Rashmika Mandanna ने लगाई मेहंदी, लेकिन Vijay Deverakonda ने आलते से सजाए हाथ, जानें क्या दूल्हे लगा सकते हैं महावर?
शादी की तस्वीरों में जहां रश्मिका की ब्राइडल ज्वेलरी और शाही लुक ने सबका ध्यान खींचा, वहीं विजय देवरकोंडा के हाथों में लगे आलता ने भी सभी को हैरान कर दिया. यह सिर्फ फैशन स्टेटमेंट नहीं था, बल्कि हिंदू धर्म में आलता यानी महावर लगाने का रिवाज भी है.
शादी की रस्मों के बीच जब रश्मिका मंदाना ने हाथों में खूबसूरत मेहंदी रचाई, तो सबकी नजरें उन पर टिक गईं. लेकिन असली चर्चा तब छिड़ी जब विजय देवरकोंडा के हाथों में आलता (महावर) सजा नजर आया. आमतौर पर महावर को दुल्हन की रस्मों से जोड़कर देखा जाता है, ऐसे में दूल्हे के हाथों में इसे देखकर फैंस के मन में कई सवाल उठने लगे.
क्या हिंदू शादियों में दूल्हा भी महावर लगा सकता है, या यह सिर्फ महिलाओं के लिए ही शुभ माना जाता है? चलिए जानते हैं क्यों लगाया जाता है आलता और इसका महत्व.
क्या है आलता या महावर?
आलता को महावर भी कहा जाता है. यह लिक्विड फॉर्म में होता है, जिसे हाथों और पैरों पर लगाया जाता है. बिहार से लेकर ओडिशा और पश्चिम बंगाल तक हर शुभ काम में महिलाएं अपने पैर और हाथों में आलता लगाती हैं. इसे शादीशुदा होने की निशानी माना जाता है. हालांकि, कई बार कुंवारी लड़कियां भी महावर से अपने हाथों को सजाती हैं.
क्या आलता है 16 श्रृंगार का हिस्सा?
आलता ‘सोलह श्रृंगार’ का हिस्सा है. इसका लाल रंग प्यार, फर्टिलिटी और खुशहाल जिंदगी का प्रतीक है. कई समुदायों में शादी के बाद महिलाओं का आलता लगाना शुभ माना जाता है और इसे वैवाहिक पहचान से भी जोड़ा जाता है.
क्या दूल्हा लगा सकता है आलता?
हिंदू धर्म में दूल्हे के हाथ और पैरों में आलता नहीं लगता है. बस हाथों में मेहंदी रचाई जाती है, लेकि उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में शादी की रस्म के दौरान दूल्हे के रिश्तेदारों के पैरों में आलता लगाया जाता है.
विजय देवरकोंडा का मैसेज
विजय देवरकोंडा ने अपनी शादी में उंगलियों और पैरों के किनारों पर आलता लगाकर एक अलग उदाहरण पेश किया. यह कदम परंपराओं को तोड़ने से ज्यादा उन्हें नए ढंग से अपनाने जैसा था. यह शादी तेलुगु और कोडवा रिवाज के साथ पूरी हुई. शादी के दिन विजय आइवरी धोती-अंगवस्त्रम पहन नजर आए. जहां उन्होंने अपने आउटफिट के साथ कसु माला से लेकर गोलुसु ज्वेलरी कैरी की थी. इसके अलावा, वांकी और कडुक्कन के साथ विजय का लुक देखने लायक था.




