IPL ट्रॉफी GT जीते या RCB, जमकर होगी पैसों की बारिश; RR और SRH भी होंगी मालामाल, जानिए किस टीम को कितनी प्राइज मनी मिलेगी
IPL 2026 का फाइनल सिर्फ ट्रॉफी की जंग नहीं, बल्कि करोड़ों रुपये की इनामी राशि का मुकाबला भी है. इस सीजन की विजेता टीम को ₹20 करोड़, जबकि रनर-अप टीम को ₹13 करोड़ की प्राइज मनी मिलेगी. वहीं तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों को क्रमशः ₹7 करोड़ और ₹6.5 करोड़ दिए जाएंगे.
RCB टीम आईपीएल 2025 की ट्रॉफी के साथ
IPL 2026 Prize Money Breakdown: आईपीएल 2026 का फाइनल मुकाबला 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस (GT) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच खेला जाएगा. दोनों टीमें पूरे सीजन में सबसे लगातार प्रदर्शन करने वाली टीमों में रही हैं. RCB ने लीग स्टेज में टॉप पर रहते हुए सीधे फाइनल का टिकट हासिल किया, जबकि गुजरात ने क्वालिफायर-2 में राजस्थान रॉयल्स को हराकर वापसी की. ऐसे में सबकी नजरें इनामी राशि पर भी हैं, जो ट्रॉफी जीतने वाली टीम को मिलेंगे.
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इस सीजन के लिए कुल ₹46.5 करोड़ से अधिक का प्राइज पूल (Prize Pool) निर्धारित किया है, जिसे प्लेऑफ में पहुंचने वाली शीर्ष चार टीमों और व्यक्तिगत पुरस्कार विजेताओं के बीच बांटा जाता है. इस सीजन की विजेता टीम को ₹20 करोड़ की भारी भरकम राशि मिलेगी, जबकि रनर-अप टीम को ₹13 करोड़ की प्राइज मनी मिलेगी.
राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद की टीम भी होगी मालामाल
वहीं, तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों को क्रमशः ₹7 करोड़ और ₹6.5 करोड़ दिए जाएंगे. यानी राजस्थान रॉयल्स को 7 करोड़, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद को 6.5 यानी साढ़े 6 करोड़ रुपये मिलेंगे.
क्या अन्य 6 टीमों को भी पैसे मिलते हैं?
नहीं, लीग स्टेज से बाहर होने वाली बाकी 6 टीमों को कोई नकद पुरस्कार या इनाम नहीं मिलता है. हालांकि, प्राइज पूल से पैसे न मिलने के बावजूद अन्य टीमें खाली हाथ नहीं रहती हैं क्योंकि सभी खिलाड़ियों को उनकी नीलामी (Auction) की तय रकम मिलती है. साथ ही बीसीसीआई के नए नियमों के तहत हर खिलाड़ी को प्रति मैच ₹7.5 लाख की मैच फीस अलग से दी जाती है.
आईपीएल की सभी फ्रेंचाइजी टीमें बीसीसीआई के सेंट्रल रेवेन्यू पूल (जिसमें ब्रॉडकास्ट राइट्स और टाटा मुख्य प्रायोजन (Title Sponsorship) जैसे बड़े फंड शामिल हैं) से भारी मुनाफा कमाती हैं. इसके अलावा वे टिकटों की बिक्री और अपने स्थानीय स्पॉन्सर्स के जरिए भी करोड़ों रुपये की कमाई करती हैं.
GT और RCB के बीच होगा फाइनल मुकाबला
प्लेऑफ टीमों के अलावा, पूरे सीजन में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी इनाम दिया जाता है. ऑरेंज कैप और पर्पल कैप जीतने वाले को 10-10 लाख, मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (MVP) को लगभग 10-15 लाख और इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन को लगभग 10-20 लाख रुपये दिए जाते हैं.




