Begin typing your search...

भारत ने नीदरलैंड्स को हराकर T20 वर्ल्ड कप में दर्ज की लगातार 12वीं जीत, ये 5 खिलाड़ी बने हीरो; अब अगला मैच कब और किससे होगा?

भारत ने नीदरलैंड्स को हराकर लीग स्टेज का जीत के साथ समापन किया है. अब टीम का सामना 22 फरवरी को सुपर-8 में साउथ अफ्रीका से होगा.

india vs netherlands match photo
X

भारत ने नीदरलैंड्स को हराया

( Image Source:  BCCI )

India vs Netherlands T20 World Cup 2026 Match highlights: भारत ने कमजोर नीदरलैंड्स को 17 रन से हराकर लीग स्टेज का जीत से समापन किया है. भारत की यह टी-20 वर्ल्ड कप में लगातार 12वीं जीत है. टीम इस टूर्नामेंट में अब तक अजेय रही है. अब टीम का सुपर-8 में पहला मुकाबला साउथ अफ्रीका से 22 फरवरी को होगा.

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 193 रन बनाए, जिसमें शिवम दुबे की शानदार अर्धशतकीय पारी शामिल है. वहीं, नीदरलैंड की टीम 7 विकेट के नुकसान पर 176 रन ही बना पाई.

अभिषेक शर्मा का फ्लॉप शो जारी

सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का फ्लॉप शो जारी है. वे लगातार तीसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप में 0 पर आउट हुए हैं. इस साल वे 5 बार बिना खाता खोले आउट हो चुके हैं. आइए, आपको इस मैच के 5 हीरो के बारे में बताते हैं..

  1. शिवम दुबे
  2. वरुण चक्रवर्ती
  3. हार्दिक पांड्या
  4. तिलक वर्मा
  5. सूर्यकुमार यादव

1- शिवम दुबे

शिवम दुबे इस मैच के हीरो नंबर 1 हैं. उन्होंने टीम को मुश्किल से बाहर निकालते हुए मजबूत स्कोर तक पहुंचाया. दुबे ने 31 गेंद में 6 छक्के और 4 चौके लगाते हुए 66 रन बनाए. इसके अलावा, गेंदबाजी करते हुए उन्होंने 3 ओवर में 35 रन देकर 2 विकेट चटकाए. इसके लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया.

2- वरुण चक्रवर्ती

वरुण चक्रवर्ती ने फिर से शानदार गेंदबाजी की. उन्होंने महज 3 ओवर में 14 रन देकर 3 विकेट चटकाए.

3- हार्दिक पांड्या

हार्दिक पांड्या ने शिवम दुबे के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 35 गेंद में 76 रन की तूफानी पार्टनरशिप की. वे 21 गेंद में 30 रन बनाकर आउट हुए, जिसमें 3 छक्के शामिल रहे. इसके अलावा, गेंदबाजी में भी उन्होंने कमाल दिखाते हुए 1 विकेट चटकाया.

4- तिलक वर्मा

अभिषेक शर्मा के आउट होने के बाद तिलक वर्मा ने मोर्चा संभाला. उन्होंने ईशान किशन के साथ मिलकर 23 गेंद में 39 रन और सूर्यकुमार यादव के साथ तीसरे विकेट के लिए 28 गेंद में 30 रन बनाए.

5- सूर्यकुमार यादव

कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टीम को शुरुआती झटके से संभालने की कोशिश की. उन्होंने तीसरे विकेट के लिए तिलक वर्मा के साथ 28 गेंद में 30 रन, जबकि शिवम दुबे के साथ 27 गेंद में 41 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की. सूर्या ने 28 गेंद में 34 रन बनाए, जिसमें 1 छक्का और 2 चौके शामिल रहे.

नीदरलैंड्स के लिए किस बल्लेबाज ने कितने रन बनाए?

नीदरलैंड्स के लिए सबसे ज्यादा रन बास डी लीडे ने बनाए. उन्होंने 23 गेंद में 33 रन बनाए. इसके अलावा, माइकल लेविट ने 24, मैक्स ओ डाउड, 20, कोलिन एकरमैन 23, आर्यन दत्त 0, कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स 15 और Zach Lion-Cachet 26 रन बनाकर आउट हुए. वहीं, Noah Croes 25 और लोगन वान बीक 4 रन बनाकर नाबाद रहे.

मैच के बाद क्या बोले शिवम दुबे?

Shivam Dube ने मैच के बाद कहा- विकेट बल्लेबाज़ी के लिए आसान नहीं था, लेकिन मुझे ऐसे हालात में खेलना पसंद है. शुरुआत में थोड़ा दबाव था क्योंकि ऑफ स्पिनर ने कसी हुई गेंदबाज़ी की और कुछ डॉट बॉल भी डालीं, लेकिन मुझे भरोसा था कि बाद में इसकी भरपाई कर लूंगा. गेंद कभी स्किड कर रही थी, कभी नीचे रह रही थी और कभी टर्न भी हो रही थी, इसलिए उस समय हालात के हिसाब से समझदारी से खेलना जरूरी था, सिर्फ बड़े शॉट लगाने का नहीं.

दुबे ने कहा- मैं छक्के लगाना पसंद करता हूं, लेकिन जब गेंदबाज़ अच्छी गेंदबाज़ी करे तो स्ट्राइक रोटेट करना और बाउंड्री ढूंढना भी उतना ही जरूरी होता है. मुझे पता था कि गेंदबाज़ शॉर्ट बॉल और स्लोअर गेंदों से मुझे चौंकाने की कोशिश करेंगे, इसलिए उसी हिसाब से तैयारी की थी. मिडिल ओवर्स में तेज़ रन बनाना मेरी जिम्मेदारी है, लेकिन आज शुरुआत में स्थिति अलग थी, इसलिए सही समय का इंतजार किया और मौका मिलते ही आक्रामक खेल दिखाया. गेंदबाज़ी पर भी कड़ी मेहनत कर रहा हूं. टी20 में कभी आप मार खाते हैं, तो कभी विकेट भी मिलते हैं.

नीदरलैंड्स के खिलाफ मिली जीत के बाद क्या बोले सूर्यकुमार यादव?

नीदरलैंड्स के खिलाफ मिली जीत के बाद सूर्यकुमार यादव ने कहा- हम पहले बल्लेबाज़ी करना चाहते थे और 190 रन का स्कोर बनाना इस विकेट पर बहुत अच्छा रहा. दूसरी पारी में थोड़ी ओस थी, जिससे गेंदबाज़ों के लिए चुनौती बढ़ गई, लेकिन कुल मिलाकर टीम के प्रदर्शन से मैं खुश हूं. बल्लेबाज़ों के लिए जरूरी है कि वे हालात और अपनी जिम्मेदारी को समझें. शुरुआत धीमी हो सकती है, लेकिन मिडिल ओवर्स में विकेट के हिसाब से खेलना अहम होता है। हमारे पास हार्दिक, दुबे, रिंकू, अक्षर और वॉशिंगटन जैसे फिनिशर हैं, जो किसी भी समय मैच खत्म कर सकते हैं.

सूर्या ने कहा- शिवम दुबे ने मिडिल ओवर्स में शानदार बल्लेबाज़ी कर दबाव कम किया और टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया. जीत के बाद भी सीखने के लिए बहुत कुछ रहता है, हम उन पहलुओं पर चर्चा करेंगे. गेंदबाज़ी में कई विकल्प होना कप्तान के लिए अच्छी परेशानी है- अभिषेक, हार्दिक, दुबे जैसे खिलाड़ी जरूरत के मुताबिक ओवर दे सकते हैं. मुझे खुशी है कि लगभग हर बल्लेबाज़ योगदान दे रहा है, छोटे-छोटे साझेदारी ही टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाती हैं, खासकर जब मैच मुश्किल स्थिति में हो.

टी-20 वर्ल्‍ड कपक्रिकेट न्‍यूज
अगला लेख