Begin typing your search...

12 वेन्यू, 14 टीमें और 57 मैच; तीन देशों के किन-किन शहरों में खेले जाएंगे 2027 ODI World Cup के मैच? ICC ने किया खुलासा

2027 ODI World Cup तीन देशों, दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाएगा. 24 साल बाद वनडे वर्ल्ड कप अफ्रीका लौटेगा. टूर्नामेंट में 14 टीमें, 57 मैच और नया तीन-स्टेज फॉर्मेट होगा, जबकि तीनों देशों के 12 शहर मेजबानी करेंगे.

ICC 2027 ODI World Cup Trophy
X

2027 ODI World Cup Trophy

( Image Source:  X@epiccricket_ec )

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने गुरुवार को ICC Men's Cricket World Cup 2027 के लिए 12 मेजबान वेन्यू की आधिकारिक घोषणा कर दी. यह टूर्नामेंट दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में आयोजित होगा. जोहान्सबर्ग में आयोजित एक भव्य समारोह में ICC ने टूर्नामेंट की आधिकारिक ब्रांड पहचान भी लॉन्च की. इस बार वर्ल्ड कप की थीम 'Three Nations, One Heartbeat' रखी गई है. इसका मतलब तीनों मेजबान देशों की साझा भावना, विविधता, उम्मीद और एकता को दर्शाना है.

2027 का टूर्नामेंट खास इसलिए भी है क्योंकि 24 साल बाद पुरुषों का वनडे वर्ल्ड कप अफ्रीका लौट रहा है. इससे पहले 2003 में दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और केन्या ने मिलकर ODI वर्ल्ड कप की मेजबानी की थी. 2027 का वर्ल्ड कप इस लिहाज से अफ्रीकी क्रिकेट के लिए बड़ा आयोजन होगा. इस बार दक्षिण अफ्रीका के अलावा जिम्बाब्वे और नामीबिया भी टूर्नामेंट की मेजबानी करेंगे.

ICC ने 2027 World Cup को लेकर क्या कहा?

  • ICC चेयरमैन जय शाह ने वेन्यू की घोषणा को वर्ल्ड कप की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव बताया. उन्होंने कहा कि मेजबान शहरों और टूर्नामेंट की ब्रांड पहचान के सामने आने से दुनिया भर के क्रिकेट फैंस के बीच उत्साह बढ़ेगा.
  • जय शाह के मुताबिक, 24 साल बाद प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का अफ्रीका लौटना क्रिकेट के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है. उन्हें भरोसा है कि दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया अपनी गर्मजोशी, जुनून और सांस्कृतिक विविधता के जरिए यादगार आयोजन करेंगे.
  • ICC के CEO संजोग गुप्ता ने भी कहा कि वर्ल्ड कप सीमित ओवरों के क्रिकेट की विरासत और रोमांच को दर्शाता है. उनके मुताबिक, टूर्नामेंट के जरिए अफ्रीका की संस्कृति, लोगों, अनुभवों और खेल के प्रति जुनून को दुनिया के सामने रखने का मौका मिलेगा.
  • 2027 वर्ल्ड कप को अफ्रीकी दर्शन 'Ubuntu' की भावना पर तैयार किया गया है. इसका अर्थ है, "मैं हूं, क्योंकि हम हैं."
  • टूर्नामेंट की कैंपेन थीम 'Make the Circle Bigger' है. इसके जरिए आपसी सहयोग, एकजुटता, करुणा और सांस्कृतिक विविधता को सामने रखा जाएगा.
  • अफ्रीका की विविधता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इस क्षेत्र में आधिकारिक तौर पर मान्यता प्राप्त 29 भाषाएं हैं. टूर्नामेंट की ब्रांडिंग में भी इस विविधता को जगह दी गई है.

कैसा होगा वर्ल्ड कप का लोगो?

वर्ल्ड कप का लोगो पारंपरिक अफ्रीकी वायर बाउल से प्रेरित है. इसके डिजाइन में अफ्रीका की संस्कृति और पहचान को दिखाने की कोशिश की गई है.

ब्रांड के रंगों के नाम भी अफ्रीकी क्षेत्रों और प्रकृति से प्रेरित हैं. इनमें Zimbabwe Chilli, African Root, Fynbos Pop, Namib Dune, Harare Dawn और Two Oceans जैसे रंग शामिल हैं.

2027 वर्ल्ड कप का नया फॉर्मेट क्या होगा?

इस बार वर्ल्ड कप में 14 टीमें और कुल 57 मैच खेले जाएंगे. प्रतियोगिता को तीन चरणों में बांटा गया है.

  • पहला चरण- Super Series: सबसे पहले 12वें से 14वें स्थान की रैंकिंग वाली तीन टीमें Super Series में खेलेंगी. इन तीन टीमों के बीच मुकाबले होंगे और जो टीम जीतेगी, वह मुख्य टूर्नामेंट में जगह बनाएगी.
  • दूसरा चरण: 12 टीमों का ग्रुप स्टेज: इसके बाद मुख्य प्रतियोगिता में 12 टीमें दो ग्रुप में बांटी जाएंगी. हर ग्रुप में 6-6 टीमें होंगी और सभी टीमें अपने ग्रुप में राउंड-रॉबिन आधार पर मुकाबले खेलेंगी. इसके बाद दोनों ग्रुप से शीर्ष तीन-तीन टीमें आगे जाएंगी. इसके अलावा दोनों ग्रुप में चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों में से बेहतर प्रदर्शन करने वाली एक टीम भी अगले चरण में पहुंचेगी. इस तरह कुल 7 टीमें Super 7 चरण में पहुंचेंगी.
  • तीसरा चरण: Super 7: Super 7 चरण में कुल 21 मैच खेले जाएंगे. इस चरण के बाद अंक तालिका की शीर्ष चार टीमें सीधे सेमीफाइनल में पहुंचेंगी. इसके बाद दो सेमीफाइनल मुकाबले होंगे और विजेता टीमें फाइनल में भिड़ेंगी. आखिर में फाइनल जीतने वाली टीम ICC Men's Cricket World Cup 2027 की चैंपियन बनेगी.

वर्ल्ड कप 2027 के 12 मेजबान वेन्यू कौन-कौन से हैं?

दक्षिण अफ्रीका के 8 वेन्यू

दक्षिण अफ्रीका में सबसे ज्यादा 8 शहरों को वर्ल्ड कप मैचों की मेजबानी मिली है.

  1. वांडर्स स्टेडियम- जोहान्सबर्ग
  2. सेंचुरियन- Tshwane
  3. न्यूलैंड्स क्रिकेट ग्राउंड- केपटाउन
  4. किंग्समीड क्रिकेट ग्राउंड- डरबन
  5. सेंट जॉर्ज पार्क- गक़ेबरहा
  6. मैंगौंग ओवल- ब्लोमफ़ोन्टेन
  7. बोलैंड पार्क- पार्ल
  8. बफ़ेलो पार्क- कुगोम्पो सिटी (पूर्व में East London)

जिम्बाब्वे के 3 वेन्यू

  • हरारे स्पोर्ट्स क्लब, हरारे
  • क्वींस स्पोर्ट्स क्लब, बुलावायो
  • Fale Mosi-oa-Tunya International Cricket Stadium, Victoria Falls

नामीबिया का 1 वेन्यू

नामीबिया की राजधानी Windhoek को एक वेन्यू मिला है. यहां Namibia Cricket Ground में मुकाबले खेले जाएंगे.

लॉन्च समारोह में पहुंचे क्रिकेट के दिग्गज

वर्ल्ड कप की आधिकारिक शुरुआत की तैयारियों के बीच आयोजित लॉन्च समारोह में कई बड़े क्रिकेटर और पूर्व खिलाड़ी भी शामिल हुए. इनमें ग्रीम स्मिथ, मखाया एनटिनी, हाशिम अमला, तेंबा बावुमा, कैगिसो रबाडा, हैमिल्टन मसाकद्जा और रुडोल्फ यान्सन वान वुरैन जैसे नाम शामिल रहे.

इस आयोजन के साथ ही 2027 के वनडे वर्ल्ड कप को लेकर आधिकारिक तौर पर माहौल बनना शुरू हो गया है। अफ्रीका में 24 साल बाद लौट रहे इस टूर्नामेंट में क्रिकेट के साथ-साथ स्थानीय संस्कृति, विविधता और तीनों मेजबान देशों की साझा पहचान को भी प्रमुखता दी जाएगी.

क्रिकेट न्‍यूज
अगला लेख