Begin typing your search...

मौसम का यू-टर्न: दिल्ली-एनसीआर में शुरू होगा लू का प्रकोप, बिहार में जारी ऑरेंज अलर्ट; कहां तक पहुंचा मानसून?

देशभर में गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है. मौसम विभाग ने अगले 12 घंटों में 17 राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाओं और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है.

मौसम का यू-टर्न: दिल्ली-एनसीआर में शुरू होगा लू का प्रकोप, बिहार में जारी ऑरेंज अलर्ट; कहां तक पहुंचा मानसून?
X
( Image Source:  ANI )
रूपाली राय
Edited By: रूपाली राय5 Mins Read

Updated on: 7 Jun 2026 8:20 AM IST

देश के कई हिस्सों में इस समय भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप का सितम जारी है. लोग सूरज की तपिश से बेहाल हैं, लेकिन इसी बीच मौसम विभाग (IMD) ने एक बड़ी और राहत भरी खबर दी है. मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, देश के मौसम में एक बड़ा उलटफेर होने वाला है. अगले 12 घंटों के भीतर यानी आज 7 जून (रविवार) को उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और केरल समेत देश के 17 राज्यों में मध्यम से लेकर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है. इस दौरान मौसम काफी आक्रामक भी हो सकता है. विभाग ने चेतावनी दी है कि बारिश के साथ-साथ 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से विनाशकारी तेज हवाएं (तूफान) चल सकती हैं. मैदानी इलाकों के अलावा पहाड़ी और पूर्वोत्तर (North-East) राज्यों में भी मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.

मानसून की रफ़्तार: कहां तक पहुंचा मानसून?

राहत की बात यह है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून (South-West Monsoon) बहुत तेजी से आगे बढ़ रहा है.

इन राज्यों को किया कवर: मानसून ने महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और पूर्वोत्तर भारत के एक बड़े हिस्से में अपनी दस्तक दे दी है.

अगले 7 दिनों का प्लान: आईएमडी (IMD) के मुताबिक, अगले एक हफ्ते तक केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर के राज्यों में भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।

यहां जल्द होगी एंट्री: अगले 2 से 5 दिनों में मानसून के महाराष्ट्र के बचे हुए हिस्सों, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, ओडिशा और पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां बिल्कुल अनुकूल हैं.

दिल्ली-NCR: बादलों की आवाजाही और बढ़ती तपिश

देश की राजधानी दिल्ली में 7 जून को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, जिससे धूप का असर थोड़ा कम हो सकता है. आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है और 15 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी. हालांकि, यह राहत ज्यादा दिनों की नहीं है. 8 और 9 जून को आसमान पूरी तरह साफ हो जाएगा, जिससे धूप तीखी होगी और तापमान बढ़कर 41 से 42 डिग्री तक पहुंच जाएगा. 8 से 12 जून के बीच दिल्ली-एनसीआर में लू (Heatwave) का प्रकोप दोबारा शुरू हो सकता है.

उत्तर प्रदेश में बारिश, पश्चिम में लू का डबल अटैक

यूपी में मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिलेंगे. आज 7 जून को आजमगढ़, मऊ, देवरिया, जौनपुर, वाराणसी, प्रयागराज, मिर्जापुर, अयोध्या और गोंडा समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है. पूर्वी यूपी में 10-12 जून को भी बारिश की संभावना है, लेकिन बीच में 9-10 जून को लू का प्रकोप भी झेलना पड़ सकता है. यहां 9 से 11 जून के दौरान भीषण लू (Heatwave) चलेगी. इसके बाद 11 और 12 जून को बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी.

बिहार के कई जिलों में आंधी-बारिश का 'ऑरेंज अलर्ट'

बिहार के लोगों के लिए मौसम विभाग ने आज आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. पटना, सारण, बक्सर, गया, नालंदा, वैशाली, जमुई और रोहतास जैसे जिलों में तेज हवाओं के साथ पानी गिर सकता है. वहीं, भागलपुर और बांका में भारी बारिश की आशंका जताई गई है. इसके अलावा 9 और 10 जून को भी राज्य के कई हिस्सों में झमाझम बारिश होने का अनुमान है.

राजस्थान में धूलभरी आंधी और लू का कहर

राजस्थान में फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार कम ही हैं. जयपुर, जोधपुर, अजमेर, बीकानेर, कोटा और उदयपुर समेत कई जिलों में धूलभरी आंधी चलने और मौसम गर्म रहने की आशंका है. हालांकि, कुछ जगहों पर छिटपुट बूंदाबांदी हो सकती है. 8 से 12 जून के बीच पश्चिमी राजस्थान के इलाकों में भीषण लू चलने की सख्त चेतावनी जारी की गई है.

हिमाचल और उत्तराखंड: पहाड़ों में बिगड़ेगा मौसम

पहाड़ी राज्यों में घूमने गए पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए अलर्ट जारी किया गया है. हिमाचल के शिमला, कुल्लू, मनाली, कांगड़ा, चंबा और मंडी में आज और कल (7-8 जून) बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रहेंगी. इसके बाद 11-12 जून को भी बारिश का एक और दौर आएगा. उत्तराखंड के देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, ऋषिकेश और अल्मोड़ा जैसे क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक मौसम खराब रहेगा. विशेषकर 11 और 12 जून को तेज आंधी, बिजली कड़कने और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.

मौसम
अगला लेख