IPL 2026: न विराट, न रोहित और न अभिषेक शर्मा... Vaibhav Sooryavanshi हैं आईपीएल 'बॉस', दूसरे सीजन में ही बना दिया बड़ा रिकॉर्ड
IPL 2026: LSG के खिलाफ मैच में वैभव सूर्यवंशी बल्ले से 10 छक्के देखने को मिले. जो स्टेडियम के चारों तरफ लगे. वहीं अब वैभव एक आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं.
Vaibhav Sooryavanshi Most sixes in an IPL season
IPL 2026 Vaibhav Sooryavanshi: आईपीएल 2026 में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी का बल्ला जमकर आग उगल रहा है. वैसे तो आईपीएल के दौरान दिग्गज विराट कोहली से लेकर रोहित शर्मा और अभिषेक शर्मा की बल्लेबाजी की ज्यादा चर्चाएं होती है लेकिन लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ जिस तरह से वैभव ने स्पिन से लेकर तेज गेंदबाजों तक पर प्रहार किया उसको देखकर हर कोई अब उनका गुणगान कर रहा है. भले ही एलएसजी के खिलाफ वैभव शतक से चूक गए हो लेकिन अपनी टीम को उन्होंने जीत की दहलीज पर पहुंचा दिया था.
मैच में उनके बल्ले से 10 छक्के देखने को मिले. जो स्टेडियम के चारों तरफ लगे. वहीं अब वैभव एक आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं. हालांकि ओवररोल लिस्ट में उनसे ऊपर अब सिर्फ क्रिस गेल बचे हैं, जिनका रिकॉर्ड शायद अगले ही मैच में वैभव तोड़ डाले.
क्या है वैभव का बड़ा रिकॉर्ड?
एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अभी तक सनराइजर्स हैदराबाद के सलामी विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के नाम था. जिन्होंने आईपीएल 2024 में 42 छक्के लगाए थे, लेकिन अब वैभव सूर्यवंशी ने इस रिकॉर्ड को तोड़ दिया है. वैभव के नाम अब 53 छक्के हो गए हैं. जिनमें से 10 उन्होंने बीते दिन लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ लगाए.
इसके अलावा वैभव ने जोस बटलर और आंद्रे रसेल को भी पीछे छोड़ दिया है. बटलर ने आईपीएल 2022 में 45 तो आंद्रे रसेल ने आईपीएल 2019 में 52 छक्के लगाए थे. अब इस लिस्ट में वैभव से ऊपर सिर्फ क्रिस गेल हैं. जिन्होंने आईपीएल 2012 में 59 छक्के लगाए थे. वैभव की अब इस रिकॉर्ड पर नजरें होंगी.
वैभव ने कितने रन की खेली पारी?
वैभव सूर्यवंशी ने एलएसजी के खिलाफ विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए महज 38 गेंदों पर 93 रनों की पारी खेली थी. इस दौरान उनके बल्ले से 7 चौके और 10 छक्के निकले थे. इसके अलावा वैभव का स्ट्राइक रेट 244.74 का रहा. उनकी इस शानदार पारी के लिए वैभव को प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया.
बात अगर मैच की करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए एलएसजी ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 220 रन बनाए थे. एलएसजी की तरफ से मिचेल मार्श ने सबसे ज्यादा 96 रनों की पारी खेली थी, इसके अलावा जोश इंगलिस ने 60 रन बनाए थे. वहीं राजस्थान ने इस लक्ष्य को 19.1 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया था.




