फ्लाइट में Trisha Krishnan ने लगाया शीट मास्क, जानें एयर प्लेन में लगाना कितना सेफ और किन बातों का रखें ध्यान
फ्लाइट के दौरान शीट मास्क लगाना आमतौर पर सुरक्षित माना जाता है, क्योंकि यह ड्राई केबिन एयर में त्वचा की नमी बनाए रखने में मदद करता है. हालांकि, इसे साफ हाथों से लगाएं, तय समय के बाद हटा दें.
एयर प्लेन में शीट मास्क लगाना कितना सेफ
एक्ट्रेस तृषा कृष्णन का फ्लाइट में शीट मास्क लगाए हुए वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है. ऐसे में कई लोगों के मन में सवाल उठ रहा है कि क्या एयर ट्रैवल के दौरान शीट मास्क लगाना सही होता है? दरअसल, फ्लाइट के अंदर की हवा काफी ड्राई होती है, जिससे त्वचा जल्दी रूखी और बेजान महसूस हो सकती है. ऐसे में शीट मास्क त्वचा को नमी देने में मदद कर सकता है.
हालांकि, फ्लाइट में शीट मास्क लगाना तभी सेफ माना जाता है, जब साफ-सफाई का ध्यान रखा जाए और मास्क को जरूरत से ज्यादा देर तक चेहरे पर न रखा जाए. साथ ही, अगर आपकी त्वचा सेंसेटिव है या किसी तरह की एलर्जी है, तो पहले पैच टेस्ट करना बेहतर रहता है.
क्या होता है शीट मास्क?
शीट मास्क चेहरे के शेप का एक पतला मास्क होता है, जो कपड़े, पेपर या जेल से बना होता है. इसमें पहले से ही सीरम मौजूद होता है, जिसमें त्वचा को पोषण देने वाले तत्व होते हैं. इसे चेहरे पर लगभग 15 से 20 मिनट तक लगाया जाता है, जिससे त्वचा को तुरंत नमी और ताजगी मिलती है.
क्या फ्लाइट में शीट मास्क लगाना सही है?
एक्सपर्ट के अनुसार, फ्लाइट में हाइड्रेटिंग यानी नमी देने वाला शीट मास्क लगाना सुरक्षित माना जाता है. हवाई जहाज के अंदर की हवा काफी ड्राई होती है, जिससे त्वचा का नैचुरल मॉइश्चर कम होने लगता है. ऐसे में शीट मास्क त्वचा को सूखने से बचाने और उसे मुलायम बनाए रखने में मदद कर सकता है. हालांकि, मास्क चुनते समय सावधानी जरूरी है. ऐसा मास्क चुनें जिसमें हायलूरोनिक एसिड, ग्लिसरीन, सेरामाइड, एलोवेरा या पैंथेनॉल जैसे मॉइश्चर देने वाले तत्व हों.
फ्लाइट में शीट मास्क लगाने के फायदे
लंबी यात्रा के दौरान शीट मास्क त्वचा में खोई हुई नमी वापस लाने में मदद करता है. इससे त्वचा में खिंचाव कम महसूस होता है और चेहरा ज्यादा फ्रेश दिखता है. विमान के अंदर कम नमी वाले एनवायरमेंट के कारण होने वाली ड्राईनेस भी काफी हद तक कम हो सकती है. इसके अलावा, लंबी उड़ान के बाद भी त्वचा मुलायम और आरामदायक महसूस होती है. यही कारण है कि कई लोग और सेलेब्रिटीज ट्रैवल स्किनकेयर का हिस्सा बनाकर इसका इस्तेमाल करते हैं.
शीट मास्क लगाते समय किन बातों का रखें ध्यान?
- फ्लाइट में शीट मास्क लगाने से पहले अपने हाथ अच्छी तरह साफ कर लें, ताकि चेहरे पर गंदगी या बैक्टीरिया न पहुंचें.
- मास्क को केवल उतनी ही देर रखें, जितनी देर पैक पर लिखी हो. आमतौर पर इसे 15 से 20 मिनट तक लगाना पर्याप्त होता है. ज्यादा देर तक लगाने से फायदा बढ़ने की बजाय त्वचा सूख भी सकती है.
- मास्क हटाने के बाद बचे हुए सीरम को हल्के हाथों से चेहरे पर फैला लें. इसके बाद मॉइश्चराइज़र लगाएं ताकि नमी त्वचा में बनी रहे. फ्लाइट से उतरने के बाद बाहर निकलने से पहले कम से कम SPF 30 वाला सनस्क्रीन जरूर लगाएं.
किन लोगों को शीट मास्क लगाने से बचना चाहिए?
- अगर आपकी त्वचा बहुत संवेदनशील है या आपको पहले से कोई स्किन से जुड़ी समस्या जैसे एलर्जी, रैशेज या इंफेक्शन है, तो बिना डॉक्टर की सलाह के शीट मास्क का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए.
- ऐसी कंडीशन में केवल हल्का मॉइश्चराइज़र लगाना ज्यादा सेफ ऑप्शन माना जाता है. अगर त्वचा विशेषज्ञ ने कोई स्पेशल स्किनकेयर प्रोडक्ट बताया है, तो उसी का इस्तेमाल करें.




