Begin typing your search...

मानव सुथार को टेस्ट डेब्यू के बाद मिला बड़ा मौका, अब इंग्लैंड की काउंटी क्रिकेट में दिखाएंगे दम; ये खिलाड़ी भी बिखेर चुके हैं जलवा

मानव सुथार को इंग्लैंड की काउंटी टीम वार्विकशायर ने काउंटी चैंपियनशिप के लिए साइन किया है. हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट डेब्यू में 7 विकेट लेने वाले सुथार अब यॉर्कशायर और समरसेट के खिलाफ दो मुकाबलों में वार्विकशायर का प्रतिनिधित्व करेंगे.

Manav Suthar
X

मानव सुथार

( Image Source:  BCCI )

भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे मानव सुथार को टेस्ट डेब्यू के कुछ ही दिनों बाद बड़ा अंतरराष्ट्रीय मौका मिला है. इंग्लैंड की प्रतिष्ठित काउंटी टीम Warwickshire County Cricket Club ने उन्हें मौजूदा काउंटी चैंपियनशिप सीजन के अगले दो मुकाबलों के लिए अपनी टीम में शामिल किया है. सुथार 12 जून से स्कारबोरो में खेले जाने वाले मुकाबले में Yorkshire County Cricket Club के खिलाफ वार्विकशायर की ओर से मैदान में उतर सकते हैं. इसके बाद वह अगले सप्ताह टॉनटन में Somerset के खिलाफ होने वाले मैच में भी उपलब्ध रहेंगे.

मानव सुथार हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में भारत के लिए डेब्यू करने के बाद सुर्खियों में आए थे. उन्होंने अपने पहले ही ओवर में विकेट हासिल कर शानदार शुरुआत की थी और पहली पारी में 6 विकेट झटककर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा. दूसरी पारी में एक और विकेट लेकर उन्होंने मैच में कुल 7 विकेट अपने नाम किए.

फर्स्ट क्लास मैचों में कैसा रहा सुथार का प्रदर्शन?

राजस्थान के लिए घरेलू क्रिकेट में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर सुथार ने राष्ट्रीय टीम में जगह बनाई थी. उन्होंने अब तक 29 फर्स्ट क्लास मैचों में 129 विकेट लेकर खुद को भारत के सबसे प्रतिभाशाली युवा स्पिनरों में शामिल किया है.

वार्विकशायर के परफॉर्मेंस डायरेक्टर ने क्या कहा?

वार्विकशायर के परफॉर्मेंस डायरेक्टर जेम्स थॉमस ने कहा कि टीम मानव सुथार के आने से बेहद उत्साहित है. सुथार गेंदबाजी आक्रमण में एक नया आयाम जोड़ेंगे. भारतीय टेस्ट टीम में उनके हालिया चयन से उनकी क्षमता का अंदाजा लगाया जा सकता है.

मानव सुथार ने क्या कहा?

खुद मानव सुथार ने भी इस अवसर को लेकर खुशी जताई. उन्होंने कहा कि वार्विकशायर जैसी टीम से जुड़ना उनके लिए गर्व की बात है. वह टीम को काउंटी चैंपियनशिप खिताब की दौड़ में मदद करना चाहते हैं.

फिलहाल वार्विकशायर काउंटी चैंपियनशिप डिवीजन-1 की अंक तालिका में चौथे स्थान पर है. टीम ने छह मुकाबलों में दो जीत और दो ड्रॉ दर्ज किए हैं. ऐसे में भारतीय स्पिनर से टीम को काफी उम्मीदें होंगी.

मानव सुथार से पहले किन खिलाड़ियों ने इंग्लैंड में खेला काउंटी क्रिकेट?

मानव सुथार से पहले भारत के कई महान और दिग्गज खिलाड़ियों ने इंग्लैंड की काउंटी क्रिकेट में अपनी छाप छोड़ी है. काउंटी क्रिकेट खेलने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी कुमार रणजीतसिंहजी (रैंजी) थे, जिन्होंने 1895 में ससेक्स के लिए डेब्यू किया था.

काउंटी क्रिकेट खेलने वाले प्रमुख भारतीय खिलाड़ी

  1. सुनील गावस्कर: साल 1980 में समरसेट (Somerset) के लिए खेलने वाले पहले आधुनिक भारतीय खिलाड़ी बने
  2. कपिल देव: नॉर्थम्प्टनशायर (Northamptonshire) और वॉर्सेस्टरशायर (Worcestershire)
  3. दिलीप वेंगसरकर: ससेक्स (Sussex)
  4. रवि शास्त्री: ग्लेमोर्गन (Glamorgan)
  5. मोहम्मद अजहरुद्दीन: डर्बीशायर (Derbyshire)
  6. सचिन तेंदुलकर: साल 1992 में यॉर्कशायर (Yorkshire) के इतिहास के पहले विदेशी खिलाड़ी बने
  7. अनिल कुंबले: नॉर्थम्प्टनशायर, लीसेस्टरशायर और सरे (Surrey)
  8. राहुल द्रविड़: केंट (Kent)
  9. सौरव गांगुली: ग्लेमोर्गन, लंकाशायर और नॉर्थम्प्टनशायर
  10. वीवीएस लक्ष्मण: लंकाशायर (Lancashire)
  11. वीरेंद्र सहवाग: लीसेस्टरशायर (Leicestershire) के लिए साल 2003 में खेला
  12. युवराज सिंह: यॉर्कशायर (Yorkshire) के लिए साल 2003 में मैच खेले
  13. जहीर खान: वॉर्सेस्टरशायर और सरे
  14. विराट कोहली: साल 2018 में सरे (Surrey) के साथ अनुबंध किया था
  15. चेतेश्वर पुजारा: डर्बीशायर, यॉर्कशायर, नॉटिंघमशायर और ससेक्स
  16. अजिंक्य रहाणे: लीसेस्टरशायर और हैम्पशायर
  17. रविचंद्रन अश्विन: वॉर्सेस्टरशायर, नॉटिंघमशायर और सरे
  18. अक्षर पटेल: डरहम (Durham)
  19. नवदीप सैनी: केंट (Kent)
  20. उमेश यादव: मिडलसेक्स (Middlesex)
  21. पृथ्वी शॉ: नॉर्थम्प्टनशायर के लिए शानदार दोहरा शतक लगाया
  22. युजवेंद्र चहल: नॉर्थम्प्टनशायर (Northamptonshire)
  23. वेंकटेश अय्यर: लंकाशायर (Lancashire)

मानव सुथार वार्विकशायर के लिए खेलने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी हैं. उनसे पहले मोहम्मद सिराज, क्रुणाल पांड्या और जयंत यादव जैसे भारतीय खिलाड़ी भी खेल चुके हैं.

क्रिकेट न्‍यूज
अगला लेख