Begin typing your search...

क्या है इम्पैक्ट प्लेयर नियम? IPL 2026 से पहले फिर उठा मुद्दा, कप्तान नाखुश तो क्या खत्म हो जाएगा ये रूल?

आईपीएल 2026 से पहले एक बार फिर इम्पैक्ट प्लेयर नियम चर्चा का विषय बन गया है. साल 2023 में ये नियम लागू किया गया था, जिसको कुछ क्रिकेटर्स सही तो कुछ गलत मानते हैं.

Impact Player Rule controversy
X

Impact Player Rule

( Image Source:  X/ @ICN_Updates01 )

IPL 2026: आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है. नए सीजन को लेकर सभी टीमें अपने-अपने होम ग्राउंड पर जमकर प्रैक्टिस कर रही है. सीजन का पहला मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा. वहीं अब आईपीएल 2026 से पहले एक बार फिर इम्पैक्ट प्लेयर नियम चर्चा का विषय बन गया है.

साल 2023 में ये नियम लागू किया गया था, जिसको कुछ क्रिकेटर्स सही तो कुछ गलत मानते हैं. रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या भी इस पर सवाल उठा चुके हैं. वहीं ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक अब ज्यादातर टीमों के कप्तानों ने इस नियम को लेकर अपनी असहमति खुलकर जाहिर की है.

कहां हुई कप्तानों की बैठक?

मुंबई में आयोजित सभी 10 आईपीएल टीमों के कप्तानों की बैठक में इस मुद्दे पर गंभीर चर्चा हुई. सूत्रों के अनुसार, खिलाड़ियों ने इस नियम के कई पहलुओं पर सवाल उठाए, बावजूद इसके कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) इसे पहले ही 2027 तक जारी रखने का फैसला कर चुका है. इससे साफ है कि आने वाले सीजन में भी यह नियम विवादों के केंद्र में बना रहेगा.

कप्तानों ने क्यों जताई आपत्ति?

बैठक में मौजूद एक सूत्र ने बताया कि ज्यादातर कप्तानों ने इम्पैक्ट प्लेयर नियम को लेकर अपनी चिंताएं रखीं. उनका मानना है कि यह नियम खेल के प्राकृतिक संतुलन को प्रभावित करता है और टीम संयोजन की पारंपरिक रणनीतियों को बदल देता है. हालांकि, बोर्ड की ओर से स्पष्ट कर दिया गया है कि इस नियम की समीक्षा 2027 सीजन के बाद ही संभव होगी. ऐसे में फिलहाल टीमों को इसी फॉर्मेट के साथ खेलना होगा, चाहे वे इससे सहमत हों या नहीं.

क्या बोले थे रोहित-हार्दिक?

इससे पहले भी कई बड़े खिलाड़ी इस नियम पर अपनी चिंता जाहिर कर चुके हैं. रोहित शर्मा ने साफ तौर पर कहा था कि "इससे भारतीय क्रिकेट में ऑलराउंडर्स के विकास पर असर पड़ सकता है." वहीं, हार्दिक पांड्या का मानना है कि "इस नियम के कारण टीम में ऑलराउंडर चुनना मुश्किल हो गया है, जब तक वह बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में बराबर अच्छा न हो."

क्या है इम्पैक्ट प्लेयर नियम?

इम्पैक्ट प्लेयर नियम आईपीएल और भारतीय घरेलू क्रिकेट में इस्तेमाल किया जाने वाला एक रणनीतिक प्रावधान है. इसके तहत कोई भी टीम अपनी घोषित प्लेइंग इलेवन में से एक खिलाड़ी को मैच के दौरान बदल सकती है. जिसके लिए टॉस के समय दोनों कप्तानों को पहले से 5 खिलाड़ियों के नाम देने होते हैं, जिनमें से किसी एक खिलाड़ी को मैच के दौरान उतारा जा सकता है. यह बदलाव आमतौर पर 10 ओवर से पहले या विकेट गिरने के बाद किया जाता है, जिससे टीम अपनी बल्लेबाजी या गेंदबाजी को मजबूत कर सके.

आईपीएल
अगला लेख