On This Day: पाकिस्तान के लिए काला दिन साबित हुई थी 25 फरवरी, FAQ से समझें कैसे वनडे में शर्मसार हुआ था पड़ोसी
25 फरवरी 1993 का दिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट इतिहास में एक ऐसे मुकाबले के लिए दर्ज है, इस दिन पाकिस्तान की टीम क्रिकेट मैदान पर शर्मसार हुई थी.
Pakistan Team
On This Day: 25 फरवरी 1993 का दिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट इतिहास में एक ऐसे मुकाबले के लिए दर्ज है, इस दिन पाकिस्तान की टीम क्रिकेट मैदान पर शर्मसार हुई थी. केपटाउन में खेले गए वनडे मुकाबले में पाकिस्तान और वेस्टइंडीज की टीम आमने-सामने थे, लेकिन जो नतीजा सामने आया, उसने सभी को चौंका दिया.
वसीम अकरम की कप्तानी में उतरी मजबूत पाकिस्तानी टीम महज 43 रनों पर सिमट गई. वेस्टइंडीज के घातक तेज गेंदबाजों ने ऐसा कहर बरपाया कि 6 बल्लेबाज खाता तक नहीं खोल सके. यह मैच आज भी वनडे क्रिकेट के सबसे कम स्कोर वाले मुकाबलों में शुमार है.
1. सवाल: क्या टॉस के बाद बदली तस्वीर?
जवाब: केपटाउन में खेले गए इस मुकाबले में वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी और उनका ये फैसला सही साबित भी हुआ. पाकिस्तान को पारी की पहली ही गेंद पर रमीज रजा के रूप में पहला बड़ा झटका मिला था.
2. सवाल: कितने ओवर में सिमटी टीम?
जवाब: इस मैच में पाकिस्तान की पूरी टीम 19.5 ओवर में महज 43 रन बनाकर सिमट गई थी. सलीम मलिक, आसिफ मुज्तबा, वसीम अकरम, राशिद लतीफ, वकार यूनुस और मुश्ताक अहमद जैसे बल्लेबाज खाता तक नहीं खोल पाए थे.
3. सवाल: किसने कितने बनाए थे रन?
जवाब: पाकिस्तान की तरफ से बल्लेबाजी करते हुए जाहिद फजल ने सबसे ज्यादा 21 रनों की पारी खेली थी. इसके अलावा आकिब जावेद ने 4, सईद अनवर ने 5, सलीम मलिक ने 1 और गुलाम अली ने 2 रन बनाए थे. मैच में टीम के 10 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाए थे.
4. सवाल: किसने की थी घातक गेंदबाजी?
जवाब: वेस्टइंडीज के लिए कर्टनी वॉल्श और एंडरसन कमिंस ने पाकिस्तान के बल्लेबाजों के छक्के छुड़ाए थे. मैच में वॉल्श ने 9 ओवर में 16 रन देकर 4 विकेट चटकाए थे तो वहीं कमिंस ने 4 ओवर में 11 रन देकर 3 हासिल किए थे. इसके अलावा पैट्रिक पैटरसन ने भी 6 ओवर में 14 रन देकर 2 विकेट हासिल किए थे.
5. सवाल: कितने विकेट से जीती थी वेस्टइंडीज?
जवाब: पाकिस्तान से मिले 44 रनों के आसान से टारगेट को वेस्टइंडीज ने 12.3 ओवर में हासिल कर लिया था. वेस्टइंडीज की तरफ से बल्लेबाजी करते हुए ब्रायन लारा ने 34 गेंदों पर 26 रनों की नाबाद पारी खेली थी और वेस्टइंडीज ने इस मुकाबले को 7 विकेट से अपने नाम कर लिया था.
6. सवाल: मैच में कितनी लगी थी बाउंड्री?
जवाब: वेस्टइंडीज और पाकिस्तान के बीच खेले गए इस मुकाबले में कुल 7 चौके लगे. पाकिस्तान की पारी में 3 और वेस्टइंडीज की पारी में 4 चौके लगे थे.




