IPL 2026 में MI ने जीत के साथ किया आगाज, KKR को 6 विकेट से रौंदा; रोहित शर्मा- रेयान रिकेल्टन की तूफानी फिफ्टी
IPL 2026 के अपने पहले मुकाबले में MI ने KKR को 6 विकेट से रौंद दिया. सलामी बल्लेबाज रेयान रिकेल्टन और रोहित शर्मा ने तूफानी अर्धशतक लगाते हुए मुंबई को IPL में सबसे बड़ा रन चेज करने में मदद की.
रेयान रिकेल्टन और रोहित शर्मा
IPL 2026 MI Vs KKR Match: इंडियन प्रीमियर लीग के अपने पहले मुकाबले में मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) ने कोलकाता नाइटराइडर्स (Kolkata Knight Riders) को 6 विकेट से रौंदकर 14 साल बाद जीत के साथ सीजन का आगाज किया. रोहित शर्मा और रेयान रिकेल्टन ने तूफानी अर्धशतक लगाते हुए टीम को पहली बार उसका सबसे बड़ा रन चेज कराया.
मुंबई की ओर से रेयान रिकेलटन ने 43 गेंद में 81 रन बनाए, जिसमें 8 छक्के और 4 चौके शामिल रहे. वही, रोहित शर्मा ने 38 गेंद में 6 छक्के और 6 चौके लगाते हुए 78 रन बनाए. इसके अलावा, सूर्यकुमार यादव ने 8 गेंद में 3 चौकों की मदद से 16 रन और तिलक वर्मा ने 14 गेंद में 4 चौकों की मदद से 20 रन बनाए. वहीं, हार्दिक पांड्या 11 गेंद में 3 चौकों की मदद से 18 रन और नमन धीर 2 गेंद में 5 रन बनाकर नाबाद रहे.
बता दें कि रोहित और रिकेल्टन के बीच पहले विकेट के लिए 71 गेंद में 148 रन की तूफानी शतकीय साझेदारी हुई. इस साझेदारी ने मैच का रुख मुंबई की ओर मोड़ दिया. वहीं, केकेआर की ओर से वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी और सुनील नरेन ने 1-1 विकेट लिया.
इससे पहले, केकेआर ने 4 विकेट के नुकसान पर 220 रन बनाए. कप्तान अजिंक्य रहाणे और अंगकृष रघुवंशी ने शानदार अर्धशतक लगाया, जबकि मुंबई की ओर से शार्दुल ठाकुर ने 3 विकेट चटकाए. अजिंक्य रहाणे ने 40 गेंद में 5 छक्के और 3 चौके की मदद से 67 रन बनाए. वहीं, अंगकृष रघुवंशी ने 29 गेंद में 51 रन बनाए, जिसमें 2 छक्के और 6 चौके शामिल रहे. इसके अलावा कैमरन ग्रीन ने 18 रन बनाए, जबकि रिंकू सिंह 33 और रमनदीप सिंह 4 रन बनाकर नाबाद रहे.
फिन एलन ने भी शानदार बल्लेबाजी की. उन्होंने 17 गेंद में 2 छक्के और 6 चौकों की मदद से 37 रन बनाए. एलन ने पहले विकेट के लिए रहाणे के साथ 32 गेंद में 69 रन की साझेदारी की. इसके बाद रिंकू सिंह और रघुवंशी के बीच चौथे विकेट के लिए 30 गेंद में 60 रन की साझेदारी हुई.
टॉस किसने जीता?
इससे पहले, मुंबई ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला लिया. MI के कप्तान हार्दिक पांड्या ने कहा कि पिच हरी दिख रही है. पहले गेंदबाजी करना बेहतर रहेगा. उन्होंने कहा कि वानखेड़े स्टेडियम हमारा घरेलू मैदान है. यहां हमें फैंस का पूरा समर्थन मिलेगा. टीम मेंअनुभव और युवा खिलाड़ियों का अच्छा मिश्रण है. हार्दिक पांड्या ने टीम के नेतृत्व समूह को लेकर भी मजेदार बयान दिया. उन्होंने कहा कि Rohit Sharma, Suryakumar Yadav और Mitchell Santner जैसे खिलाड़ी टीम में हैं. इसलिए कप्तानों की कमी नहीं है.
हार्दिक ने मुंबई इंडियंस की रणनीति के बारे में खुलासा करते हुए बताया कि हम 6 बल्लेबाज और 5 गेंदबाज के साथ मैदान में उतरेंगे. टीम में अनुभव और युवा खिलाड़ियों का संतुलन है. उन्होंने कहा कि टीम पहले से तैयारी कर रही थी. अब मैदान पर अच्छा प्रदर्शन करने को लेकर उत्साहित है.
तीन खिलाड़ियों का MI के लिए डेब्यू
इस मुकाबले में MI के लिए तीन खिलाड़ियों ने अपना डेब्यू किया. इनमें शेरफेन रदरफोर्ड, शार्दुल ठाकुर और एएम गजनफर शामिल हैं.
MI की प्लेइंग 11
रोहित शर्मा, रयान रिकेलटन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या (कप्तान), शेरफेन रदरफोर्ड, नमन धीर, शार्दुल ठाकुर, मयंक मारकंडे, एएम गजनफर, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह.
इम्पैक्ट सब: सूर्यकुमार यादव, कॉर्बिन बॉश, रॉबिन मिंज, राज बावा, अश्विनी कुमार.
KKR की प्लेइंग 11
फिन एलन, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), कैमरून ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी, रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, सुनील नरेन, वरुण चक्रवर्ती, वैभव अरोड़ा और ब्लेसिंग मुजरबानी.
इम्पैक्ट सब: मनीष पांडे, रोवमैन पॉवेल, कार्तिक त्यागी, सौरभ दुबे और तेजस्वी दहिया.




