मैच से पहले पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने धोए गंदे बर्तन, बिना होटल सड़कों पर भटके खिलाड़ी; कप्तान का छलका दर्द
पाकिस्तानी हॉकी टीम के कप्तान शकील अम्माद बट ने पाकिस्तान लौटते ही पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन (PHF) पर तीखा हमला बोलते हुए दावा किया कि खिलाड़ियों को मैच से पहले रसोई साफ करनी और बर्तन धोने तक की नौबत आ गई.
pakistan
पाकिस्तान हॉकी टीम का हालिया ऑस्ट्रेलिया दौरा खेल से ज्यादा बदइंतजामी और विवादों के कारण सुर्खियों में आ गया है. टीम के कप्तान शकील अम्माद बट ने पाकिस्तान लौटते ही पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन (PHF) पर तीखा हमला बोलते हुए दावा किया कि खिलाड़ियों को मैच से पहले रसोई साफ करनी और बर्तन धोने तक की नौबत आ गई.
लाहौर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में बट ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा, "जब खिलाड़ियों को मैच से पहले किचन साफ करना पड़े और बर्तन तक धोने पड़ें, तो आप किस तरह के नतीजे की उम्मीद करेंगे?" उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मौजूदा मैनेजमेंट के साथ आगे काम करना संभव नहीं है.
एयरपोर्ट पर क्यों करना पड़ा लंबा इंतजार?
ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान टीम को कई स्तरों पर अव्यवस्था का सामना करना पड़ा. पाकिस्तान स्पोर्ट्स बोर्ड (PSB) ने पुष्टि की कि टीम की होटल व्यवस्था के लिए 1 करोड़ पाकिस्तानी रुपये से अधिक की राशि जारी की गई थी. इसके बावजूद खिलाड़ियों को सिडनी एयरपोर्ट पर 13-14 घंटे तक इंतजार करना पड़ा. इस लंबी देरी ने खिलाड़ियों की तैयारियों पर भी असर डाला और टीम मानसिक रूप से भी दबाव में नजर आई.
सड़कों पर क्यों भटके खिलाड़ी?
सबसे हैरान करने वाली स्थिति तब सामने आई जब FIH प्रो लीग मुकाबलों से पहले होटल पहुंचने पर खिलाड़ियों को पता चला कि उनकी बुकिंग ही नहीं की गई थी, क्योंकि पहले भुगतान नहीं हुआ था. टीम को कई घंटों तक सड़क पर इंतजार करना पड़ा, जिसके बाद ठहरने की व्यवस्था की जा सकी. अगले ही दिन टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच खेलना था, जिसमें पाकिस्तान 2-3 से हार गया. इस दौरे पर पाकिस्तान को मेजबान ऑस्ट्रेलिया और जर्मनी दोनों के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा.
क्या बोले कप्तान?
कप्तान बट ने खुलासा किया कि टीम के लिए एयरबीएनबी आवास सिर्फ 10 दिनों के लिए बुक किया गया था, जबकि टीम को कुल 13 दिन रुकना था. अतिरिक्त दिनों के लिए कोई स्पष्ट व्यवस्था नहीं थी, जिसके कारण खिलाड़ियों को बाद में सस्ते ठिकाने पर शिफ्ट होना पड़ा. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि खिलाड़ियों को मीडिया से बात न करने की चेतावनी दी गई थी. बट ने कहा कि वह इसलिए बोल रहे हैं क्योंकि उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में जो परिस्थितियां झेली, वे अस्वीकार्य हैं.





