Begin typing your search...

बॉलीवुड डायरेक्टर विधु विनोद चोपड़ा के बेटे अग्नि देव चोपड़ा ने किया खुलासा, पाकिस्तान में क्रिकेट खेलने को लेकर मचा बवाल

PSL 2026 में बॉलीवुड डायरेक्टर विधु विनोद चोपड़ा के बेटे अग्नि देव चोपड़ा का नाम आने से बवाल मच गया. जिसपर अब अग्नि देव ने चुप्पी तोड़ी है.

Agni Dev Chopra  PSL 2026 registration controversy
X

Agni Dev Chopra

( Image Source:  X/ @ffspari, @arnuX05 )

बॉलीवुड के दिग्गज फिल्म निर्माता-निर्देशक विधु विनोद चोपड़ा और जानी-मानी फिल्म समीक्षक अनुपमा चोपड़ा के बेटे अग्नि देव चोपड़ा को लेकर क्रिकेट जगत में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है. आगामी पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 को लेकर सामने आई खबरों ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी, जिनमें दावा किया गया कि अग्नि देव ने टूर्नामेंट के लिए पंजीकरण कराया है.

हालांकि, इन अटकलों पर अब खुद अग्नि देव चोपड़ा ने विराम लगा दिया है. उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए इन खबरों को फेक बताया और कहा कि उन्होंने पीएसएल 2026 के लिए कोई रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है, जबकि उनका नाम पीएसएल के 11वें सीजन के लिए जारी खिलाड़ियों की सूची में दिखाई दे रहा है.

कैसे आया PSL 2026 की लिस्ट में नाम?

पाकिस्तान सुपर लीग के 11वें संस्करण के लिए पंजीकृत खिलाड़ियों की सूची पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है. इसी सूची में अग्नि देव चोपड़ा का नाम भी दर्ज है. उन्हें अमेरिकी नागरिक के रूप में पंजीकृत किया गया है और उनकी आधार कीमत 6,00,000 पाकिस्तानी रुपये बताई गई है.

क्या बोले अग्नि देव चोपड़ा?

अग्नि देव चोपड़ा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए इन खबरों को सिरे से नकार दिया. उन्होंने साफ शब्दों में कहा "एक टूर्नामेंट के संबंध में मेरे नाम से फर्जी और भ्रामक खबरें फैलाई जा रही हैं. मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि मैंने पीएसएल के लिए पंजीकरण नहीं कराया है. मैं अमेरिका में अपने क्रिकेट करियर पर पूरी तरह से ध्यान केंद्रित कर रहा हूं. मैं सभी से अनुरोध करता हूं कि गलत सूचनाओं के झांसे में न आएं."

PCB ने क्या दी जानकारी?

PCB की आधिकारिक जानकारी के अनुसार, अग्नि देव चोपड़ा बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं और दाएं हाथ से ऑफ-स्पिन गेंदबाजी करते हैं. उनकी बेस प्राइस 6,00,000 पाकिस्तानी रुपये रखी गई है, जो भारतीय मुद्रा में लगभग 1.9 लाख रुपये और अमेरिकी डॉलर में करीब 2100 डॉलर के बराबर है.

बता दें, अग्नि देव चोपड़ा अमेरिकी नागरिक हैं और इसी कारण वे दुनियाभर में आयोजित होने वाली विभिन्न टी20 लीगों में भाग लेने के पात्र हैं. PCB की वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, उन्होंने खुद को अमेरिकी खिलाड़ी के रूप में दर्ज कराया है.

क्रिकेट न्‍यूज
अगला लेख