IPL 2026: ग्रीन क्यों नहीं कर रहे गेंदबाजी? रहाणे ने उठाया सवाल तो क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बताई पूरी कहानी
कैमरून ग्रीन को केकेआर की तरफ से गेंदबाजी करते हुए नहीं देखा गया था, जिसको लेकर काफी सवाल भी उठ रहे थे. अब इसको लेकर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का जवाब सामने आया है.
ग्रीन क्यों नहीं कर रहे गेंदबाजी
IPL 2026: आईपीएल 2026 में बीते दिन 29 मार्च को मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया. इस मैच को मुंबई ने 5 विकेट से अपने नाम किया. केकेआर में शानदार बल्लेबाजी करते हुए रन तो 220 बनाए थे लेकिन वे खराब गेंदबाजी के चलते इतने बड़े टारगेट का बचाव नहीं कर पाए.
दूसरी तरफ ऑस्ट्रेलियाई स्टार ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन को भी केकेआर की तरफ से गेंदबाजी करते हुए नहीं देखा गया था, जिसको लेकर काफी सवाल भी उठ रहे थे. हालांकि मैच के बाद कप्तान रहाणे ने कहा था कि ये सवाल आपको क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से पूछना चाहिए. वहीं अब इसको लेकर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का जवाब सामने आया है.
क्या बोले थे कप्तान रहाणे?
केकेआर ने कैमरून ग्रीन को 25.2 करोड़ रुपये की भारीभरकम कीमत पर खरीदा है, ऐसे में टीम को ग्रीन से बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद होगी. लेकिन जब पहले ही मैच में उन्होंने एक भी ओवर नहीं किया तो सवाल उठने लगे. इसको लेकर केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने मैच के बाद कहा था कि "यह सवाल आपको क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से पूछना चाहिए." उन्होंने संकेत दिया कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने ही ग्रीन को गेंदबाजी न करने के लिए कहा होगा.
क्या बोला क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया?
अब इस पूरे मामले पर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने जवाब देते हुए कहा कि ग्रीन को पीठ के निचले हिस्से में चोट लगी है जिसके कारण उन्हें थोड़े समय के लिए गेंदबाजी से परहेज करना होगा, जिसके बारे में केकेआर को पूरी जानकारी है. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के प्रवक्ता ने सोमवार को कहा "कैमरून को पीठ के निचले हिस्से में चोट लगी है जिसका इलाज चल रहा है, लेकिन इसके लिए उन्हें कुछ समय के लिए गेंदबाजी से परहेज करना होगा."
उन्होंने कहा कि “कैमरून फिलहाल भारत में अपनी गेंदबाजी को फिर से मजबूत कर रहे हैं ताकि लगभग 10-12 दिनों में वापसी कर सकें। केकेआर को इस बारे में सूचित कर दिया गया है और उन्हें इसकी पूरी जानकारी है.”
बल्लेबाजी में कैसा था ग्रीन का प्रदर्शन?
आईपीएल 2026 में केकेआर के लिए डेब्यू करते हुए ग्रीन ने नंबर 3 पर बल्लेबाजी की और अच्छी शुरुआत की, लेकिन 10 गेंदों में 18 रन बनाकर आउट हो गए थे. ग्रीन ऑस्ट्रेलिया के 2026 टी20 विश्व कप अभियान का हिस्सा थे, जहां उन्होंने गेंदबाजी नहीं की और घर लौटने के बाद, उन्होंने शेफील्ड शील्ड के नौवें दौर के मैच में भाग लिया जहां उन्होंने केवल एक बल्लेबाज के रूप में खेला.
केकेआर ने वैभव अरोरा, वरुण चक्रवर्ती, कार्तिक त्यागी, नवोदित खिलाड़ी ब्लेसिंग मुजरबानी, सुनील नारायण और अंशकालिक गेंदबाज अनुकूल रॉय सहित छह गेंदबाजों का इस्तेमाल किया, जिनमें से सभी ने जमकर रन लुटाए और मुंबई इंडियंस ने 19.1 ओवर में लक्ष्य का पीछा करते हुए 6 विकेट से जीत हासिल कर ली.




