Pakistan Afghanistan War: तालिबान ने इस्लामाबाद में PMO के पास दागे ड्रोन, 55 पाक सैनिकों के मारने का दावा-TOP UPDATES
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है. तालिबान सरकार ने इस्लामाबाद में पीएम ऑफिस के पास ड्रोन हमले का दावा किया, जबकि पाकिस्तान ने ऐसे किसी हमले की पुष्टि नहीं की. दोनों देशों ने एक-दूसरे के सैन्य ठिकानों और सैनिकों को नुकसान पहुंचाने के दावे किए हैं.
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव खतरनाक स्तर पर
Pakistan Afghanistan Conflict: पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच बढ़ता तनाव अब खतरनाक मोड़ लेता दिख रहा है. अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने दावा किया है कि उसने पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में प्रधानमंत्री कार्यालय के पास ड्रोन से एयरस्ट्राइक की है. बताया जा रहा है कि हमला पाक पीएम ऑफिस से करीब 5 किलोमीटर दूर एक सैन्य ठिकाने पर किया गया, जिससे पाकिस्तान के सत्ता गलियारों में हड़कंप मच गया.
अफगानिस्तान बॉर्डर पुलिस के प्रवक्ता अब्दुल्ला फारूकी के मुताबिक, इस्लामाबाद के अलावा नौशेरा, एबटाबाद और जमरूद जैसे इलाकों में भी हमले किए गए. अफगान पक्ष का कहना है कि यह कार्रवाई पाकिस्तान द्वारा कंधार, काबुल और पक्तिका में किए गए हवाई हमलों के जवाब में की गई है. हालांकि पाकिस्तान ने इन दावों पर अभी आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है.
अफगानिस्तान और पाकिस्तान ने क्या कहा?
अफगान सुरक्षा बलों का दावा है कि हमलों में पाकिस्तान के कई अहम सैन्य ठिकानों और सुविधाओं को निशाना बनाया गया. दूसरी ओर, पाकिस्तान का कहना है कि हालिया झड़पों में उसने 133 तालिबान लड़ाकों को मार गिराया है, जबकि उसके दो सैनिक भी मारे गए हैं. वहीं, अफगानिस्तान ने 55 पाक सैनिकों को मारने का दावा किया.
पाकिस्तान-अफगानिस्तान तनाव के बड़े अपडेट्स
- पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच जारी हिंसक झड़पों के बीच अफगानिस्तान की Taliban सरकार ने कहा है कि वह इस विवाद को बातचीत के जरिए सुलझाना चाहती है. सरकार के प्रवक्ता Zabihullah Mujahid ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि काबुल बार-बार शांतिपूर्ण समाधान पर जोर देता रहा है. अब भी संवाद के रास्ते को ही सही मानता है.
- हालांकि जमीन पर हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं. अफगानिस्तान का दावा है कि पाकिस्तानी लड़ाकू विमान उसके हवाई क्षेत्र में उड़ान भर रहे हैं और कई ठिकानों पर हमले किए गए हैं. वहीं अफगान रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसने जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान के जमरूद और एबटाबाद स्थित सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया. अफगानिस्तान ने कहा कि उसने पाकिस्तान का अमेरिकी F-16 फाइटर जेट मार गिराया है. हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है.
- ब्रिटेन की गृह मंत्री Yvette Cooper ने दोनों देशों से तुरंत तनाव कम करने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है. वहीं, तुर्की के विदेश मंत्री Hakan Fidan ने पाकिस्तान, अफगानिस्तान, कतर और सऊदी अरब के नेताओं से बात कर हालात पर चर्चा की.
- इस बढ़ते संघर्ष पर चीन ने भी चिंता जताई है और दोनों देशों से संयम बरतने तथा जल्द युद्धविराम की अपील की है. चीन का कहना है कि हालात बिगड़ने से पूरे क्षेत्र की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है. इसलिए बातचीत के जरिए समाधान जरूरी है.
- पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच के बीच तनाव तब और बढ़ गया जब पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के कई शहरों, जिनमें Kabul और Kandahar शामिल हैं, पर हवाई हमले किए. पाकिस्तान ने इसे सीमा पार से हुई गोलीबारी का जवाब बताया.
- अफगानिस्तान का दावा है कि उसने पहले डूरंड लाइन पर जवाबी कार्रवाई में कई पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराया था, जिसके बाद पाकिस्तान ने बड़े पैमाने पर एयरस्ट्राइक की. Torkham बॉर्डर के पास गोलाबारी और तोपों की आवाजें सुनी गईं. लड़ाई की वजह से शरणार्थी शिविरों में भगदड़ मच गई और कई नागरिक घायल हुए.
- पाकिस्तान के रक्षा मंत्री Khawaja Asif ने कहा कि अब पाकिस्तान का 'धैर्य खत्म' हो चुका है और स्थिति खुली जंग जैसी है. प्रधानमंत्री Shehbaz Sharif ने भी चेतावनी दी कि पाकिस्तानी सेना किसी भी आक्रामक कदम को कुचलने में सक्षम है.
- ईरान ने दोनों देशों के बीच मध्यस्थता की पेशकश की है, जबकि कई देश तनाव कम करने और वार्ता शुरू करने की अपील कर रहे हैं.
कुल मिलाकर, एक तरफ अफगानिस्तान बातचीत की बात कर रहा है, वहीं दूसरी ओर लगातार हमले और जवाबी कार्रवाई से हालात युद्ध जैसे हो गए हैं. यदि जल्द कूटनीतिक समाधान नहीं निकला तो यह संघर्ष पूरे क्षेत्र की स्थिरता के लिए बड़ा खतरा बन सकता है.




