'शुरू से ही तय था, किसे फंसाना है...', सैंडपेपरगेट विवाद को लेकर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया पर भड़के वॉर्नर; 3 गेंदबाजों का जिक्र करके क्या-क्या उठाए सवाल?
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट में एकबार फिर से सैंडपेपरगेट विवाद को लेकर बवाल मचा हुआ है. अब खुद डेविड वॉर्नर ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की जांच पर सवाल उठाते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर की है.
Cricket Australia Sandpaper Gate
साउथ अफ्रीका के साथ साल 2018 में खेली गई टेस्ट सीरीज के दौरान ऑस्ट्रेलिया टीम ने ऐसा कांड किया, जिससे क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया आज तक पीछा नहीं छुड़ा पाया है. जी हां हम बात कर रहे हैं 2018 के चर्चित बॉल-टैम्परिंग विवाद यानी सैंडपेपरगेट की. जिस तरफ से अब उस्मान ख्वाजा ने अपनी किताब 'सब्र' में इस घटना का जिक्र किया है उससे एकबार फिर बवाल मच गया है. ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर ने भी अब इस विवाद को लेकर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की जांच पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
वॉर्नर का आरोप है कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने उस समय हुई जांच में ऑस्ट्रेलिया के तीन दिग्गज गेंदबाजों जोश हेजलवुड, मिशेल स्टार्क और नाथन लियोन से पूछताछ नहीं की थी. वॉर्नर ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिए अपनी नाराजगी जाहिर की.
वॉर्नर ने क्या लगाए आरोप?
डेविड वॉर्नर ने अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट में ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड, मिशेल स्टार्क और स्पिनर नाथन लियोन का नाम लिया. उनका कहना है कि जहां तक उन्हें जानकारी है, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने 2018 में हुई शुरुआती जांच के दौरान इन तीनों गेंदबाजों से पूछताछ नहीं की थी. वॉर्नर ने लिखा "जहां तक मुझे पता है, CA ने 2018 की अपनी जांच में जोश हेजलवुड, मिशेल स्टार्क या नाथन लियोन का इंटरव्यू नहीं लिया था. अगर यह सही है, तो CA यह कैसे कह सकता है कि गेंदबाजों को पता नहीं था?"
उन्होंने आगे कहा, "ऐसा लगता है कि उन्होंने शुरू से ही तय कर लिया था कि किसे दोषी ठहराना है, मकसद पूरा करने के लिए घटिया जांच की और अब वे यह झूठी कहानी बनाए रखना चाहते हैं कि गेंदबाजों को कुछ पता नहीं था. यह छिपाने की कोशिश है."
फिर क्यों चर्चा में आया सैंडपेपरगेट विवाद?
यह पूरा विवाद ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा की आत्मकथा 'सब्र' रिलीज होने के बाद फिर चर्चा में आया है. ख्वाजा ने अपनी किताब में दावा किया है कि 2018 में गेंद से छेड़छाड़ की योजना की जानकारी सिर्फ उन तीन खिलाड़ियों तक सीमित नहीं थी, जिन्हें इस मामले में सजा मिली थी. ख्वाजा के इस दावे ने ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के पुराने विवाद को फिर से हवा दे दी है. डेविड वॉर्नर ने भी उनकी बातों का समर्थन किया है. हालांकि, ऑस्ट्रेलिया के मौजूदा कप्तान पैट कमिंस ने इस दावे को खारिज किया है कि पूरी गेंदबाजी यूनिट को पता था कि गेंद की हालत बदलने के लिए सैंडपेपर मैदान पर लाया जा रहा है.
क्या था 2018 का सैंडपेपरगेट विवाद?
साल 2018 में दक्षिण अफ्रीका के केप टाउन में ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच टेस्ट मैच खेला जा रहा था. इसी दौरान ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी कैमरून बैनक्रॉफ्ट को सैंडपेपर से गेंद की सतह के साथ छेड़छाड़ करते हुए कैमरे में देखा गया था. इस घटना को क्रिकेट इतिहास के सबसे बड़े विवादों में गिना जाता है.
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की शुरुआती जांच में तीन खिलाड़ियों डेविड वॉर्नर, कैमरून बैनक्रॉफ्ट और स्टीव स्मिथ को जिम्मेदार ठहराया गया था. इस मामले में स्टीव स्मिथ और डेविड वॉर्नर पर 12-12 महीने का बैन लगाया गया था, जबकि कैमरून बैनक्रॉफ्ट को 9 महीने के लिए क्रिकेट से सस्पेंड किया गया था.




