कंपनियों ने इससे पहले 1 मई को कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी की थी. उस दौरान कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 993 रुपये तक पहुंच गई थी, जबकि पांच किलोग्राम वाले एलपीजी सिलेंडर के दाम में 261 रुपये का इजाफा किया गया था. इसके बाद 1 जून को भी कमर्शियल गैस सिलेंडर 42 रुपये महंगा किया गया था.

प्रमुख शहरों में घरेलू LPG सिलेंडर के नए दाम

1. नई दिल्ली ₹942

2. मुंबई ₹941.50

3. कोलकाता ₹968

4. चेन्नई ₹957.50

अगला लेख