PSL 2026: Babar Azam ने शतक जड़ रचा इतिहास, T20 में ऐसा करने वाले बने दुनिया के पहले कप्तान
पेशावर जालमी के कप्तान बाबर आजम ने शानदार शतक लगाकर टीम को जीत दिलाई. इस सीजन ये बाबर का दूसरा शतक है. वहीं शतक लगाने के साथ ही बाबर ने टी20 क्रिकेट में इतिहास भी रच दिया.
Babar Azam Century
PSL 2026: पाकिस्तान सुपर लीग 2026 में बाबर आजम का शानदार प्रदर्शन जारी है. बीते दिन पेशावर जालमी और इस्लामाबाद यूनाइटेड के बीच क्वालीफायर मुकाबला खेला गया. इस मैच पेशावर जालमी के कप्तान बाबर आजम ने शानदार शतक लगाकर टीम को जीत दिलाई. इस सीजन ये बाबर का दूसरा शतक है. वहीं शतक लगाने के साथ ही बाबर ने टी20 क्रिकेट में इतिहास भी रच दिया. बाबर अब टी20 क्रिकेट में कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं.
बाबर ने किसका तोड़ा रिकॉर्ड?
इस्लामाबाद यूनाइटेड के खिलाफ बल्लेबाजी करते हुए बाबर आजम ने 59 गेंदों में 103 रनों की शानदार पारी खेली और टी20 क्रिकेट में कप्तान के रूप में 9 शतक लगाने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए. उन्होंने इस दौरान फाफ डु प्लेसिस का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिनके नाम 8 शतक दर्ज है. खास बात यह है कि डु प्लेसिस ने यह उपलब्धि 216 मैचों में हासिल की थी, जबकि बाबर ने महज 154 मैचों में ही इसे पार कर लिया.
कैसा रहा बाबर के लिए ये सीजन?
इस साल बाबर आजम का बल्ला जमकर बोल रहा है. उन्होंने अब तक 10 मैचों में 84 की औसत और 146.26 के स्ट्राइक रेट से 588 रन बनाए हैं. हालांकि आलोचनाएं अभी भी उनका पीछा नहीं छोड़ रही हैं, लेकिन उनकी मौजूदा फॉर्म यह संकेत दे रही है कि वह जल्द ही पाकिस्तान की टीम में वापसी कर सकते हैं.
PSL में कितने शतक लगाए?
यह बाबर आजम का पाकिस्तान सुपर लीग में चौथा शतक था. इससे पहले वह 2022 और 2023 में भी शतक जड़ चुके हैं. इसके साथ ही उन्होंने उस्मान खान के सबसे ज्यादा शतक के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है, हालांकि उस्मान ने यह कारनामा कम मैचों में हासिल किया था.
विराट-अभिषेक के बराबर पहुंचे बाबर
बाबर का यह शतक उनके करियर का आठवां टी20 शतक था जो उन्होंने पाकिस्तान में लगाया है. इस मामले में उन्होंने अभिषेक शर्मा और विराट कोहली के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है, जिनके नाम भी अपने देश में 8-8 टी20 शतक दर्ज हैं.
मैच के बाद क्या बोले बाबर?
मैच के बाद बाबर आजम ने कहा, “मुझे लगने लगा है कि मैं फिर से अपनी सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में लौट रहा हूं. मैं चीजों को आसान रखने की कोशिश कर रहा हूं. अपनी स्किल्स पर भरोसा कर रहा हूं और हालात के हिसाब से अपना खेल खेल रहा हूं. पहले चीजें वैसी नहीं थीं, लेकिन अब सब कुछ वापस आ रहा है और मैं इस निरंतरता को बनाए रखना चाहता हूं. जब पहले छह ओवरों में अच्छी शुरुआत मिलती है तो आपको अपना नैचुरल गेम खेलने और रन रेट बनाए रखने का मौका मिलता है.”




