IPL खत्म, अब टेस्ट की असली परीक्षा! आज अफगानिस्तान से भिड़ेगी टीम इंडिया, जानें पिच रिपोर्ट और संभावित प्लेइंग 11
IPL 2026 खत्म होने के महज एक हफ्ते बाद टीम इंडिया 6 जून यानी आज से अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट खेलने उतरेगी. यह मुकाबला वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा नहीं है, लेकिन नई भारतीय टीम के लिए भविष्य की तैयारी का अहम पड़ाव माना जा रहा है.
कप्तान शुभमन गिल और कोच गौतम गंभीर
India vs Afghanistan Test Match Preview: आईपीएल की चकाचौंध, भरे हुए स्टेडियम और चौके-छक्कों की बारिश के बाद अब भारतीय क्रिकेट एकदम अलग मोड में प्रवेश करने जा रहा है. 6 जून से न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर में भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट मैच खेला जाएगा, जहां खिलाड़ियों को टी20 मानसिकता छोड़कर धैर्य और तकनीक की परीक्षा देनी होगी.
हालांकि, यह मुकाबला वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का हिस्सा नहीं है, लेकिन टीम इंडिया के लिए इसकी अहमियत किसी बड़े टेस्ट से कम नहीं है. श्रीलंका, न्यूजीलैंड और आगामी बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी जैसे बड़े असाइनमेंट से पहले यह नई भारतीय टीम के लिए खुद को परखने का पहला मौका होगा.
गंभीर की नई टेस्ट टीम की पहली बड़ी परीक्षा
मुख्य कोच Gautam Gambhir लगातार यह बात दोहराते रहे हैं कि हर टेस्ट मैच महत्वपूर्ण है, चाहे वह WTC का हिस्सा हो या नहीं. उनके कार्यकाल में भारतीय क्रिकेट 'स्टार कल्चर' से आगे बढ़कर एक नई पहचान बनाने की कोशिश कर रहा है. रोहित शर्मा और विराट कोहली के टेस्ट युग के बाद अब टीम की कमान Shubman Gill के हाथों में है. यह युवा टीम अभी अनुभव जुटा रही है और अफगानिस्तान के खिलाफ मुकाबला उसकी प्रगति को मापने का पहला पैमाना बनेगा.
साई सुदर्शन को मिलेगा बड़ा मौका
टीम चयन में सबसे दिलचस्प फैसला नंबर-3 बल्लेबाजी क्रम को लेकर दिख रहा है. शानदार फॉर्म में चल रहे Sai Sudharsan को नंबर-3 पर मौका मिलना लगभग तय माना जा रहा है. इसका मतलब है कि Devdutt Padikkal को फिलहाल इंतजार करना पड़ सकता है. टीम मैनेजमेंट खिलाड़ियों को लंबा मौका देने की नीति पर काम कर रहा है और बार-बार बदलाव से बचना चाहता है.
मुल्लांपुर में पहली बार होगा टेस्ट मैच
यह मुकाबला Maharaja Yadavindra Singh International Cricket Stadium में खेला जाएगा, जहां पहली बार कोई टेस्ट मैच आयोजित हो रहा है. हाल ही में इसी मैदान पर आईपीएल प्लेऑफ मुकाबले खेले गए थे.
पिच कैसी रहेगी?
मैच से एक दिन पहले पिच पर हल्की घास दिखाई दी, लेकिन भीषण गर्मी के कारण इसके जल्दी सूखने की संभावना है. ऐसे में स्पिनरों को मैच बढ़ने के साथ मदद मिल सकती है. तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जो खिलाड़ियों के लिए बड़ी चुनौती साबित होगा.
भारत की संभावित प्लेइंग XI
- केएल राहुल
- यशस्वी जायसवाल
- साई सुदर्शन
- शुभमन गिल (कप्तान)
- ऋषभ पंत (विकेटकीपर)
- वॉशिंगटन सुंदर
- नितीश रेड्डी
- हर्ष दुबे / मानव सुथार
- कुलदीप यादव
- मोहम्मद सिराज
- प्रसिद्ध कृष्णा
अफगानिस्तान को हल्के में नहीं ले सकती टीम इंडिया
अफगानिस्तान भले ही टेस्ट क्रिकेट में अभी शुरुआती दौर में हो, लेकिन उसके पास भारत को चुनौती देने की क्षमता है. नए मुख्य कोच Richard Pybus के नेतृत्व में टीम नई शुरुआत कर रही है. कप्तान Hashmatullah Shahidi के साथ अनुभवी बल्लेबाज Rahmat Shah की वापसी हुई है. हालांकि, स्टार स्पिनर Rashid Khan टीम में नहीं हैं, लेकिन क़ैस अहमद, शराफुद्दीन अशरफ और नंगेयालिया खरोटे जैसे स्पिनर भारतीय बल्लेबाजों को परेशान कर सकते हैं.
केएल राहुल के पास खास मौका
दिलचस्प बात यह है कि 2018 में जब अफगानिस्तान ने भारत के खिलाफ अपना पहला टेस्ट खेला था, उस भारतीय टीम से मौजूदा स्क्वाड में सिर्फ KL Rahul ही बचे हैं. राहुल हाल ही में आईपीएल में शानदार प्रदर्शन करके आए हैं और अब टेस्ट क्रिकेट में भी उसी लय को जारी रखना चाहेंगे.
मैच से पहले क्या बोले गंभीर?
गौतम गंभीर ने कहा कि भारत को रेड-बॉल क्रिकेट की तैयारी और बेहतर करनी होगी. उन्होंने माना कि पिछले कुछ विदेशी दौरों पर टीम की तैयारी में कमी दिखी थी और भविष्य में इस पर ज्यादा फोकस किया जाएगा.
वहीं, अफगानिस्तान के कोच रिचर्ड पाइबस ने ICC से अधिक टेस्ट मैच दिलाने की मांग करते हुए कहा कि किसी भी नई टेस्ट टीम का विकास नियमित मुकाबलों के बिना संभव नहीं है.




