IPL 2026: Vaibhav Suryavanshi ने T20 में जड़ा सबसे तेज 'अनोखा शतक', GT के खिलाफ 3 छक्के लगाकर रच दिया इतिहास
गुजरात टाइटंस के खिलाफ भले ही राजस्थान रॉयल्स को हार का सामना करना पड़ा हो लेकिन 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने 3 छक्के लगाकर एक वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है.
Vaibhav Suryavanshi
IPL 2026, Vaibhav Suryavanshi: आईपीएल 2026 में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से बड़े-बड़े गेंदबाजों के छक्के छुड़ा रहे हैं. दिग्गज क्रिकेटर्स भी आज वैभव की बल्लेबाजी के कायल हो गए हैं और 15 साल की उम्र में ये खिलाड़ी रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड बना रहा है. बीते दिन गुजरात टाइटंस के खिलाफ भले ही वैभव लंबी पारी न खेल पाए हो लेकिन उन्होंने 3 छक्के लगाने के साथ टी20 क्रिकेट में एक अनोखा शतक पूरा करके इतिहास रच दिया.
गुजरात के खिलाफ मैच में सूर्यवंशी ने जैसे ही मोहम्मद सिराज की पहली गेंद पर छक्का जड़ा, वैसे ही उन्होंने टी20 क्रिकेट में सबसे कम गेंदों में 100 छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. इस युवा बल्लेबाज ने केवल 514 गेंदों में अपने 100 छक्के पूरे किए, जो अब तक का विश्व रिकॉर्ड है. इसके साथ ही वह इस मुकाम तक पहुंचने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी भी बन गए हैं.
किन 2 खिलाड़ियों के तोड़े रिकॉर्ड?
सबसे तेज 100 टी20 छक्के लगाने के मामले में सूर्यवंशी ने ऑस्ट्रिया के बल्लेबाज करणबीर सिंह और वेस्टइंडीज के दिग्गज ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड को भी पीछे छोड़ दिया है. करणबीर सिंह ने अपने 100 छक्के 813 गेंदों में पूरे किए थे, जबकि पोलार्ड को इस आंकड़े तक पहुंचने में 843 गेंदें लगी थीं. वहीं सूर्यवंशी ने केवल 514 गेंदों में यह रिकॉर्ड बनाकर टी20 क्रिकेट में नया इतिहास रच दिया.
ये रिकॉर्ड भी किया अपने नाम
शनिवार के मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने 16 गेंदों पर 36 रन की विस्फोटक पारी खेली. उनकी इस पारी में तीन चौके और तीन शानदार छक्के शामिल रहे. खास बात यह रही कि उनके तीनों छक्के पावरप्ले के दौरान आए. इसी के साथ सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में पावरप्ले में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया. इस सीजन में अब तक उनके नाम पावरप्ले में 30 छक्के दर्ज हो चुके हैं, जो किसी भी बल्लेबाज द्वारा एक सीजन में बनाया गया नया रिकॉर्ड है.
आईपीएल 2026 में कैसा रहा प्रदर्शन?
वैभव सूर्यवंशी का आईपीएल 2026 में अब तक शानदार प्रदर्शन रहा है. उन्होंने 11 मैचे खेले हैं, जिसमें ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 236.56 के स्ट्राइक रेट से 440 रन बनाए हैं. इस दौरान उनको बल्ले से 1 शतक और 2 अर्धशतक निकले हैं.




