ब्रह्मा-विष्णु-शिव त्रिदेव में सबसे शक्तिशाली कौन? कांपते हैं बड़े- बड़े असुर, 3 रहस्यमयी कथाओं से जानिए सच
ब्रह्मा, विष्णु और शिव की श्रेष्ठता को लेकर पौराणिक कथाओं में अलग-अलग दृष्टिकोण मिलते हैं. इन तीन प्रमुख कथाओं से समझ आता है कि सृष्टि का संतुलन ही असली शक्ति है.
कहते हैं इस ब्रह्मांड की व्यवस्था तीन दिव्य शक्तियों पर टिकी है- ब्रह्मा, विष्णु और शिव. एक सृष्टि का निर्माण करते हैं, दूसरा जो उसका पालन करते हैं और तीसरा समय आने पर उसका संहार. लेकिन सदियों से लोगों के मन में एक ही सवाल गूंजता रहा है कि आखिर इन तीनों में सबसे शक्तिशाली कौन है? यही सवाल आज भी आस्था, पुराणों और कथाओं के केंद्र में बना हुआ है.
धार्मिक ग्रंथों और पौराणिक कथाओं में इस सवाल के कई अलग-अलग जवाब मिलते हैं. कहीं शिव को सर्वश्रेष्ठ बताया गया है, तो कहीं विष्णु की महानता का बखान किया गया है. वहीं कुछ कथाएं यह भी बताती हैं कि तीनों की तुलना करना ही गलत है. इन तीन प्रमुख कथाओं के जरिए इस रहस्य को समझने की कोशिश करते हैं.
क्या हुआ जब ब्रह्मा और विष्णु में श्रेष्ठता को लेकर विवाद हुआ?
पहली कथा के अनुसार एक समय ब्रह्मा और विष्णु के बीच यह विवाद खड़ा हो गया कि सबसे बड़ा कौन है. बात इतनी बढ़ गई कि संघर्ष की स्थिति बन गई. तभी अचानक उनके बीच एक अनंत अग्नि स्तंभ प्रकट हुआ, जिसका न कोई आरंभ दिखाई दे रहा था और न ही अंत.
तय किया गया कि जो इस स्तंभ का छोर ढूंढ लेगा, वही सबसे श्रेष्ठ कहलाएगा. विष्णु नीचे की दिशा में गए और ब्रह्मा ऊपर की ओर, लेकिन दोनों ही अंत तक नहीं पहुंच सके. विष्णु ने विनम्रता से स्वीकार किया. 'मैं इस स्तंभ का अंत नहीं ढूंढ पाया…'. वहीं ब्रह्मा ने दावा किया कि 'मैं अंत तक पहुंच गया हूं.'
तभी उस अग्नि स्तंभ से शिव प्रकट हुए. उन्होंने ब्रह्मा के असत्य पर क्रोधित होकर उनका एक मुख काट दिया और कहा कि 'आज के बाद तुम्हारी पूजा नहीं होगी…'. वहीं विष्णु को आशीर्वाद दिया कि 'तुम मेरे समान पूजनीय हो.' इस कथा में शिव को सर्वश्रेष्ठ माना गया.
क्या सप्तऋषियों की परीक्षा ने बदल दी श्रेष्ठता की परिभाषा?
दूसरी कथा में सप्तऋषि के मन में यही प्रश्न उठा कि त्रिदेवों में सबसे महान कौन है. उन्होंने परीक्षा लेने का निर्णय लिया. सबसे पहले वे ब्रह्मा के पास गए और उनका अपमान किया, जिससे वे क्रोधित हो गए. इसके बाद वे शिव के पास पहुंचे और उनका भी अपमान किया, जिससे शिव भी क्रोध में आ गए. अंत में वे विष्णु के पास पहुंचे, जो विश्राम कर रहे थे. ऋषि ने उनकी छाती पर लात मार दी, लेकिन विष्णु ने गुस्सा करने के बजाय उनके पैर पकड़ लिए और विनम्रता से कहा कि 'आपके पैर में चोट तो नहीं लगी?' यह देखकर ऋषि चकित रह गए और समझ गए कि सच्ची महानता शक्ति में नहीं, बल्कि विनम्रता में होती है. इस कथा में विष्णु को सबसे श्रेष्ठ बताया गया.
क्या त्रिदेव खुद भी नहीं समझ पाए अपनी शक्ति का रहस्य?
तीसरी और सबसे रहस्यमयी कथा में ब्रह्मा, विष्णु और शिव एक साथ बैठे थे. तभी शिव के मन में विचार आया कि क्या वे अपनी शक्ति से सबका विनाश कर सकते हैं. उन्होंने सबसे पहले ब्रह्मा पर अपनी शक्ति का प्रयोग किया और वे भस्म हो गए, लेकिन उसी राख से आवाज आई 'जहां सृजन होता है, वहां मैं हूं.' और ब्रह्मा फिर प्रकट हो गए. इसके बाद शिव ने विष्णु पर शक्ति का प्रयोग किया, वे भी राख बने लेकिन कुछ ही क्षणों में वापस आ गए.
अंत में शिव ने स्वयं को ही भस्म कर दिया. चारों ओर अंधकार छा गया, लेकिन कुछ समय बाद राख से तीनों फिर प्रकट हो गए. तब शिव को एहसास हुआ कि सृष्टि का चक्र कभी समाप्त नहीं होता. सृजन, पालन और विनाश एक-दूसरे से जुड़े हैं और एक के बिना दूसरा अधूरा है.
आखिर इन तीनों कथाओं से क्या सीख मिलती है?
इन सभी कथाओं का सार यही है कि त्रिदेवों की तुलना करना उचित नहीं है. हर शक्ति का अपना अलग महत्व है. जहां सृजन होगा वहां ब्रह्मा का अस्तित्व होगा, जहां संरक्षण होगा वहां विष्णु का वास होगा और जहां अंत होगा वहां शिव की भूमिका होगी. यही संतुलन इस ब्रह्मांड को संचालित करता है और यही इस पूरी कहानी की सबसे बड़ी सीख है कि हर शक्ति अपने आप में पूर्ण है, लेकिन साथ मिलकर ही संपूर्णता बनाती है.




